क्या हो रहा है?
यह भजन मनुष्यों की टेढ़ी और छल भरी बातों की तुलना परमेश्वर के शुद्ध और सच्चे वचनों से करता है।
दाऊद को ऐसा लगता है मानो वह सदोम और अमोरा में रह रहा हो, जहाँ एक भी भला व्यक्ति नहीं मिल सका (भजन संहिता 12:1; उत्पत्ति 18:32)। दाऊद झूठ बोलनेवालों, अपनी बड़ाई करनेवालों और कपटी मन वाले शत्रुओं से घिरा हुआ है (भजन संहिता 12:2)। ये दुष्ट लोग अपना मतलब निकालने के लिए दीन और दरिद्र लोगों से झूठ बोलते हैं (भजन संहिता 12:5क)। वे इतने घमण्डी हैं कि उन्हें यह भी भरोसा है कि वे अपनी बातों के बल पर परमेश्वर के न्याय से बच निकलेंगे (भजन संहिता 12:4)।
परन्तु दाऊद जानता है कि परमेश्वर उठेगा, झूठ बोलनेवालों का न्याय करेगा, और दीन और दरिद्र लोगों को छुड़ाएगा (भजन संहिता 12:5)। जहाँ मनुष्यों की बातों में छिपे स्वार्थ और दोगलापन मिला होता है, वहीं परमेश्वर के वचन त्रुटिहीन हैं (भजन संहिता 12:6)। जहाँ मनुष्यों के मुँह कुछ न करने के लिए सदा कोई न कोई बहाना ढूँढ़ ही लेते हैं, वहीं हमारी रक्षा करने की परमेश्वर की प्रतिज्ञा इतनी पक्की है मानो वह पूरी हो ही चुकी हो (भजन संहिता 12:7)।
दाऊद के अंतिम शब्द भरोसे से भरे हैं। हमें परमेश्वर के वचनों को मनुष्यों की उन बातों के समान नहीं समझना है जिनमें बच निकलने के रास्ते भरे होते हैं। परमेश्वर के शुद्ध और सच्चे वचन मनुष्यों के झूठ और छल को नष्ट कर देंगे (भजन संहिता 12:8)।
सुसमाचार कहाँ है?
जब नया नियम परमेश्वर के वचन पर विचार करता है, तो वह कहता है, “पूर्व युग में परमेश्वर ने पूर्वजों से थोड़ा-थोड़ा करके और भाँति-भाँति से भविष्यद्वक्ताओं के द्वारा बातें कीं” (इब्रानियों 1:1)। परमेश्वर की शुद्ध वाणी और उसके वचन दाऊद जैसे लोगों के द्वारा हम तक पहुँचे। परन्तु यह पद आगे कहता है कि उसने “इन अन्तिम दिनों में हम से पुत्र के द्वारा बातें कीं” (इब्रानियों 1:2)।
यीशु देहधारी परमेश्वर का वचन है (यूहन्ना 1:1)। परमेश्वर के बोले हुए वचन की सारी विश्वसनीयता और शुद्धता यीशु में सिद्ध रीति से प्रकट होती है। अपने जीवनकाल में यीशु ने बार-बार फरीसियों की कपटी जीभ को उजागर किया, और साथ ही दीनों के अधिकारों की रक्षा की (लूका 20:46-47)।
आखिरकार यीशु के शत्रुओं की दुष्ट बातों ने उसे भी घेर लिया, ठीक वैसे ही जैसे उन्होंने दाऊद को घेरा था। फरीसियों को लगा कि जब यीशु ने स्वयं को परमेश्वर कहा, तो वह झूठ बोल रहा था (यूहन्ना 8:58)। इसलिए उन्होंने स्वयं झूठ गढ़े (यूहन्ना 18:33-34)। यीशु पर एक दिखावटी मुकद्दमा चलाया गया, जो गढ़े हुए सबूतों और झूठे गवाहों से भरा था (मत्ती 26:59-60)। न्यायी होकर भी पिलातुस ने यह तक नकार दिया कि इस मामले में सत्य का कोई महत्त्व है (यूहन्ना 18:38)। यीशु झूठ और दुष्ट बातों से घिरा हुआ मरा।
परन्तु परमेश्वर ने फरीसियों के छल का उपयोग यह प्रमाणित करने के लिए किया कि यीशु वास्तव में कौन है। यीशु उनकी बातों के कारण मरा, परन्तु देहधारी वचन कब्र में से जी उठा। इसमें कोई छिपी हुई शर्त नहीं है। परमेश्वर का झूठा ठहरना अनहोना है (इब्रानियों 6:18)। यदि हम यीशु के सच्चे वचनों पर भरोसा करते हैं, तो हमारे विरुद्ध बोली गई कोई भी झूठी बात अन्ततः कभी सफल नहीं होगी। परमेश्वर सच्चा है—और हर एक मनुष्य झूठा (रोमियों 3:4)।
स्वयं देखिए
मेरी प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जिसके वचन सिद्ध और सदा सच्चे हैं। और आप यीशु को परमेश्वर के देहधारी वचन के रूप में देखें, जो हमें हमारे शत्रुओं के झूठ से छुड़ाता है।

