क्या हो रहा है?
यह परमेश्वर पर दृढ़ निश्चय और भरोसे की प्रार्थना है। दाऊद जानता है कि परमेश्वर उसकी रक्षा करेगा (भजन संहिता 16:1)। वह जानता है कि उसके जीवन की हर अच्छी वस्तु अब तक परमेश्वर ही से आई है, और उसे भरोसा है कि आगे भी ऐसा ही होगा (भजन संहिता 16:2)।
इसलिए दाऊद दूसरे देवताओं को भेंट चढ़ाने से इनकार करता है (भजन संहिता 16:4ख)। वह अपने लोगों को चेतावनी देता है कि जो कोई दूसरे देवताओं के पीछे जाता है, उसका दुःख बढ़ता ही जाएगा (16:4क)। परन्तु यदि वे यहोवा के प्रति विश्वासयोग्य बने रहें, तो परमेश्वर उन्हें उनके देश में सुरक्षित रखेगा और उनकी देखभाल करेगा (भजन संहिता 16:6)।
दाऊद का भरोसा केवल एकमात्र सच्चे परमेश्वर पर है। जैसे कोई पुत्र अपनी विरासत पर भरोसा रखता है, वैसे ही वह परमेश्वर पर भरोसा रखता है—परमेश्वर ही उसका भाग है (भजन संहिता 16:5)। परमेश्वर स्वयं दाऊद का वरदान और उसकी विरासत है (भजन संहिता 16:8)। परमेश्वर दाऊद को उसके अन्तर्मन में शिक्षा देता, मार्ग दिखाता और उसकी अगुवाई करता है (भजन संहिता 16:7)। यह सच्चाई उसे आनन्द से भर देती है, और वह अपने सम्पूर्ण अस्तित्व से मगन होता है (भजन संहिता 16:9क)।
दाऊद की पूरी देह परमेश्वर के हाथों में है (भजन संहिता 16:9ख)। अद्भुत बात यह है कि वह कहता है कि परमेश्वर उसे अधोलोक—अर्थात् कब्र—में नहीं छोड़ेगा (भजन संहिता 16:10क)। परमेश्वर उसे मृत्यु और सड़ने से बचाएगा, और उसे जीवन का रास्ता दिखाएगा (16:10ख-11क)। जब दाऊद केवल परमेश्वर पर भरोसा रखता है, तो वह जानता है कि परमेश्वर स्वयं उसकी विरासत होगा। परमेश्वर के दाहिने हाथ में वह आनन्द की भरपूरी और सर्वदा बना रहनेवाला सुख पाएगा (16:11ख)।
सुसमाचार कहाँ है?
तीन कारणों से यह भजन बहुत महत्वपूर्ण है।
पहला, प्रेरित पतरस अपने पहले सुसमाचार संदेश में इसी भजन को उद्धृत करता है (प्रेरितों के काम 2:25)। परमेश्वर ने दाऊद को भविष्यद्वाणी के रूप में यह देखने दिया कि उसके एक वंशज, यीशु, के साथ क्या होगा (प्रेरितों के काम 2:30-31क)। यीशु का “प्राण अधोलोक में न छोड़ा गया, और न उसकी देह सड़ने पाई” (प्रेरितों के काम 2:31ख)।
यीशु अब परमेश्वर के दाहिने हाथ बैठा है (प्रेरितों के काम 2:33क), और उसने उस पर विश्वास करनेवाले सब लोगों को एक नई विरासत दी है—पवित्र आत्मा के रूप में स्वयं को (प्रेरितों के काम 2:33ख)।
और यही दूसरा कारण है कि हमें इस भजन की आवश्यकता है। यह प्रतिज्ञा करता है कि हम अनन्तकाल स्वयं परमेश्वर के साथ बिताएँगे (प्रकाशितवाक्य 21:3)। स्वर्ग केवल एक स्थान नहीं, बल्कि परमेश्वर की उपस्थिति का अनुभव है। यीशु के कारण हम परमेश्वर के दाहिने हाथ में आनन्द की भरपूरी और सर्वदा बना रहनेवाला सुख पाएँगे। जब हम यीशु पर भरोसा करते हैं, तो परमेश्वर जो कुछ है, वह सब हमारा हो जाता है (इफिसियों 1:3)।
तीसरा और अन्तिम कारण, हमें इस तरह की दृढ़ निश्चय और भरोसे की प्रार्थनाओं की आवश्यकता है। जब आप स्वयं को असहाय महसूस करने लगें, या यह प्रश्न करने लगें कि आपको परम आनन्द, सुख और सन्तोष किससे मिलेगा, तो यह प्रार्थना कीजिए। भरोसा रखिए कि दाऊद की सन्तान यीशु कब्र से छुड़ाया गया है, उसने पवित्र आत्मा में स्वयं को आपको दे दिया है, और वह आपको अपने पास ले जाने के लिए फिर आ रहा है।
स्वयं देखिए
मेरी प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जिसकी उपस्थिति वह सबसे बड़ा आनन्द और सुख है जो हम कभी विरासत में पा सकते हैं। और आप यीशु को उसके रूप में देखें जिसने कब्र को पराजित किया, ताकि हमें सबसे बड़ा वरदान दे सके—अपने आप को।

