क्या हो रहा है?
हम ठीक-ठीक नहीं जानते कि किन परिस्थितियों में दाऊद ने यह प्रार्थना लिखी। पर संभव है कि इस्राएल किसी भयंकर अकाल जैसी विपत्ति से गुज़र रहा था (भजन संहिता 4:1)। ऐसा लगता है कि इसके उत्तर में बहुत से इस्राएली झूठे देवताओं और मूर्तियों के आगे बलि चढ़ाने लगे। वे प्रार्थना करते थे कि ये देवता सूखा रोक दें और वर्षा बरसाएँ (भजन संहिता 4:2)।
झूठे देवताओं को पूजनेवाले ये लोग अपनी समस्या सुलझाने के लिए किसी भी व्यक्ति, किसी भी धर्म या किसी भी उपाय की ओर ताकते हैं। दाऊद उनका ऐसा चित्र खींचता है मानो वे अपनी निष्ठा हर उस व्यक्ति के हाथ बेच देते हैं जो उनके इस प्रश्न का ठीक-ठाक उत्तर दे सके: “कौन हमको कुछ भलाई दिखाएगा?” (भजन संहिता 4:6)।
परन्तु अकाल के प्रति दाऊद का उत्तर अलग है। वह इस्राएल को बुलाता है कि वे चुपचाप रहें, विश्राम करें और एकमात्र सच्चे परमेश्वर का भय मानें (भजन संहिता 4:4)। बाकी सब लोग अपने कामों और झूठे देवताओं को बलि चढ़ाकर अपनी समस्याएँ सुलझाने के लिए इधर-उधर भाग-दौड़ कर रहे होंगे। पर दाऊद कहता है कि वह शान्ति से लेट जाएगा और सो जाएगा, क्योंकि वह परमेश्वर पर भरोसा रखता है (भजन संहिता 4:8)।
उथल-पुथल के समय में भी दाऊद को विश्राम मिलता है। घटी के समय में भी उसे भरपूरी मिलती है। चाहे दाऊद और उसके लोगों को भोजन की कमी झेलनी पड़े, चाहे उनकी सामग्री घटती जाए और रोज़मर्रा की ज़रूरतों का अभाव हो, फिर भी वह परमेश्वर पर भरोसा रखता है। इसी कारण दाऊद कह सकता है कि अकाल में परमेश्वर के साथ रहते हुए उसे उन लोगों से अधिक आनन्द है, जो परमेश्वर के बिना भरपूर भोज में बैठे हैं (भजन संहिता 4:7)। मूर्तियों के साथ धनी होने से दाऊद सच्चे परमेश्वर के साथ निर्धन रहना अधिक पसन्द करता है।
सुसमाचार कहाँ है?
हमारा संसार आज भी झूठे देवताओं से भरा है। वे हमारे सामने आनेवाले हर आधुनिक अकाल का समाधान देने का दावा करते हैं। उस स्थिति के बारे में सोचिए जिसे लोग जीवन का निजी सूखा कहते हैं। ऐसे समय में जीवन का सारा उद्देश्य, आनन्द, अवसर और मित्र मानो सूख जाते हैं। तब किसी भी ऐसे व्यक्ति की ओर मुड़ जाना बहुत आसान होता है जो हमें “कुछ भलाई दिखा” सके।
चाहे वह आत्म-खोज की निजी यात्रा हो, यौन प्रयोग हो, या धार्मिक विश्वास को पूरी तरह छोड़ देना हो, ऐसे झूठे देवताओं की कोई कमी नहीं जो दावा करते हैं कि वे हमें सुखी कर सकते हैं।
स्पष्ट समस्या यह है कि भजन संहिता 4 के लोगों द्वारा पूजी जानेवाली मूर्तियों के समान ये भी नकली और शक्तिहीन हैं। हमें कुछ ऐसा चाहिए जो सच्चा और वास्तविक हो। इसीलिए दाऊद ने माँगा कि वह परमेश्वर का मुख देखे, उसकी निकटता का अनुभव करे और उसकी उपस्थिति को जाने (भजन संहिता 4:6ख)।
शुभ समाचार यह है कि यीशु को परमेश्वर के मुख का प्रकाश कहा गया है (2 कुरिन्थियों 4:6)। केवल यीशु ही स्वयं को सचमुच परमेश्वर प्रमाणित करता है। वह किसी काल्पनिक देवता या मूर्ति का चित्र नहीं है। यीशु परमेश्वर का ठीक-ठीक प्रतिरूप है (कुलुस्सियों 1:15)।
यीशु इसे प्रमाणित करता है। वह एक ऐसे अकाल से होकर गया जिसे कोई मनुष्य झेलकर जीवित नहीं रह सकता, अर्थात् कब्र का सूखा। जब यीशु कब्र में सोने के लिए लेट गया, तब परमेश्वर ने उसे मरे हुओं में से जिलाकर निश्चिन्त रहने दिया (प्रेरितों के काम 13:34)।
जब हमारे जीवन में शारीरिक या निजी अकाल आते हैं, तो हमें उनका हल ढूँढ़ने के लिए परिश्रम और कठोर मेहनत करने की आवश्यकता नहीं। हम यह जानकर विश्राम पा सकते हैं कि यदि परमेश्वर कब्र पर विजय पा सकता है, तो वह किसी भी बात पर विजय पा सकता है। जब हम उस पर विश्राम करते हैं जो यीशु ने हमारे लिए किया है, तब परिस्थितियाँ बुरी होने पर भी हम आनन्दित रह सकते हैं।
स्वयं देखिए
मेरी प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा आपको ऐसी आँखें दे जिनसे आप उस परमेश्वर को देख सकें जो अकेला ही हमारे जीवन के अकालों का समाधान कर सकता है। और आप यीशु को उस एकमात्र जन के रूप में देखें जो हमें, हम चाहे किसी भी सूखे में हों, उससे बाहर निकाल सकता है। वह यह इस शुभ समाचार के द्वारा करता है कि उसने क्रूस पर हमारे लिए क्या किया है।


