क्या हो रहा है?
इस्राएल के लोग जब परमेश्वर की आराधना करने और उसकी उपस्थिति का आनन्द लेने के लिए मन्दिर में प्रवेश करते थे, तब वे भजन संहिता 100 गाते होंगे। सामान्यतः परमेश्वर के मन्दिर में आराधना केवल जन्म से इस्राएली लोगों तक सीमित थी। फिर भी यह गीत सारी पृथ्वी को परमेश्वर की स्तुति करने का निमंत्रण देकर आरम्भ होता है (भजन संहिता 100:1)। परदेशियों को निमंत्रण दिया गया है कि वे परमेश्वर के सम्मुख आएँ और उसके मन्दिर में आनन्द के गीत गाते हुए उसकी आराधना करें, मानो वे जन्म से इस्राएली हों (भजन संहिता 100:2)। भजन संहिता 100 का बीच वाला पद बताता है कि परमेश्वर अनेक जातियों की भीड़ को उस स्थान में क्यों बुला रहा है जो प्रायः यहूदियों के लिए ही रखा जाता था। परमेश्वर सब लोगों का सृजनहार है, इसलिए सब उसी के हैं (भजन संहिता 100:3)। सामान्यतः केवल इस्राएलियों को ही परमेश्वर की भेड़ें कहा जाता है। परन्तु इस भजन में परमेश्वर का वर्णन सारे संसार के झुण्ड के चरवाहे के रूप में किया गया है। परमेश्वर के मन्दिर के फाटक पूरी तरह खोल दिए गए हैं, और वे परमेश्वर से सच्चा प्रेम करनेवाले सब लोगों को, चाहे उनकी राष्ट्रीयता या जाति कुछ भी हो, उसकी आराधना करने का निमंत्रण देते हैं (भजन संहिता 100:4)। भजन संहिता 100 में सब जातियाँ परमेश्वर के मन्दिर में एक साथ आकर यह उत्सव मनाती हैं कि परमेश्वर की करुणा और सच्चाई सब लोगों के लिए सदा की है (भजन संहिता 100:5)।
सुसमाचार कहाँ है?
सृष्टि के आरम्भ के दिनों से ही परमेश्वर चाहता था कि वह अपना प्रेम और अपनी भलाई सारे संसार के साथ बाँटे। और जब उसने केवल यहूदियों के साथ एक विशेष सम्बन्ध में रहना चुना, तब भी उसका उद्देश्य यही था कि अन्ततः सारा संसार परमेश्वर के लोगों में सम्मिलित हो जाए (उत्पत्ति 12:3)। इस जैसे भजन हमें स्मरण दिलाते हैं कि परमेश्वर की इच्छा सदा से यही रही है कि सारा संसार उसके साथ प्रेम के सम्बन्ध में सम्मिलित हो। फिर भी, यहूदी लोगों के साथ परमेश्वर का विशेष सम्बन्ध शेष संसार तक पूरी तरह तब तक नहीं पहुँचा, जब तक संसार का सृजनहार यीशु में मनुष्य नहीं बन गया (फिलिप्पियों 2:5-7)।
यीशु जन्म से इस्राएली था और उसने कहा कि वह इस्राएल का चरवाहा होने आया है (मत्ती 10:5-6; 15:24)। परन्तु यीशु ने उन दीवारों को तोड़ डाला जो सामान्यतः यहूदियों को शेष संसार से अलग करती थीं (मरकुस 7:19; यूहन्ना 4:1-26)। इसके परिणामस्वरूप गैर-यहूदी लोग बार-बार झुण्ड के झुण्ड यीशु के पास आते थे, और जैसे वह अपने साथी यहूदियों को चंगा करता और उनकी सहायता करता था, वैसे ही उसने उन्हें भी चंगा किया और उनकी सहायता की (मत्ती 15:21-28; लूका 7:1-10; यूहन्ना 4:1-26)। परन्तु यीशु के द्वारा परदेशियों को अपनाए जाने के कारण यहूदी धर्मगुरुओं का वर्ग उसका विरोधी हो गया। जब यीशु ने परदेशियों को परमेश्वर के मन्दिर से वंचित रखने के लिए सबके सामने उनकी निन्दा की, तब उन्होंने उसे पकड़वाने और मार डालने का षड्यंत्र रचा (मत्ती 21:12-13, 45-46; लूका 22:1-6)।
परन्तु यीशु की मृत्यु में, सब लोगों को अपनी आराधना के लिए बुलाने की परमेश्वर की योजना पूरी हुई। जब यीशु की मृत्यु हुई, तब वह विशेष परदा जो परमेश्वर की उपस्थिति को शेष संसार से अलग करता था, फटकर दो भाग हो गया। यह इस बात का चिह्न था कि परमेश्वर की आराधना अब केवल यहूदी लोगों का विशेष अधिकार नहीं रही, वरन् परमेश्वर से सच्चा प्रेम करनेवाले सब लोगों का अधिकार है (मत्ती 27:50-51; इफिसियों 2:14-16)। यीशु ही वह मार्ग है जिसके द्वारा परमेश्वर के सब लोगों को परमेश्वर की उपस्थिति का आनन्द लेने के लिए बुलाया गया है (यूहन्ना 14:6)। वह पूरा खुला हुआ द्वार है, जो हर किसी को परमेश्वर की भलाई को अनमोल जानने और उसकी उपस्थिति का आनन्द लेने का निमंत्रण देता है (यूहन्ना 10:7)। फिर जब यीशु मरे हुओं में से जी उठा, तब उसने अपने सबसे निकट के चेलों से कहा कि उनका पहला काम यह है कि वे उसकी मृत्यु और पुनरुत्थान का सुसमाचार संसार की खोई हुई भेड़ों तक पहुँचाएँ (मत्ती 28:19)। यीशु ने मार्ग बना दिया है कि भजन संहिता 100 अन्ततः पूरा हो।
स्वयं देखिए
मैं प्रार्थना करता हूँ कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो जातियों का अपनी उपस्थिति में स्वागत करता है। और आप यीशु को उस व्यक्ति के रूप में देखें जो हर जाति के लोगों को परमेश्वर तक पहुँच देता है।

