क्या हो रहा है?
भजन संहिता 49 हमारे सामने एक पहेली रखता है, जिसका उत्तर वह स्वयं कभी नहीं देता। वह पूछता है: कौन-सी वस्तु हमें मोल देकर अधोलोक से छुड़ा सकती है?
यह एक ऐसी पहेली है जिसका उत्तर देर-सवेर हर मनुष्य को देना ही पड़ता है (भजन संहिता 49:1-2)। धनवान सोचते हैं कि इसका उत्तर धन है। वे मान लेते हैं कि धन-सम्पत्ति पीड़ा, मृत्यु और सड़ाहट की अनिवार्यता को कम कर सकती है (भजन संहिता 49:12-13)। परन्तु वे घोर भूल में हैं (भजन संहिता 49:5-6)। मनुष्य के प्राण का मूल्य रुपयों-पैसों में नहीं आँका जाता, इसलिए कोई भी घूस देकर आती हुई मृत्यु से नहीं बच सकता (भजन संहिता 49:7-8)। धन देकर सड़ाहट से पीछा नहीं छुड़ाया जा सकता।
यदि धनवान मोल देकर अपने आप को मृत्यु से छुड़ा सकते, तो वे सदा जीवित रहते। परन्तु सच्चाई यह है कि वे भी उन पशुओं के समान मर जाते हैं जिनके पास कुछ भी धन नहीं होता (भजन संहिता 49:12, 20)। धनवान समझते हैं कि पृथ्वी पर का धन मानो एक बयाना है, जो मृत्यु के बाद भी परमेश्वर की आशीष की गारंटी देता है। वे मन ही मन कहते हैं, “परमेश्वर मेरे प्राण को अधोलोक से छुड़ा लेगा!” (भजन संहिता 49:15)। परन्तु कैसी कड़वी विडम्बना है कि यही झूठा भरोसा उनके पतन का कारण बनता है।
उनका जमानतदार और चरवाहा परमेश्वर नहीं, बल्कि मृत्यु है। और मृत्यु उन घमण्डी धनवानों को बहकाकर सड़ाहट की एक स्थायी चराई की ओर ले जा रही है (भजन संहिता 49:14)। चाहे अभी वे भवनों को अपने नाम से पुकारें, फिर भी वे उनमें बसे नहीं रहेंगे। वे कब्र में सड़ जाएँगे, और जिन घरों को उन्होंने अपने लिए बटोरकर रखा था, वे दूसरों के हाथ लगेंगे (भजन संहिता 49:10-11)। मृत्यु से बचाव धन में नहीं है, चाहे धनवान ऐसा ही क्यों न मानें (भजन संहिता 49:8-9)। पहेली “कौन-सी वस्तु हमें मोल देकर अधोलोक से छुड़ा सकती है?” वैसी ही बनी रहती है। और इस भजन के अन्त में हम निश्चित रूप से बस इतना ही जानते हैं कि उसका उत्तर धन नहीं है।
सुसमाचार कहाँ है?
यीशु भजन संहिता 49 की पहेली को दूसरे शब्दों में इस प्रकार रखता है: “मनुष्य अपने प्राण के बदले में क्या देगा?” (मत्ती 16:26)। वह एक धनी मूर्ख का दृष्टान्त सुनाता है, जो भरोसा करता है कि उसका धन उसे लम्बा जीवन देगा (लूका 12:18-19)। और जैसा होना ही था, जब मृत्यु उसका प्राण माँगती है, तब उसका धन उसे बचा नहीं पाता। जो कुछ उसने अपने लिए बटोरा था, वह दूसरों को मिल जाता है, और वह खाली हाथ मृत्यु की ओर चला जाता है (लूका 12:20)।
यीशु बताता है कि किसी का जीवन उसकी सम्पत्ति की बहुतायत से नहीं होता (लूका 12:15)। मनुष्य का जीवन परमेश्वर की बहुतायत से आता है। केवल परमेश्वर ही वह मूल्य चुका सकता है जो मृत्यु की माँग को पूरा करे। यीशु में हमें इस पहेली का उत्तर मिलता है, क्योंकि वह लोगों को अधोलोक से छुड़ाने के लिए स्वयं को मूल्य के रूप में अर्पित करता है (इब्रानियों 9:14)। यीशु की मृत्यु के द्वारा परमेश्वर अपने लोगों को मोल लेकर अधोलोक से छुड़ाता है, सोने या चाँदी जैसे धन से नहीं, बल्कि अपने ही लहू से (1 पतरस 1:18-19)। केवल यीशु ही वह मूल्य है जिस पर मृत्यु का कोई बस नहीं चलता—यह प्रमाणित हो चुका है!
यीशु वह अच्छा चरवाहा भी है, जो अपनी भेड़ों को कब्र की ओर नहीं ले जाता, बल्कि उनके स्थान पर स्वयं कब्र में जाता है (यूहन्ना 10:15,17)। परन्तु मृत्यु इतनी दुर्बल चरवाहा निकली कि वह यीशु को अपने बाड़े में बन्द न रख सकी (प्रेरितों के काम 2:24)। यीशु कब्र में से जी उठा, और जो यीशु पर भरोसा रखते हैं, उन्हें चिन्ता करने की आवश्यकता नहीं कि मृत्यु उनसे ऐसा मूल्य माँगेगी जिसे वे चुका न सकें। यीशु ने मृत्यु की चरवाही लाठी के अँकुड़े को शक्तिहीन कर दिया है। और जितने यीशु के चुकाए हुए मूल्य पर अपना भरोसा टिकाते हैं, उनके लिए निश्चित है कि वे भी उसी के समान कब्र से बाहर निकल आएँगे। और एक अच्छे चरवाहे के समान यीशु हमें परमेश्वर के उस अनन्त घर में ले आता है, जो कभी दूसरों को नहीं सौंपा जाएगा, बल्कि सदा के लिए हमारा रहेगा (2 कुरिन्थियों 5:1)।
स्वयं देखिए
मेरी प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो मृत्यु की पहेली का उत्तर देता है। और आप यीशु को उस चरवाहे के रूप में देखें, जो मोल देकर अपनी भेड़ों को मृत्यु की सड़ाहट से छुड़ाता है और उन्हें अनन्त जीवन की ओर ले चलता है।

