क्या हो रहा है?
यह परमेश्वर पर भरोसे का भजन है। परमेश्वर दाऊद की ज्योति और उसका उद्धार है, इसलिए वह नहीं डरता (भजन संहिता 27:1)। यद्यपि उसके शत्रु उसे निगल जाना, उस पर आक्रमण करना और उसे घेर लेना चाहते हैं, फिर भी दाऊद भरोसा रखता है कि परमेश्वर उसकी रक्षा करेगा और उसे छुड़ाएगा (भजन संहिता 27:3)।
पर यह भजन परमेश्वर की उपस्थिति के लिए एक विनती भी है। दाऊद केवल अपने शत्रु की पराजय के लिए ही व्याकुल नहीं है, वह परमेश्वर की उपस्थिति के लिए व्याकुल है (भजन संहिता 27:4a)। सीनै पर्वत पर मूसा के समान, दाऊद भी परमेश्वर के मुख की पूरी मनोहरता और सामर्थ्य का अनुभव करना चाहता है (भजन संहिता 27:4b)। वह विनती करता है कि वह “यहोवा की मनोहरता पर दृष्टि लगाए रहे।”
दाऊद मानता है कि परमेश्वर की मनोहरता का अनुभव, और उससे उसके हृदय में उत्पन्न होनेवाली आराधना, अपने शत्रुओं के विनाश के लिए की गई प्रार्थनाओं से कहीं अधिक उचित है। आख़िरकार, परमेश्वर की उपस्थिति ही उसका शरणस्थान है (भजन संहिता 27:5)। परमेश्वर की उपस्थिति के द्वारा ही वह उन शत्रुओं पर विजय पाएगा (भजन संहिता 27:6)।
दाऊद के लिए सबसे भयानक संभावना किसी सैन्य बढ़त को खो देना नहीं, बल्कि यहोवा के मुख को देख न पाना है (भजन संहिता 27:9)। इसलिए दाऊद परमेश्वर से माँगता है कि वह उसे सिखाए कि कैसे उसकी उपस्थिति में बना रहे और उसके वचनों को माने (भजन संहिता 27:11)। दाऊद पर अत्याचार करनेवाले झूठी निंदा करनेवाले और उपद्रवी हैं (भजन संहिता 27:12)। पर दाऊद को भरोसा है कि परमेश्वर उनकी बुराई से भी भलाई उत्पन्न करेगा (भजन संहिता 27:13)।
दाऊद अंत में उन शब्दों को दोहराता है जो परमेश्वर ने यहोशू से कहे थे: हियाव बाँधकर दृढ़ हो जा (यहोशू 1:6)। पर जहाँ यहोशू से ये शब्द युद्ध की पूर्व-संध्या पर कहे गए थे, वहीं दाऊद ये शब्द परमेश्वर की उपस्थिति की खोज करते हुए प्रार्थना में कहता है (भजन संहिता 27:14)। दाऊद जानता है कि असली लड़ाई युद्ध में नहीं, बल्कि बाट जोहने में है। बाट जोहने के लिए हियाव चाहिए। पर यदि वह बाट जोहता रहे, तो वह जीवितों की भूमि पर यहोवा की भलाई को देखेगा (भजन संहिता 27:13)।
सुसमाचार कहाँ है?
यहोवा की बाट जोहने के लिए हियाव चाहिए, और यीशु अब तक जीवित रहे सब लोगों में सबसे अधिक हियाववाले थे। यीशु ने तीस से अधिक वर्षों तक बाट जोही, जब तक कि उनके बपतिस्मे के समय परमेश्वर की उपस्थिति कबूतर के समान उन पर न उतरी (लूका 3:22)। फिर अपनी सेवकाई आरम्भ करने से पहले उन्होंने और चालीस दिन तक—अपने शत्रु शैतान की उपस्थिति में—यहोवा की बाट जोही (मरकुस 1:12)। और उनका शेष जीवन प्रार्थना में यहोवा की बाट जोहने से भरा रहा (मरकुस 1:35)।
यीशु ने परमेश्वर का मुख ऐसे देखा जैसे उनसे पहले किसी ने नहीं देखा था (यूहन्ना 5:19)। फिर भी वे विपत्तियाँ, जिनके विषय में दाऊद को भरोसा था कि वे परमेश्वर की उपस्थिति में रहनेवालों पर नहीं आएँगी, यीशु पर आ ही पड़ीं।
यीशु को उनके शत्रुओं की इच्छा और उनके झूठे आरोपों के हवाले कर दिया गया (भजन संहिता 27:12)। यीशु ऐसे दुष्ट लोगों से घिरे हुए थे जो उन्हें निगल जाना चाहते थे (भजन संहिता 27:2)। देखनेवाले सब लोगों को ऐसा लगा मानो पिता ने उन्हें छोड़ दिया हो (भजन संहिता 27:10)। पर यीशु ने भरोसा रखा कि परमेश्वर ने उन्हें नहीं त्यागा, और कि वे जीवितों की भूमि पर यहोवा की भलाई को देखेंगे (भजन संहिता 27:13)। वे इस भरोसे के साथ घोर अंधकार से भरी हुई तराई में प्रवेश कर गए कि उनका पिता उन्हें निर्दोष ठहराएगा (भजन संहिता 23:4)।
और वहीं परमेश्वर की उपस्थिति ने उन्हें ऊँचा किया (भजन संहिता 27:6)। यीशु का पुनरुत्थान प्रमाणित करता है कि परमेश्वर की उपस्थिति की बाट जोहना कभी भी व्यर्थ समय नहीं होता। मसीही बाट जोहनेवाले लोग हैं; पवित्रशास्त्र के अंतिम शब्दों में से कुछ ऐसे हैं जो हमें बाट जोहने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। यीशु कहते हैं: “मैं शीघ्र आनेवाला हूँ” (प्रकाशितवाक्य 22:20)! और जब हम दाऊद के समान परमेश्वर की उपस्थिति की बाट जोहते हैं, तो हम क्रूस पर यीशु की कहानी में सहभागी होते हैं। हम इस आशा में बाट जोहते हैं कि परमेश्वर अपनी ज्योति से हमारे शत्रुओं को पराजित करने आ रहा है। वह अपने पुनरुत्थान के जीवन से हमारा उद्धार करेगा।
स्वयं देखिए
पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो हमारी ज्योति और हमारा उद्धार है। और आप यीशु को उस व्यक्ति के रूप में देखें जो हमें यह भरोसा देते हैं कि हम जीवितों की भूमि पर और मृतकों की भूमि पर भी यहोवा की भलाई को देखेंगे।

