क्या हो रहा है?
भजन संहिता 19 इस बारे में है कि परमेश्वर सारी मानवजाति पर अपना अस्तित्व, अपना चरित्र, अपनी इच्छा और अपनी योजना कैसे प्रकट करता है।
सबसे पहले दाऊद आकाश और तारों में परमेश्वर के आत्म-प्रकाशन पर विचार करता है (भजन संहिता 19:1)। उनके अस्तित्व का हर एक क्षण यह घोषणा करता है कि उन्हें एक सामर्थी परमेश्वर ने रचा है, जो सुन्दरता को परखना जानता है (भजन संहिता 19:2)। परमेश्वर के विषय में उनका सन्देश पृथ्वी के कोने-कोने तक पहुँचता है (भजन संहिता 19:4क)।
फिर दाऊद परमेश्वर की व्यवस्था के लिए धन्यवाद का गीत गा उठता है (भजन संहिता 19:7)। परमेश्वर ने यह प्रकट करने का काम कि वह कौन है, केवल तारों पर नहीं छोड़ा। यह ज़िम्मेदारी उसने स्वयं अपने ऊपर ली है। परमेश्वर संसार से उस रीति से बात करता है जैसे तारे कभी नहीं कर सकते (भजन संहिता 19:3)। मनुष्यों के शब्दों का उपयोग करके परमेश्वर अपनी व्यवस्था में स्वयं को प्रकट करता है।
इसमें कोई आश्चर्य नहीं कि दाऊद व्यवस्था के कारण आनन्दित होता है (भजन संहिता 19:8)। व्यवस्था ही में तो वह परमेश्वर से मिल सकता है! इसी कारण दाऊद कहता है कि व्यवस्था सोने से भी बहुमूल्य और मधु से भी मधुर है (भजन संहिता 19:10)। यह परमेश्वर की वह वाणी है जिसके द्वारा वह स्वयं को प्रकट करता है।
व्यवस्था में परमेश्वर के आत्म-प्रकाशन के लिए दाऊद के धन्यवादी होने का एक और कारण है। यह उसे सिखाती है कि परमेश्वर की इच्छा के अनुसार कैसे जीवन बिताए। व्यवस्था ऐसी चेतावनियाँ देती है जो उसे हानि से बचाती हैं, और ऐसी आज्ञाएँ देती है जो प्रतिफल की ओर ले जाती हैं (19:11)।
अन्त में, दाऊद परमेश्वर से अपने मन के उन पापों के लिए क्षमा माँगता है जिन्हें वह पहचान नहीं पाता, और उन खुले पापों से रोके रखने की विनती करता है जिनसे वह लड़ने का प्रयास करता है (भजन संहिता 19:12-13क)। उसका लक्ष्य है कि वह उस परमेश्वर के समान निर्दोष हो जो स्वयं को उस पर प्रकट करता है (भजन संहिता 19:13ख)।
सुसमाचार कहाँ है?
नया नियम इस विचार को आगे बढ़ाता है कि सृष्टि संसार पर परमेश्वर को प्रकट करती है। परमेश्वर का अस्तित्व और उसकी सामर्थ्य ब्रह्माण्ड में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है (रोमियों 1:20)। परन्तु इस आत्म-प्रकाशन का अर्थ यह भी है कि पृथ्वी पर हर व्यक्ति इस बात के लिए उत्तरदायी है कि उसने प्रकृति में स्वयं को प्रकट करनेवाले परमेश्वर के प्रति कैसा प्रत्युत्तर दिया है (रोमियों 1:18)।
हम में से अधिकांश लोग ऐसे जीते हैं मानो परमेश्वर है ही नहीं। हम भक्तिहीन जीवन जीते हैं। हम मान लेते हैं कि हम स्वयं अपने ईश्वर हैं और जैसे चाहें वैसे जीते हैं (रोमियों 1:22-23)। और परमेश्वर अपने न्याय में हमें अपने ही विनाश के पीछे जाने देता है (रोमियों 1:18)।
दाऊद के समान, हमें भी उन अवसरों के लिए क्षमा की दुहाई देने की आवश्यकता है जब हम सृष्टि और उसकी व्यवस्था में प्रकट परमेश्वर के चरित्र से कम पड़ जाते हैं। परन्तु शुभ सन्देश यह है: परमेश्वर ने अपने सबसे महान आत्म-प्रकाशन के द्वारा क्षमा की उस दुहाई का उत्तर दिया है।
सृष्टि से बढ़कर और व्यवस्था से भी बढ़कर, यीशु ही परमेश्वर का पूर्ण और अन्तिम आत्म-प्रकाशन है (इब्रानियों 1:3)। यीशु देह में प्रकट स्वयं परमेश्वर है। यदि हम जानना चाहते हैं कि परमेश्वर कैसा है, तो हमें यीशु से आगे देखने की आवश्यकता नहीं, जो “अदृश्य परमेश्वर का प्रतिरूप” है (कुलुस्सियों 1:15)। उसी में “परमेश्वर को यह भाया कि उसकी सारी परिपूर्णता वास करे” (कुलुस्सियों 1:19)।
और परमेश्वर के आत्म-प्रकाशन की यही परिपूर्णता हमारे गुप्त और खुले, दोनों प्रकार के पापों के लिए क्रूस पर मर गई। और उस बलिदान के कारण, हम जिन्होंने परमेश्वर के प्रकाशन रूपी सोने को ऐसा समझा मानो वह निकम्मा हो, और परमेश्वर की व्यवस्था रूपी मधु को ऐसा समझा मानो वह स्वादहीन हो, वह क्षमा पाते हैं जिसके हम योग्य नहीं।
स्वयं देखिए
मेरी प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो अनुग्रह से सृष्टि में और अपनी व्यवस्था में स्वयं को प्रकट करता है। और आप यीशु को परमेश्वर के पूर्ण और अन्तिम आत्म-प्रकाशन के रूप में देखें, जो अपनी मृत्यु और पुनरुत्थान के द्वारा हमें दिखाता है कि परमेश्वर कितना प्रेमी, दयालु और सुन्दर है।

