क्या हो रहा है?
भजन संहिता 48 उन तीर्थयात्रियों का गीत है जो परमेश्वर का अनुभव करने की लालसा लेकर यरूशलेम जा रहे हैं। नगर के निकट पहुँचते ही वे उसकी बनावट में परमेश्वर की शक्ति और वैभव देखते हैं (भजन संहिता 48:1)। उसके अनेक गुम्मट, विशाल शहरपनाह और गढ़ यरूशलेम को अभेद्य और अजेय बना देते हैं (भजन संहिता 48:12-13)। इसे देखकर परमेश्वर के तीर्थयात्री उसकी सामर्थ्य का उत्सव मनाते हैं और इस आनन्द में विश्राम पाते हैं कि वे अजेय सुरक्षा में हैं (भजन संहिता 48:1-3)।
इतनी अजेयता के बावजूद शत्रु परमेश्वर के नगर पर आक्रमण करने के लिए इकट्ठे होते हैं। परन्तु उसे देखते ही वे भय के मारे अवाक् रह जाते हैं (भजन संहिता 48:4-5)। परमेश्वर के गढ़ उनके सामने ऊँचे खड़े हैं। परमेश्वर की विशाल रक्षात्मक इमारतों को देखना ही उन्हें एक भीषण हमले जैसा लगता है। अपने नगर में परमेश्वर की उपस्थिति के कारण वे सुन्न हो जाते हैं, और परमेश्वर के तलवार उठाए बिना ही नष्ट हो जाते हैं। यरूशलेम पर एक दृष्टि ही उन्हें समुद्र में टूटे जहाजों के समान नष्ट कर देती है (भजन संहिता 48:6-7)। जब परमेश्वर ऐसा है, तो उसके नगर के नागरिक निश्चय ही सदा सुरक्षित रहेंगे (भजन संहिता 48:8)।
जब तीर्थयात्री अन्ततः नगर के मध्य में प्रवेश करते हैं, तो एक मन्दिर उनका स्वागत करता है, जहाँ वे परमेश्वर की नाश करने वाली सामर्थ्य का नहीं, बल्कि परमेश्वर के हृदय का अनुभव करते हैं। मन्दिर के भीतर परमेश्वर की प्रेममयी उपस्थिति अपने लोगों के साथ वास करती है। वे परमेश्वर की नैतिक पवित्रता देखते हैं, उसके प्रेम पर ध्यान करते हैं, उसकी दया का आनन्द लेते हैं, उसकी बुद्धि से प्रसन्न होते हैं और उसकी महिमा का अनुभव करते हैं (भजन संहिता 48:9-10)।
फिर भजनकार अपने पाठकों को आमंत्रित करता है कि वे भी उन्हीं तीर्थयात्रियों के समान बनें जिनका उसने वर्णन किया है। वे आएँ और परमेश्वर की प्रकट शक्ति और सुन्दरता को अपनी आँखों से देखें, क्योंकि उसका पहाड़ी नगर खोजे जाने की प्रतीक्षा में है (भजन संहिता 48:12-13)। और एक अच्छे मार्गदर्शक के समान, परमेश्वर हर पीढ़ी के तीर्थयात्रियों का स्वागत करेगा, ताकि वे सदा के लिए उसकी महिमा और उसके नगर को देखें और अनुभव करें (भजन संहिता 48:14)।
सुसमाचार कहाँ है?
प्रकाशितवाक्य की पुस्तक में एक और तीर्थयात्री, प्रेरित यूहन्ना, को आकर एक नये यरूशलेम को निहारने का निमंत्रण मिलता है। परन्तु उस सुन्दर दृश्य को देखने से ठीक पहले, परमेश्वर के शत्रु उसके नगर को घेरने के लिए इकट्ठे होते हैं। परन्तु इस भजन के समान, वे पराजित होकर पूरी तरह नष्ट कर दिए जाते हैं (प्रकाशितवाक्य 20:9)। परमेश्वर उन्हें नगर के फाटकों तक पहुँचने नहीं देता, परन्तु यूहन्ना का खुली बाँहों से स्वागत करता है। पहले यरूशलेम के समान, इसकी माप, शहरपनाह, फाटक, नींवें, सोना और रत्न, ये सब परमेश्वर की सुन्दरता, न्याय और सुरक्षा की गवाही देते हैं (प्रकाशितवाक्य 21:12-21)।
परन्तु पुराने यरूशलेम के विपरीत, इस नये यरूशलेम में कोई मन्दिर नहीं है जहाँ तीर्थयात्री परमेश्वर की उपस्थिति में प्रवेश करके उसके प्रेम का अनुभव कर सकें। इसका कारण यह है कि यीशु ही नये यरूशलेम का मन्दिर है (प्रकाशितवाक्य 21:22)। नये यरूशलेम के केन्द्र में कोई इमारत नहीं, बल्कि स्वयं परमेश्वर है, जो खोजे जाने की प्रतीक्षा में है! और इस नये नगर के नागरिक होने के नाते हमें परमेश्वर के हृदय के हर पहलू को अपनी आँखों से निहारने का सौभाग्य मिलेगा (कुलुस्सियों 1:15)। परमेश्वर की सारी सुन्दरता और बल यीशु के पूर्ण तेज में चमकते हैं (इब्रानियों 1:3)। यीशु ही परमेश्वर का न्याय, परमेश्वर का प्रेम, परमेश्वर की दया, परमेश्वर की बुद्धि, परमेश्वर की सामर्थ्य और परमेश्वर की महिमा है (2 कुरिन्थियों 5:21; रोमियों 5:8; तीतुस 3:4-5; 1 कुरिन्थियों 1:24; यूहन्ना 1:14)। और हम सदा-सर्वदा उसे खोजते और उसका आनन्द लेते रहेंगे।
स्वयं देखिए
मेरी प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप परमेश्वर और उसके नगर को देख सकें। और आप यीशु को परमेश्वर की दृश्यमान शक्ति और सुन्दरता के रूप में देखें, जिसमें हम परमेश्वर की उपस्थिति का अनुभव करते हैं।

