क्या हो रहा है?
भजन संहिता 59 में दाऊद चारों ओर से घिरा हुआ है और उसके बचने का कोई रास्ता नहीं है। षड्यंत्र रचनेवाले राजा शाऊल के लोग उसके घर को ऐसे घेरे हुए हैं, जैसे गुर्राते कुत्तों का झुण्ड शिकार की घात में बैठा हो। दाऊद का घर इतना ऊँचा शरणस्थान नहीं है कि उसे सुरक्षित रख सके। वह परमेश्वर से विनती करता है कि वह उसे किसी ऊँचे गढ़ पर चढ़ा दे, जहाँ उसके गुर्राते शत्रु उस तक न पहुँच सकें (भजन संहिता 59:1-2)।
यद्यपि दाऊद ने कोई अपराध नहीं किया, फिर भी अपराधी के समान उसका पीछा किया जा रहा है (भजन संहिता 59:3-4)। उसके शत्रु अपमान भरे शब्दों से उसे घेर लेते हैं। उनके शब्द उसके विरुद्ध धमकियाँ देते हैं और परमेश्वर के विरुद्ध शाप उगलते हैं, क्योंकि वे सोचते हैं कि परमेश्वर उनकी निन्दा नहीं सुन सकता (भजन संहिता 59:6-7)। परन्तु दाऊद जानता है कि परमेश्वर उनकी धमकियाँ सुनता है और उन पर हँसता है (भजन संहिता 59:8)। बीते समय में परमेश्वर ने अपने लोगों को छुड़ाने के लिए पूरी-पूरी जातियों को पराजित किया है। इसलिए दाऊद गिड़गिड़ाकर विनती करता है कि परमेश्वर फिर से ऐसा ही करे। रात के अंधकार में की गई दाऊद की सच्ची प्रार्थनाओं का उत्तर परमेश्वर भोर को छुटकारा देकर देता है।
परमेश्वर दाऊद को ऊँचा उठाकर शाऊल की राजगद्दी पर बैठाता है और उसके शत्रुओं को अतृप्त लौटा देता है। दाऊद के प्रति परमेश्वर का प्रेम शाऊल और उसके कुत्तों के विरुद्ध एक अभेद्य गढ़ है। परमेश्वर का प्रेम किसी भी शत्रु से ऊँचा और दृढ़ गढ़ है। दाऊद के विरुद्ध चाहे कैसे भी घात लगानेवाले उठ खड़े हों, वह अपने शत्रुओं से ऊँचा उठाया गया है, क्योंकि स्वयं परमेश्वर उसकी सुरक्षा रहा है (भजन संहिता 59:9, 16)। परमेश्वर की उपस्थिति के गढ़ में सुरक्षित होकर, दाऊद रात भर गाता रहता है, और उसका गीत कुत्तों की अतृप्त कूँ-कूँ को दबा देता है। दाऊद परमेश्वर की उस सामर्थ्य के गीत गाता है जिसने उसे छुड़ाया, परमेश्वर के उस प्रेम के जिसने उसे स्मरण रखा, और स्वयं परमेश्वर के, जो उसका ऊँचा गढ़ है (भजन संहिता 59:16-17)।
परमेश्वर अपने सब लोगों को इसी प्रकार छुड़ाता है। वह अपने शत्रुओं की खून की प्यास को अतृप्त हुआँ-हुआँ में बदल देता है। वह रात में अपने लोगों की व्याकुल पुकार को भोर में स्तुति और छुटकारे के गीतों में बदल देता है।
सुसमाचार कहाँ है?
अंधकार और संकट उन्हें निगल नहीं सकते जो परमेश्वर के हैं। परमेश्वर रात में सहायता के लिए हमारी पुकार का उत्तर सदा भोर को छुटकारा देकर देता है।
दाऊद के समान, यीशु के प्राण लेने के भी कई प्रयास किए गए। यद्यपि वह निर्दोष था, फिर भी जब वह गतसमनी के अंधकार में छुटकारे के लिए प्रार्थना कर रहा था, तब लोगों ने उसे खोजकर पकड़ लिया। षड्यंत्र रचनेवाले यहूदा की अगुआई में इन शत्रुओं ने अपनी खून की प्यास और निन्दा के साथ यीशु को घेर लिया (मत्ती 26:47, 56)। उसे पकड़ा गया, उस पर दोष लगाया गया, उसे मारा-पीटा गया और क्रूस पर कीलों से ठोंक दिया गया (लूका 23:13-14)। जब वह द्वेष से भरी भीड़ के शोर के ऊपर लटका हुआ था, तब उन्होंने दावा किया कि परमेश्वर ने उसे नहीं बचाया और न ही बचा सकता है (मत्ती 27:40-43)। परन्तु मृत्यु में जिस अंधकार ने यीशु को घेर लिया था, वह अंतिम नहीं था। वह भोर से पहले के अंधकार के समान था।
यीशु क्रूस पर ऊँचे पर चढ़ाया गया ताकि वह अपनी कब्र से जिलाया जाए (यूहन्ना 12:32)। वह निर्बलता के हाथ सौंपा गया ताकि वह अपने लोगों के लिए सामर्थी छुड़ानेवाला, ऊँचा गढ़ और परमेश्वर की सामर्थ्य बन जाए (कुलुस्सियों 1:22)। मरने के लिए उसकी तत्परता परमेश्वर के प्रेम को प्रमाणित करती है। उसका पुनरुत्थान परमेश्वर की सामर्थ्य को प्रमाणित करता है। परमेश्वर ने यीशु को राजा बनाया, और वह उन सब की रक्षा करता है जो शरण के लिए उसके पास दौड़कर आते हैं। यीशु में हम परमेश्वर की उपस्थिति के अभेद्य गढ़ का आनन्द लेते हैं। वह हमें चारों ओर से घेरे हुए है, और कोई भी शत्रु—मृत्यु भी—हम तक नहीं पहुँच सकता।
यीशु उन खून के प्यासों को भी दण्ड देगा जिनका घमण्ड उनके होंठों को पाप में लगाए रखता है। वह घात लगाती जातियों पर हँसता है (भजन संहिता 2:4, 37:13; प्रकाशितवाक्य 19:15)। उसकी सामर्थ्य हमें छुड़ाती है, उसका प्रेम हमें स्मरण रखता है, और वही हमारा ऊँचा गढ़ है। शत्रु रात में गुर्रा सकते हैं, परन्तु भोर को जब परमेश्वर की सन्तान यीशु में अपने छुटकारे के गीत गाती है, तब वे अतृप्त होकर कूँ-कूँ करते रह जाते हैं।
स्वयं देखिए
मैं प्रार्थना करता हूँ कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो अपने लोगों को संकट और अंधकार से छुड़ाता है। और आप यीशु को परमेश्वर के उस ऊँचे गढ़ के रूप में देखें, जहाँ उसके पास आनेवालों तक मृत्यु भी नहीं पहुँच सकती।

