क्या हो रहा है?
वर्षों पहले एलिय्याह ने भविष्यद्वाणी की थी कि उत्तर में इस्राएल, दक्षिण में यहूदा, और उनके साझा शत्रु अराम, तीनों में सत्ता का नाटकीय परिवर्तन होगा (1 राजाओं 19:15-17)। एक नया राजा अराम के पुराने राजा का सोते समय गला घोंट देता है, और परमेश्वर की प्रजा के विरुद्ध एक क्रूर अभियान आरम्भ करता है (2 राजाओं 8:15, 12)। इस बीच इस्राएल और यहूदा पर अहाब और ईजेबेल के वफ़ादार लोग राज्य कर रहे हैं। अहाब और ईजेबेल वही पुराने राजा और रानी थे जिन्होंने परमेश्वर के भविष्यद्वक्ताओं की हत्या की थी और परमेश्वर की आराधना के स्थान पर बाल की उपासना चला दी थी (2 राजाओं 8:18, 27)।
परन्तु जैसा एलिय्याह ने भविष्यद्वाणी की थी, एलीशा येहू का अभिषेक करता है कि वह इस्राएल का नया अगुवा बने। वह उसे "मसीह" कहता है (2 राजाओं 9:6)। मसीह परमेश्वर की प्रजा के लिए चुना हुआ उद्धारकर्ता होता है। इस शब्द का शाब्दिक अर्थ है "अभिषिक्त जन।" येहू का अभिषेक इसलिए हुआ है कि वह अहाब के घराने द्वारा बहाए गए लहू का पलटा ले (2 राजाओं 9:7-8), और वह ईजेबेल को कुत्तों का भोजन बना देगा (2 राजाओं 9:10)। उत्तरी राज्य के राजाओं में केवल येहू का ही अभिषेक हुआ, और जब लोग यह सुनते हैं तो वे अपने वस्त्र उसके पैरों के नीचे बिछाकर उसे राजा घोषित करते हैं (2 राजाओं 9:13)।
फिर येहू अहाब की विरासत और मूर्तिपूजा के विरुद्ध विनाश के सात कार्य आरम्भ करता है। भूमि के उसी टुकड़े पर, जहाँ अहाब और ईजेबेल ने दाख की बारी के लिए नाबोत की हत्या करवाई थी, इस्राएल और यहूदा दोनों के अहाबवंशी राजा मारे जाते हैं (2 राजाओं 9:24, 27)। जब येहू ईजेबेल के पास पहुँचता है, तो उसके सेवक उसे उसके ऊँचे गुम्मट से नीचे गिरा देते हैं। वह घोड़ों से रौंदी जाती है, और कुत्ते उसे खाकर आस-पास के खेतों में मल के रूप में बिखेर देते हैं (2 राजाओं 9:36-37)। एलिय्याह की भविष्यद्वाणी फिर से पूरी हुई है; अहाब का वंश घटता जा रहा है।
अहाब के बचे हुए वंशज शोमरोन में इकट्ठे हैं (2 राजाओं 10:1)। येहू नगर के प्रधानों को पत्र भेजकर उन्हें उकसाता है कि वे अहाब के पुत्रों में से किसी को राजगद्दी पर बिठाएँ (2 राजाओं 10:3)। प्रधान इसे छिपी हुई धमकी समझते हैं और ज़ोर देकर कहते हैं कि वे अहाब के नहीं, बल्कि येहू के प्रति वफ़ादार हैं (2 राजाओं 10:4)। तब येहू माँग करता है कि वे अहाब के पुत्रों के प्रमुखों को (परन्तु वह "सिर" शब्द का प्रयोग करता है) यिज्रेल ले आएँ (2 राजाओं 10:6)। प्रधान इस सन्देश का शाब्दिक अर्थ लेते हैं, और अहाब के 70 पुत्रों के सिर काट डालते हैं (2 राजाओं 10:7)। जैसा एलिय्याह ने पहले से कहा था, येहू शोमरोन में अहाब के हर वफ़ादार को मिटा डालता है (2 राजाओं 10:17)।
विनाश का सातवाँ और अन्तिम कार्य उस बाल-पंथ के विरुद्ध है जिसे अहाब और ईजेबेल इस्राएल में लाए थे। मृत्यु की धमकी देकर येहू बाल के सब याजकों और भविष्यद्वक्ताओं को उनके झूठे देवता के लिए एक बड़े उत्सव और बलिदान में बुलाता है (2 राजाओं 10:19)। परन्तु यह एक फन्दा है। येहू बाल को बलि चढ़ाने का दिखावा करता है, पर पीछे से द्वार बन्द करवा देता है, उत्सव मनानेवालों को मरवा डालता है, और उस मन्दिर को शौचालय बना देता है (2 राजाओं 10:25, 27)। येहू इस्राएल में से बाल को मिटा डालता है और उन लोगों का पलटा लेता है जो ईजेबेल, अहाब और उनके लहू-भरे पंथ के कारण मारे गए थे (2 राजाओं 10:28)।
सुसमाचार कहाँ है?
कई मायनों में येहू इस्राएल के लिए एक त्रुटिपूर्ण मसीह है (2 राजाओं 10:29), और इसी कारण वह अराम के राजा की क्रूरता को रोकने में असफल रहेगा (2 राजाओं 10:32)। परन्तु उत्तरी राज्य के राजाओं में केवल वही है जो इस्राएल की मूर्तिपूजा को पीछे धकेलता है। वह उत्तरी राज्य का अकेला राजा भी है जो परमेश्वर की दृष्टि में "ठीक" करता है। और आश्चर्य की बात यह है कि उसका पलटा लेना इस बात का प्रमाण है कि दाऊद के समान वह भी परमेश्वर के मन के अनुसार राजा है (2 राजाओं 10:30)।
एक मसीह के रूप में येहू हमें दिखाता है कि दुष्टों से पलटा लेना, विशेषकर उन लोगों से जो परमेश्वर के भविष्यद्वक्ताओं पर आक्रमण करते हैं, परमेश्वर के मन का भाग है। धार्मिक अगुवों और फरीसियों को सम्बोधित एक दृष्टान्त में यीशु भी यही बात कहता है। परमेश्वर के भविष्यद्वक्ता के विरोधी आनेवाले एक अभिषिक्त जन, अर्थात् आनेवाले मसीह के द्वारा चकनाचूर कर दिए जाएँगे (मत्ती 21:44-45)।
यीशु एक नया येहू है। यीशु उन शक्तियों और धर्मों के विरुद्ध अन्तिम पलटा लेनेवाला है जो कंगालों को लूटते हैं, परमेश्वर के भविष्यद्वक्ताओं की हत्या करते हैं, और विनाशकारी आत्मिकता को बढ़ावा देते हैं। केवल राजा येहू और राजा यीशु ही अपनी प्रजा द्वारा स्वेच्छा से बिछाए गए वस्त्रों पर चलते हैं (लूका 19:35-36)। और दोनों ऐसा इस्राएल में झूठे देवताओं को समर्पित मन्दिरों के विरुद्ध युद्ध के मार्ग पर करते हैं (मत्ती 21:13)। येहू का पलटा इस्राएल की मूर्तिपूजा को सुधारने में असफल रहा, परन्तु यीशु का पलटा असफल नहीं होगा।
प्रकाशितवाक्य की पुस्तक में ईजेबेल एक झूठी शिक्षिका के रूप में फिर से प्रकट होती है (प्रकाशितवाक्य 2:20)। और परमेश्वर की प्रजा और भविष्यद्वक्ताओं के लहू से रंगी हुई एक मूर्तिपूजक स्त्री की छवि बार-बार सामने आनेवाला विषय है (प्रकाशितवाक्य 17:6)। बाइबल यह समझती है कि येहू और ईजेबेल के बीच का संघर्ष अभी समाप्त नहीं हुआ है। शक्तिशाली लोग, भ्रष्ट धार्मिक अगुवे, और हत्यारी विचारधाराएँ, ये सब "ईजेबेल" हैं। वे अब भी परमेश्वर की प्रजा को भरमा रहे हैं, धमका रहे हैं, और मार रहे हैं। परन्तु यीशु मूर्तिपूजकों और शक्तिशालियों द्वारा बहाए गए लहू का पलटा लेने आ रहा है। येहू के समान, यीशु के वस्त्र भी दुष्टों और हिंसकों के लहू से टपकेंगे (प्रकाशितवाक्य 19:13)। यीशु किसी भी मूर्तिपूजा को बिना पलटा लिए नहीं छोड़ेगा (प्रकाशितवाक्य 19:2)। और परमेश्वर की सारी प्रजा, जिस पर अत्याचार हुआ है, सदा के लिए शान्ति से रहेगी।
स्वयं देखिए
पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले कि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो बुराई का पलटा लेता है। और आप यीशु को एक और भी महान येहू के रूप में देखें, जो सारी बुराई और भ्रष्ट धर्म को मिटा डालता है और अपनी प्रजा को शान्ति देता है।

