क्या हो रहा है?
भजन संहिता 47 सारे संसार को इस्राएल के परमेश्वर के राज्याभिषेक के उत्सव में बुलाता है। सब जातियों से कहा गया है कि वे तालियाँ बजाएँ, क्योंकि परमेश्वर को राजा के रूप में मुकुट पहनाया जाने वाला है (भजन संहिता 47:1)। हर देश से जयजयकार करने को कहा गया है, क्योंकि परमेश्वर “सारी पृथ्वी” (भजन संहिता 47:7), “सब जातियों” (भजन संहिता 47:1) और सब “राजाओं” (भजन संहिता 47:9) पर राज्य करता है। पर परमेश्वर का राजा कोई विश्व-सम्राट नहीं, बल्कि एक इस्राएली राजा है।
परमेश्वर ने याकूब नाम के एक व्यक्ति और उसके पिता अब्राहम के द्वारा एक जाति, अर्थात् इस्राएल, के साथ एक विशेष सम्बन्ध बाँधा है (भजन संहिता 47:4)। उनके परिवार और उनसे बनने वाली जाति के द्वारा सारे संसार को आशीष मिलनी थी (उत्पत्ति 12:3)। भजनकार परमेश्वर की स्तुति करता है, क्योंकि वह जानता है कि इस्राएल के राजा के ऊँचे उठाए जाने के द्वारा सब जातियों को आशीष मिलेगी, और सब जातियाँ निश्चय ही परमेश्वर की स्तुति करेंगी।
राज्याभिषेक जयजयकार और नरसिंगों के शब्द के साथ आरम्भ होता है (भजन संहिता 47:5)। शमूएल की पुस्तक में ठीक यही वर्णन तब मिलता है जब परमेश्वर की उपस्थिति का चिन्ह, अर्थात् वाचा का सन्दूक, पहली बार यरूशलेम में प्रवेश करता है (2 शमूएल 6:15)। यह इस बात का संकेत है कि सिंहासन पर बैठने वाला राजा कोई साधारण सम्राट नहीं, बल्कि स्वयं परमेश्वर है (भजन संहिता 47:7)! परमेश्वर अपना उचित सिंहासन ग्रहण कर रहा है, केवल इस्राएल में ही नहीं, बल्कि सारी पृथ्वी पर (भजन संहिता 47:8)।
और जब वह अपना सिंहासन ग्रहण करता है, तो सारे संसार के रईस इस्राएल के परमेश्वर-राजा की प्रभुता और ईश्वरत्व को स्वीकार करते हैं। सब जातियाँ इकट्ठी होती हैं और सब लोग एक नए नाम के अधीन एक नई प्रजा बन जाते हैं—“अब्राहम के परमेश्वर की प्रजा” (भजन संहिता 47:9)। जो प्रतिज्ञा परमेश्वर ने याकूब और अब्राहम से की थी, वह अन्ततः पूरी होती है, और जब परमेश्वर अपना उचित सिंहासन ग्रहण करता है, तब संसार को आशीष मिलती है।
सुसमाचार कहाँ है?
परमेश्वर की सदा से यही योजना रही है कि अब्राहम और याकूब के एक वंशज के द्वारा एक राजा सारी पृथ्वी पर राज्य करे। वह राजवंशी वंशज यीशु हैं। वे सच्चे राजा के रूप में स्तुति के योग्य हैं, क्योंकि उनकी नसों में याकूब और अब्राहम का लहू होने के कारण वे इस्राएल के सिंहासन के उचित उत्तराधिकारी हैं (मत्ती 1:1-2)। पर यीशु इसलिए भी राजा के रूप में मुकुट पहनाए जाने के योग्य हैं, क्योंकि वे देह में प्रगट परमेश्वर की उपस्थिति हैं (1 तीमुथियुस 3:16)। जैसे सन्दूक के यरूशलेम में अपने स्थान पर पहुँचने पर उत्सव मनाया गया था, वैसे ही यीशु उससे भी कहीं बढ़कर जयजयकार के योग्य हैं, क्योंकि वे स्वयं परमेश्वर हैं (इब्रानियों 1:2)। यीशु इस्राएल और संसार दोनों के उचित राजा हैं। सब जातियों को उनके आगे झुकने के लिए बुलाया गया है।
यीशु के शत्रु भी इस अटल सत्य से बच नहीं सके कि उन्हें राजा यीशु के आगे आराधना में गिरना ही पड़ेगा। उन पर दोष लगाने वाले उन्हें दोषी ठहराने के लिए उन्हें “परमेश्वर का पुत्र” कहते हैं (मत्ती 26:63-64)। रोम के शासक उन्हें हर अपराध से निर्दोष ठहराते हैं (लूका 23:14)। अन्यजातियों के सैनिक सच्चे “यहूदियों के राजा” के आगे घुटने टेकते हुए यीशु को मुकुट, राजदण्ड और राजसी रंग का वस्त्र देते हैं (मत्ती 27:28-29)। अन्त में वे ऊँचे पर उठाए जाते हैं और एक ऐसे सिंहासन पर चढ़ते हैं जिसका आकार क्रूस का है, और उनके ऊपर उनकी अनन्त उपाधि “राजा” लिखी होती है (मत्ती 27:37)। और इस बात के प्रमाण के रूप में कि जातियाँ निश्चय ही इस्राएल के सच्चे राजा की आराधना करेंगी, एक रोमी सैनिक यीशु के नए राज्य के पहले नागरिकों में से एक बनता है (मरकुस 15:39)। जो राज्य कभी याकूब की सन्तानों के लिए ठहराया गया था, वह अब उन सब के लिए सेंत-मेंत खुला है जो उनके आगे झुकते हैं (रोमियों 10:13)।
और यीशु के राज्याभिषेक के द्वारा, जो वास्तव में एक क्रूस पर चढ़ाया जाना था, यीशु एक अनन्त सिंहासन पर विराजमान होते हैं (इफिसियों 1:19-20)। और जो बात कभी व्यंग्य में कही गई थी, वह सच हो जाती है। हर कुल, जाति और भाषा के लोग अभी भी उस राजा की स्तुति के गीत गा रहे हैं और सदा-सर्वदा गाते रहेंगे, जिसने सब लोगों को अपने राज्य का नागरिक बनाने के लिए अपने प्राण दे दिए (प्रकाशितवाक्य 7:9)।
स्वयं देखिए
मेरी प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो राजा के रूप में प्रभुता और राज्य करता है। और आप यीशु को अपनी स्तुति के योग्य देखें, क्योंकि उन्होंने सारी पृथ्वी के ऊपर अपना सिंहासन ग्रहण किया है।

