क्या हो रहा है?
भजन संहिता 70 और 71 मिलकर वृद्ध होते राजा दाऊद की प्रार्थनाएँ हैं, जिसे परमेश्वर के छुटकारे की तुरन्त आवश्यकता है (भजन संहिता 70:1)। पाँच पदों में चार बार दाऊद परमेश्वर से विनती करता है कि वह शीघ्र आए, फुर्ती करे और विलम्ब न करे (भजन संहिता 70:1, 5)। दाऊद के शत्रु उसका नाश करना चाहते हैं (भजन संहिता 70:2, 71:10)। परन्तु दाऊद के पके बाल और ढलता हुआ शरीर अब और अधिक सह नहीं सकते (भजन संहिता 71:9, 18)। उनकी जवानी और बल के सामने वह दीन और दरिद्र है (भजन संहिता 70:5a)। ये उभरते हुए विरोधी दाऊद की निर्बल दशा से प्रसन्न होते हैं और उसे गिराने की युक्ति रचते हैं (भजन संहिता 70:3)। इसलिए दाऊद परमेश्वर से विनती करता है कि वह उस पर आक्रमण करनेवालों को लज्जित करे और उनके मुँह काले करे (भजन संहिता 70:2)।
दाऊद के विरोधी उसके बुढ़ापे और दुःख को परमेश्वर के न्याय के चिह्न समझते हैं (भजन संहिता 71:7a, 11)। परन्तु दाऊद सच्चाई जानता है। वह परमेश्वर के धर्म की दुहाई देता है और उससे विनती करता है कि वह उसे छुड़ाए, बचाए और उद्धार दे (भजन संहिता 71:2)। वह जानता है कि परमेश्वर उसे बचाएगा, क्योंकि उसने पहले भी ऐसा किया है (भजन संहिता 71:5)। एक दाई के समान परमेश्वर उसके जीवन के आरम्भिक क्षणों में उपस्थित था और उसने उसे इस संसार में ग्रहण किया (भजन संहिता 71:6)। उसकी पहली साँस से ही परमेश्वर उसका शरणस्थान रहा है (भजन संहिता 71:7b-8)। और वह जानता है कि उसके अन्तिम साँस लेने से पहले परमेश्वर शीघ्र आएगा और उसके शत्रुओं को उजागर करेगा कि वे केवल अवसर ढूँढ़नेवाले लोग हैं (भजन संहिता 71:12-13)।
अपनी ओर से दाऊद प्रतिज्ञा करता है कि वह अपने अन्तिम वर्ष उस परमेश्वर की स्तुति में बिताएगा जिसने उसे बचाने में कभी चूक नहीं की (भजन संहिता 71:14-16)। उसकी बूढ़ी होती आवाज़ यह ठान लेती है कि वह आनेवाली पीढ़ी को परमेश्वर की छुड़ाने, बचाने और उद्धार देने की सामर्थ्य का प्रचार करेगी (भजन संहिता 71:18)।
फिर दाऊद आनेवाली पीढ़ी से बात करता है। चाहे परमेश्वर इस्राएल को भी वैसे ही संकट और विपत्ति दिखाए जैसे उसने दाऊद को दिखाए, फिर भी परमेश्वर इस्राएल को पृथ्वी के गहरे स्थानों से फिर ऊपर ले आएगा (भजन संहिता 71:20-21)। दाऊद इन भजनों का अन्त इस्राएल के परमेश्वर की आराधना की एक अन्तिम प्रतिज्ञा के साथ करता है (भजन संहिता 71:22)। वह अन्त में यह घोषणा करता है कि जो शत्रु उसकी मृत्यु चाहते हैं, वे उजागर होंगे और उनके मुँह काले होंगे (भजन संहिता 71:24)।
सुसमाचार कहाँ है?
दाऊद के विरोधियों के समान, कुछ लोग बुढ़ापे को परमेश्वर के न्याय का चिह्न समझ सकते हैं। और एक प्रकार से वे सही हैं। हमारे शरीरों का धीरे-धीरे क्षीण होना और पृथ्वी का धीरे-धीरे क्षीण होना, दोनों ही परमेश्वर का श्राप हैं (उत्पत्ति 3:17-19)। सारी मानवजाति के दिन संकट, विपत्ति और प्राकृतिक आपदाओं से भरे हैं। और जितना अधिक हम जीते हैं, परमेश्वर के न्याय के बोझ तले हमारी कमर उतनी ही झुकती जाती है, जब तक कि हम मिट्टी में गाड़ न दिए जाएँ और जवान हमारा स्थान न ले लें। इसके बावजूद दाऊद ने प्रार्थना की कि परमेश्वर की सामर्थ्य उसे और परमेश्वर की प्रजा दोनों को पृथ्वी के गहरे स्थानों से फिर ऊपर ले आए (भजन संहिता 71:20)। दाऊद प्रार्थना करता है कि श्राप का अन्त हो—और यीशु में उसका अन्त हो चुका है।
अन्य सब मनुष्यों के समान यीशु ने भी दुःख, विपत्ति और शोक से भरा जीवन जिया (यशायाह 53:3)। उसने मानव अस्तित्व के श्राप को अपने ऊपर ले लिया, केवल इसलिए नहीं कि वह मनुष्य था, परन्तु इसलिए कि उसने स्वेच्छा से स्वयं को हमारी नश्वरता के साथ जोड़ लिया (यशायाह 53:4-5)। परन्तु जब उसका शरीर मिट्टी में गाड़ा गया, तो परमेश्वर की सामर्थ्य ने उसे उसमें से जिला उठाया, कि वह फिर कभी गाड़ा न जाए (रोमियों 6:9)। अब हर उस व्यक्ति के लिए श्राप टूट चुका है जो यीशु के साथ उसकी मृत्यु में जुड़ जाता है (रोमियों 6:8, 10)।
इसका अर्थ है कि पके बाल अब इस बात का प्रमाण नहीं हैं कि परमेश्वर ने आपको भुला दिया है। बुढ़ापे में घटता बल यह निर्धारित नहीं करता कि परमेश्वर आपके पक्ष में कितनी सामर्थ्य से कार्य करेगा। दूसरों की देखभाल पर निर्भर होना कोई ऐसी निर्बलता नहीं है जिसका लाभ उठाए जाने की प्रतीक्षा हो। बल्कि बुढ़ापा हमें परमेश्वर की सामर्थ्य का स्मरण दिलाता है। यीशु मरते हुओं को जिला उठाता है। उसकी सामर्थ्य आपको इस संसार में लाई, और जैसे-जैसे आप बूढ़े होते हैं, आप उस सामर्थ्य के और निकट पहुँचते हैं जो एक नए अनन्त जीवन में प्रवेश के लिए आपकी दाई बनेगी। इसलिए उस यीशु पर भरोसा रखिए जो आपके श्राप के लिए मरा, और परमेश्वर की उस सामर्थ्य पर भरोसा रखिए जो सब को मरे हुओं में से जिला उठाती है।
स्वयं देखिए
पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले कि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो सामर्थी है। और आप यीशु को उस जन के रूप में देखें जो श्राप को तोड़ता है और हमें मरे हुओं में से जिला उठाता है।

