क्या हो रहा है?
परमेश्वर ने अभी-अभी दाऊद से प्रतिज्ञा की है कि जब वह इस्राएल के सब शत्रुओं को वश में करेगा, तब परमेश्वर उसके साथ रहेगा, और इस्राएल को उसके सब सतानेवालों से शान्ति देगा (1 इतिहास 17:8-12)। और अब परमेश्वर अपनी प्रतिज्ञाएँ पूरी करता है। दाऊद इस्राएल के सबसे प्राचीन शत्रुओं, अर्थात् पलिश्तियों, मोआब, अराम और एदोम के विरुद्ध कई निर्णायक युद्ध जीतता है (1 इतिहास 18:1-8)। इनमें से हर विजय में दाऊद को भारी मात्रा में भेंट और लूट मिलती है। दाऊद वह सब मन्दिर के निर्माण के लिए अर्पित कर देता है (1 इतिहास 18:6-13)। जैसे-जैसे दाऊद की विजयों का समाचार फैलता है, राजा उससे युद्ध किए बिना ही उसके प्रति अपनी निष्ठा प्रकट करने लगते हैं (1 इतिहास 18:9-10)। परमेश्वर को अपने साथ पाकर दाऊद अपनी प्रजा को शान्ति देता है, उनके लिए न्याय करता है, और अपने साथ शासन करने के लिए कई प्रधान अधिकारियों को नियुक्त करता है (1 इतिहास 18:14-17)।
जब दाऊद पर एक ऐसी बुराई घात लगाती है जो आत्मिक प्रतीत होती है, तब भी परमेश्वर विजय की अपनी प्रतिज्ञा निभाता है। एक पुराना मित्र, जिसका नाम अशुभ रूप से “सर्प” है, मर जाता है। सहानुभूति में दाऊद शोक मनाती जाति के पास भेंटों के साथ दूत भेजता है, परन्तु सर्प का पुत्र इसका गलत अर्थ निकालता है और दाऊद पर भेद लेने का आरोप लगाता है (1 इतिहास 19:1-4)। बदला लेने के लिए वह दाऊद के दूतों का अपमान करता है और फिर दाऊद को मिटा देने के लिए अराम जाति से गठबंधन कर लेता है (1 इतिहास 19:6-7)। कोई और उपाय न देखकर दाऊद अपने सेनापतियों योआब और अबीशै को उनसे युद्ध करने भेजता है। वे तुरन्त घेर लिए जाते हैं। परन्तु परमेश्वर की सहायता से इस्राएल अपने शत्रुओं के गठबंधन को कुचल देता है और उनकी संयुक्त सेनाओं को पीछे खदेड़ देता है (1 इतिहास 19:8-19)। अगले वसन्त में दाऊद सर्प के पुत्र की बची हुई सेनाओं को हरा देता है, उसके मुकुट को अपने सिर पर रखता है, और विजयी होकर यरूशलेम लौटता है (1 इतिहास 20:1-3)।
जब दाऊद पलिश्तियों से लड़ता है, तब भी परमेश्वर विजय और शान्ति देने की अपनी प्रतिज्ञा निभाता है। पूरे पवित्रशास्त्र में पलिश्ती इस्राएल के राजाओं की योग्यता की कसौटी थे। पलिश्ती योद्धा गोलियत के विरुद्ध ही दाऊद ने प्रमाणित किया था कि वह परमेश्वर का चुना हुआ राजा है (1 शमूएल 16-17)। और पलिश्तियों ने ही इस्राएल के पहले राजा शाऊल की अयोग्यता को भी प्रकट किया था (1 इतिहास 10:1-14)। परन्तु परमेश्वर दाऊद के साथ है और वह इन शत्रुओं पर विजय पाता है। दाऊद का एक सैनिक तो युद्ध में गोलियत के भाई को भी मार गिराता है (1 इतिहास 20:4-8)। अपनी प्रतिज्ञा के अनुसार परमेश्वर दाऊद के साथ है, और दाऊद इस्राएल के सब शत्रुओं को वश में कर लेता है।
सुसमाचार कहाँ है?
बहुत पहले अदन की वाटिका में परमेश्वर ने हव्वा से प्रतिज्ञा की थी कि उसका एक पुत्र सर्प को कुचलेगा। और इतिहास की ये विजय-गाथाएँ हमें दिखाती हैं कि हव्वा का पुत्र दाऊद, “सर्प” नामक एक व्यक्ति के पुत्र को कुचल रहा है। यह विजय प्रतीकात्मक है। परमेश्वर केवल दाऊद से की गई प्रतिज्ञाओं को ही पूरा नहीं कर रहा, बल्कि सारी मानवजाति से की गई अपनी सबसे प्राचीन प्रतिज्ञाओं को भी पूरा करना आरम्भ कर रहा है। दाऊद की विजय एक नमूना ठहराती है। शीघ्र ही हव्वा का एक और पुत्र सारे जगत के अन्तिम राजा के रूप में सिंहासन पर बैठेगा, और वह सर्प को प्रतीकात्मक रूप से नहीं, बल्कि पूरी तरह और सदा के लिए कुचल देगा।
वह राजा दाऊद का पुत्र यीशु है। जैसा परमेश्वर ने उसके पूर्वज दाऊद से प्रतिज्ञा की थी, यीशु हमारे सब शत्रुओं को वश में करने और कुचले हुओं को छुड़ाने के लिए आया (मत्ती 3:2; यूहन्ना 18:36; लूका 4:18-19)। अपने पिता दाऊद के समान यीशु भी हमारे सबसे प्राचीन शत्रुओं, अर्थात् शैतान, पाप और मृत्यु के विरुद्ध युद्ध में निकला है और उन सब को हरा दिया है। उसने यह युद्ध के मैदान में लड़ाई जीतकर नहीं, बल्कि मरकर और मरे हुओं में से जी उठकर किया (कुलुस्सियों 2:15; 1 कुरिन्थियों 15:26)। न कोई शासन, न कोई दण्ड, और न कोई आत्मिक शक्ति राजा यीशु को हानि पहुँचा सकती है या अन्ततः उसकी प्रजा को मार डाल सकती है। दाऊद का पुत्र यीशु, हमारे शत्रुओं को हराने और हमें हमारे सतानेवालों से सदा के लिए शान्ति देने की परमेश्वर की सारी प्रतिज्ञाओं को पूरा करता है।
स्वयं देखिए
मेरी प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो विजय की प्रतिज्ञा करता है। और आप यीशु को हमारे सबसे शक्तिशाली शत्रुओं, अर्थात् मृत्यु, पाप और सर्प पर अनन्तकाल के विजेता के रूप में देखें।

