क्या हो रहा है?
भजनकार आसाप अपने पाठकों को ध्यान से सुनने के लिए कहता है, क्योंकि वह उन्हें बीते समय में परमेश्वर की सामर्थ्य की कहानियाँ सुनाता है (भजन संहिता 78:1-4)। आसाप माता-पिता को याद दिलाता है कि वे भी ये कहानियाँ अपने बच्चों को सिखाएँ, ताकि परमेश्वर के लोगों की आनेवाली पीढ़ियाँ इस्राएल के अतीत के विद्रोह को न दोहराएँ (भजन संहिता 78:5-11)।
एक प्रेमी आत्मिक पिता के समान, आसाप उनके राष्ट्र के इतिहास में एक विनाशकारी रीति की ओर ध्यान दिलाता है। परमेश्वर ने बादल और आग के द्वारा उनकी अगुवाई की। उसने पानी देने के लिए चट्टानें फाड़ दीं (भजन संहिता 78:14-16)। परमेश्वर ने स्वर्ग से रोटी बरसाई और एक भी दिन नहीं चूका (भजन संहिता 78:24-25)। फिर भी उनके पूर्वजों ने विद्रोह किया। पानी और रोटी उनके लिए काफी नहीं थे, इसलिए उन्होंने उनका भरण-पोषण करने की परमेश्वर की प्रतिबद्धता की परीक्षा की; उनका इशारा यह था कि परमेश्वर ने रोटी इसलिए भेजी क्योंकि वह इतना निर्बल था कि माँस न भेज सका (भजन संहिता 78:17-22)। दण्ड के रूप में परमेश्वर ने उन्हें ठीक वही दे दिया जो वे चाहते थे। उन्होंने कृतघ्न होकर उस चमत्कारी माँस से अपना पेट ठूँस लिया और माँस अभी उनके मुँह में ही था कि वे मर गए (भजन संहिता 78:26-31)। यही इस्राएल की विनाशकारी रीति और राष्ट्रीय कहानी है: परमेश्वर प्रबन्ध करता है, परमेश्वर के लोग विद्रोह करते हैं, परमेश्वर ताड़ना देता है। कभी-कभी ताड़ना से परमेश्वर के लोग मन फिराते थे, पर वह मन फिराव प्रायः आधे मन का और थोड़े समय का होता था। और यह रीति सदियों पुरानी है (भजन संहिता 78:32-38)।
परमेश्वर ने अपने लोगों को मिस्र से भी छुड़ाया और लाल समुद्र को दो भाग कर दिया (भजन संहिता 78:41-43)। फिर परमेश्वर अपने लोगों को उनके पूर्वजों के देश में वापस ले आया, पर वहाँ उन्होंने ऐसे देवताओं की उपासना करके परमेश्वर की परीक्षा की जिनका उनकी राष्ट्रीय सफलता में कोई हाथ न था (भजन संहिता 78:55-58)। परन्तु इन सब के बीच भी परमेश्वर की दया कभी समाप्त नहीं हुई। उसके लोगों ने चाहे कितनी ही बार उसकी परीक्षा की हो, परमेश्वर ने सदा स्मरण रखा कि उसके लोग केवल मनुष्य ही हैं (भजन संहिता 78:39-41)। और उसने सदा उद्धार पाने का एक और मार्ग दिया।
भजन के अन्त में आसाप आशा रखता है कि परमेश्वर का वर्तमान उद्धार का साधन ही शायद वह हो जो अन्ततः इस्राएल की पीढ़ी-दर-पीढ़ी की रीति को तोड़ दे। परमेश्वर ने दाऊद नाम के एक चरवाहे लड़के को, एक अनपेक्षित राजा के रूप में चुना है, ताकि वह परमेश्वर के लोगों को उनकी कृतघ्नता और मूर्तिपूजा से निकालकर सच्चे उद्धार में ले चले (भजन संहिता 78:70-72)।
सुसमाचार कहाँ है?
यद्यपि दाऊद भजन संहिता 78 की आशा है, फिर भी वह अपने पूर्वजों के समान ही असफल हुआ। दाऊद ने भी विद्रोह किया और परमेश्वर की परीक्षा की, अपनी लालसाओं के आगे झुक गया, एक मनुष्य की हत्या करवाई, और परमेश्वर से ताड़ना पाई (2 शमूएल 12:1-27)। दाऊद की असफलताएँ प्रमाणित करती हैं कि इस्राएल के इतिहास में कोई भी अगुवा इतना सामर्थी नहीं हुआ कि अपने लोगों के मन को अपनी लालसाओं के पीछे चलकर परमेश्वर की परीक्षा करने से रोक सके। फिर भी परमेश्वर की दया समाप्त नहीं हुई।
परमेश्वर के पुत्र यीशु ने स्वयं को सच्चा और उत्तम इस्राएल प्रमाणित किया। जब एक और जंगल में चालीस दिन बिना भोजन के रहने के बाद यीशु का पेट भूख से व्याकुल हुआ, तब उसने परमेश्वर की परीक्षा नहीं की। जहाँ इस्राएल और उसके अगुवे बार-बार असफल हुए और भूल गए, वहाँ वह सफल हुआ और उसने स्मरण रखा, और उसने परमेश्वर की किसी भी व्यवस्था को कभी नहीं तोड़ा (1 पतरस 2:22)। परमेश्वर के लोगों की पीढ़ी-दर-पीढ़ी की रीति को तोड़ते हुए, यीशु उस जंगल से निकला और उसने स्वयं को स्वर्ग से उतरी सच्ची रोटी के रूप में प्रकट किया (यूहन्ना 6:35)। वही वह अगुवा था जिसने अपने लोगों को अपनी देह खाने देकर, अन्ततः परमेश्वर के लोगों की विद्रोह की कभी न मिटनेवाली लालसा पर लगाम लगाई (यूहन्ना 6:51)।
यीशु सच्चा और उत्तम राजा दाऊद भी था। दाऊद अपने लोगों की चरवाही करके उन्हें विद्रोह से दूर नहीं ले जा सका। परन्तु परमेश्वर ने यीशु को उसके पूर्वज से उत्तम चरवाहा और राजा होने के लिए खड़ा किया (यूहन्ना 10:11-14)। अपनी लालसाओं को तृप्त करने के लिए किसी मनुष्य को मारने के बजाय, यीशु स्वयं मारा गया ताकि वह अपने लोगों की लालसाओं को नया बना दे। अपनी मृत्यु में उसने अपने लोगों की पुरानी राष्ट्रीय कहानी को मिटा दिया। और अपने पुनरुत्थान में उसने परमेश्वर की असीम दया की कहानी को अपने लोगों के हृदयों पर फिर से लिख दिया (इब्रानियों 10:16)। हमारा चरवाहा और राजा यीशु इतना दयालु है कि वह ऐसा कर देता है कि उसके लोग फिर विद्रोह करना नहीं चाहते। और वह दिन जल्द आएगा जब यीशु ऐसा कर देगा कि उसके लोगों को यह तक याद न रहेगा कि विद्रोह कैसे किया जाता है।
स्वयं देखिए
मेरी प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जिसकी दया कभी समाप्त नहीं होती। और आप यीशु को सच्चे दाऊद और जीवन की सच्ची रोटी के रूप में देख सकें।

