क्या हो रहा है?
भजन संहिता 3 उन घटनाओं के समय लिखा गया था जिनका वर्णन 2 शमूएल 15-18 में है। दाऊद के पुत्रों में से एक, अबशालोम, ने अपने पिता की राजगद्दी छीनने के लिए गुप्त षड्यंत्र रचा (2 शमूएल 15:14)। दाऊद को छिपना पड़ा और इस्राएल के लगभग सब लोग उसके विरुद्ध हो गए।
इन भयानक घटनाओं के कारण दाऊद एक विलाप लिखता है। उसके शत्रु अनगिनत प्रतीत होते हैं (2 शमूएल 15:12)। उनकी भारी संख्या के अलावा, वे दाऊद को परमेश्वर के साथ उसके सम्बन्ध और उसके उद्धार पर सन्देह करने को विवश कर रहे हैं (भजन संहिता 3:2), जबकि परमेश्वर ने प्रतिज्ञा की थी कि उसका एक वंशज उसकी राजगद्दी पर बैठेगा (2 शमूएल 7:12)।
दाऊद के लिए, परमेश्वर के साथ इस्राएल का सम्बन्ध दाँव पर था। एक सिद्ध भावी राजा की आशा भी दाँव पर थी।
परन्तु यह केवल विलाप नहीं है। दाऊद स्वयं को स्मरण दिलाता है कि जब उसके शत्रु उसे घेर लेते हैं, तब परमेश्वर चारों ओर की ढाल के समान उसकी रक्षा करेगा (भजन संहिता 3:3क)। जब उसकी राजसी महिमा ठुकरा दी जाती और नष्ट कर दी जाती है, तब भी उसके पास किसी भी दूसरे राजा से अधिक महिमा है, क्योंकि वह परमेश्वर के साथ है (भजन संहिता 3:3ख)।
परमेश्वर पर उसका विश्वास एक सरल सच्चाई पर टिका है: दाऊद आज सुबह जाग उठा (भजन संहिता 3:5)। नींद की अचेत अवस्था में भी परमेश्वर ने उसे सुरक्षित रखा। यदि परमेश्वर उसे तब सम्भाल सकता है जब वह सबसे अधिक असुरक्षित होता है, तो डरने के लिए और कुछ भी नहीं है (भजन संहिता 3:6)।
यह बोध कि उसकी सारी सहायता परमेश्वर ही से आती है, दाऊद को उसी से सहायता के लिए पुकारने को प्रेरित करता है जो अकेला समर्थ है (भजन संहिता 3:7)। आखिरकार, उद्धार केवल परमेश्वर ही का है (भजन संहिता 3:8)।
सुसमाचार कहाँ है?
यीशु ने अपने चुने हुए लोगों, इस्राएल, को उसी प्रकार की स्थिति में देखा जिसमें उसका चुना हुआ दास दाऊद था जब उसने यह भजन लिखा था (लूका 19:43)। परन्तु इस बार, जब उसके दास अपने शत्रुओं से घिर जाएँगे, तो वे बचाए नहीं जाएँगे (लूका 19:44)। हम सब के समान, उन्होंने भी अपने ऊपर आप ही शासन करना चाहा था और परमेश्वर से मेल नहीं किया था (लूका 19:42)।
परमेश्वर इस्राएल को फिर से उन शत्रुओं के द्वारा दण्ड देनेवाला था जिन्होंने उसे घेर रखा था—अर्थात् रोमी साम्राज्य (मत्ती 24:2)। वे उनके आत्मिक विद्रोह के प्रत्यक्ष परिणाम के रूप में इस्राएल के मन्दिर को नष्ट कर देंगे। परन्तु यीशु ने अपने क्रूस के द्वारा उनके अटल विनाश से निकलने का मार्ग दिखाया।
जो कुछ दाऊद ने आंशिक रूप में सहा, यीशु ने उसे पूर्ण रूप में सहा। उसके समय के सांसारिक धार्मिक शासकों ने, अबशालोम के समान, यीशु के विरुद्ध षड्यंत्र रचा (मत्ती 12:14)। जब उनका षड्यंत्र अपनी चरम सीमा पर पहुँचा, तब यीशु गतसमनी की बारी में, अपने अनेक झूठे मुकद्दमों में, और अन्ततः क्रूस पर बहुत से बैरियों से घिरा हुआ था (मत्ती 27:39)। उसके शत्रु दाऊद के विरोधियों के ताने को ही दोहराते हैं कि परमेश्वर उसे नहीं बचाएगा (मत्ती 27:43)।
परन्तु दाऊद के समान परमेश्वर को अपने चारों ओर ढाल के रूप में देखने के बजाय, यीशु ने केवल परमेश्वर के द्वारा अपनी सुरक्षा हटा लिए जाने की बात कही (मत्ती 27:46)। अन्ततः, जब यीशु सोने के लिए लेटा, तो वह मृत्यु की नींद थी। यीशु को उसके शत्रुओं ने नष्ट कर दिया ताकि वह छुटकारा मिले जिसके लिए दाऊद ने प्रार्थना की थी।
यद्यपि इस्राएल का भौतिक मन्दिर फिर भी रोमियों के द्वारा नष्ट किया गया, अब सब जातियाँ मृत्यु की अनन्त नींद से छुटकारे के लिए यीशु को पुकार सकती हैं (यूहन्ना 2:19)। हम यह इसलिए जानते हैं क्योंकि जैसे परमेश्वर ने रात भर की नींद में दाऊद को सम्भाले रखा, वैसे ही उसने मृत्यु में से भी यीशु को सम्भाले रखा। यीशु मरे हुओं में से जी उठा ताकि यह प्रमाणित हो कि जो लोग छुटकारे के लिए उस पर—अन्तिम राजाओं के राजा पर—भरोसा रखते हैं, वह उन्हें अनन्त जीवन तक सम्भाले रखेगा।
स्वयं देखिए
मैं प्रार्थना करता हूँ कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो हमारे सोते समय भी हमें सम्भाले रखता है। और आप यीशु को उस राजा के रूप में देखें जो मरे हुओं में से जी उठा ताकि उन सब को अनन्त छुटकारा दे जो उसे पुकारते हैं।


