क्या हो रहा है?
परमेश्वर ने अब्राहम से प्रतिज्ञा की थी कि उसके वंशज आकाश के तारों से भी अधिक होंगे और एक अनन्त निज देश के अधिकारी होंगे (उत्पत्ति 15:18-21)। भजन संहिता 105 का यह गीत अब्राहम के परिवार के पूरे इतिहास में परमेश्वर की विश्वासयोग्यता का वर्णन करता है। यह परमेश्वर के लोगों और सारे संसार को अब्राहम के परमेश्वर की स्तुति करने के लिए बुलाता है (भजन संहिता 105:1-8)। अब्राहम के जीवन के आरम्भिक दिनों में परमेश्वर ने अपने चुने हुए परिवार की चौकसी और रक्षा की। उस समय वे केवल मुट्ठी भर असुरक्षित बंजारे थे, जो पराए देशों में भटकते फिरते थे और शक्तिशाली राजाओं की दया पर निर्भर थे (भजन संहिता 105:12-15)। जब अकाल और भुखमरी ने अब्राहम के परिवार को संकट में डाल दिया, तब परमेश्वर ने उनके भरण-पोषण के लिए यूसुफ को भेजा (भजन संहिता 105:16-17)। और जब यूसुफ बन्दीगृह में डाला गया, तब परमेश्वर ने आश्चर्यजनक रीति से उसे छुड़ाया और मिस्र में उसे अधिकार का पद दिया (भजन संहिता 105:18-22)। समय बीतने के साथ परमेश्वर का परिवार बढ़ता गया। परन्तु मिस्र ने इसे अपने लिए खतरा समझा। वह यूसुफ के किए हुए भले कामों को भूल गया और परमेश्वर के बढ़ते हुए परिवार को सताने और दास बनाने लगा। फिर भी यह सब परमेश्वर को अब्राहम से की गई अपनी प्रतिज्ञा पूरी करने से, अर्थात् उन्हें उनका निज देश देने से, रोक न सका (भजन संहिता 105:23-25)। जैसे उसने यूसुफ को खड़ा किया था, वैसे ही परमेश्वर ने एक और अगुवा खड़ा किया। इस बार उसका काम मिस्र की सत्ता का सामना करना था। परमेश्वर की सामर्थ्य के अनेक चिन्हों के द्वारा उन्होंने परमेश्वर के बन्दी लोगों को छुड़ाया और उन पर अन्धेर करनेवालों को पराजित किया (भजन संहिता 105:26-36)। फिर परमेश्वर ने अपने परिवार के हाथों को मिस्र के धन से भर दिया और उन्हें सुरक्षित रूप से उनके प्रतिज्ञा किए हुए देश में पहुँचाया। वहाँ वे दासत्व या सताव के भय के बिना परमेश्वर की आराधना कर सकते थे और उसकी आज्ञाओं का पालन कर सकते थे (भजन संहिता 105:37-41, 44-45)। परमेश्वर ने अब्राहम से जो कुछ करने की प्रतिज्ञा की थी, वह सब उसने पूरा किया। अब्राहम के परिवार के इतिहास में परमेश्वर विश्वासयोग्य रहा है। इसलिए अब्राहम की सन्तान और सारा संसार इस्राएल के परमेश्वर की विश्वासयोग्यता को पहचानें और उसका आनन्द मनाएँ (भजन संहिता 105:42-43, 1-5)।
सुसमाचार कहाँ है?
परमेश्वर ने अब्राहम से प्रतिज्ञा की थी कि उसके वंशज आकाश के तारों से भी अधिक होंगे और एक अनन्त निज देश के अधिकारी होंगे (उत्पत्ति 15:18-21)। परमेश्वर अब्राहम के प्रति विश्वासयोग्य रहा। उसका परिवार बहुत बढ़ गया और कुछ समय तक कनान में रहा। फिर भी अनगिनत वंशजों और अनन्त निज देश की परमेश्वर की प्रतिज्ञा अन्ततः अब्राहम के परम वंशज यीशु के द्वारा ही पूरी होती है।
अपने पूर्वजों के समान यीशु भी पृथ्वी पर एक असुरक्षित बंजारे के रूप में भटकता फिरा। और यूसुफ के समान, सत्ता में बैठे शासकों ने उस पर अत्याचार किया और उसके साथ दुर्व्यवहार किया। परन्तु यीशु के द्वारा परमेश्वर ने उस छुटकारे से भी बड़ा छुटकारा दिया, जो उसने मिस्र में अपनी सताई हुई सन्तान के लिए किया था। जब यीशु को क्रूस पर चढ़ाकर मार डालने का दण्ड सुनाया गया, तब वह युद्ध की ओर बढ़ रहा था। वह अपने लोगों को परमेश्वर के लोगों के परम शत्रु, अर्थात् स्वयं मृत्यु, के दासत्व से बचाने जा रहा था (इब्रानियों 2:14-15)। परमेश्वर की सामर्थ्य और छुटकारे का चिन्ह यीशु का मरे हुओं में से जी उठना था (यूहन्ना 12:32)। अब्राहम के सबसे महान पुत्र यीशु ने मृत्यु तक अपना प्राण उण्डेल दिया। इसके द्वारा उसने अपने लोगों के लिए सारे संसार को निज देश के रूप में प्राप्त कर लिया (प्रकाशितवाक्य 5:9)। वह मरे हुओं में से जी उठा, ताकि वह संसार के सब राजाओं और अधिकारियों के ऊपर शासक के रूप में ऊँचा किया जाए और उन सब को स्वतंत्र करे जो मृत्यु के बन्धन में थे (फिलिप्पियों 2:8-11; इब्रानियों 2:15)। अब हर वह व्यक्ति अब्राहम के परिवार का सदस्य है, जो यह विश्वास करता है कि यीशु के पुनरुत्थान ने उसके लोगों के लिए अनन्त निज देश प्राप्त कर लिया है (गलातियों 3:7)।
यीशु अब्राहम का वह पुत्र है, जो सब प्रधानताओं और राज्यों के ऊपर परमेश्वर के सिंहासन पर विराजमान है (इफिसियों 1:20-21)। और क्योंकि परमेश्वर अब्राहम के प्रति विश्वासयोग्य है, यीशु अपने परिवार को वह अनन्त निज देश देगा जिसकी उसने प्रतिज्ञा की है। यीशु अपने राज्य और अपने लोगों को अपनी मीरास के रूप में लेने के लिए लौटेगा। तब सारा संसार यीशु को दे दिया जाएगा, और हर कुल और जाति में से अनगिनत लोग उसका जयजयकार करेंगे (प्रकाशितवाक्य 7:9-10; 11:15)।
स्वयं देखिए
मेरी प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जिसने अब्राहम से की गई अपनी प्रतिज्ञा पूरी की है। और आप यीशु को अब्राहम के सबसे महान पुत्र के रूप में देखें, जिसने अपने चुने हुए लोगों को सारा संसार देने की प्रतिज्ञा की है।

