क्या हो रहा है?
भजन संहिता 45 एक विवाह गीत है। यह एक राजसी दूल्हे, एक सुंदर दुल्हिन, एक अनन्त राजवंश और एक विश्वव्यापी राज्य के बारे में है।
राजसी दूल्हा एक ऐसा राजा है जो अन्य सब मनुष्यों से बढ़कर शोभायमान है। उसकी वाणी अनुग्रह से भरी है और उसका शासन न्यायपूर्ण है (भजन संहिता 45:1, 2, 4, 7)। वह परमेश्वर की प्रजा पर सीधाई से शासन करता है और सच्चाई और नम्रता के साथ परमेश्वर के युद्ध लड़ता है (भजन संहिता 45:4, 6)। उसकी नम्रता, भलाई से उसकी प्रीति और बुराई से उसका बैर उसे पृथ्वी पर परमेश्वर का चुना हुआ प्रतिनिधि बनाते हैं (भजन संहिता 45:7)। परमेश्वर उसे उसके सब शत्रुओं पर विजय देता है (भजन संहिता 45:5)। और विवाह के उपहारों के रूप में परमेश्वर इस महान राजा को उत्तम वस्त्र, हाथीदाँत का महल और एक सुंदर दुल्हिन देता है (भजन संहिता 45:8-9)।
परमेश्वर एक दुल्हिन को चुनता है, जो अपने परिवार को छोड़कर दूल्हे के राजघराने में सम्मिलित हो जाती है (भजन संहिता 45:10)। जैसे परमेश्वर राजा से प्रसन्न है, वैसे ही यह दूल्हा अपनी दुल्हिन पर मोहित है। मानो लजाती हुई दुल्हिन से कहना पड़ता है कि वह उसके गहरे स्नेह को स्वीकार करे (भजन संहिता 45:11)। सोने के वस्त्र पहने हुए, वह और उसकी सहेलियाँ शोभायात्रा में राजा के भवन में प्रवेश करती हैं (भजन संहिता 45:12-15)। इस दुल्हिन का नया घर महिमा में राजा के साथ है।
फिर राजसी जोड़े का आनन्द सारे जगत का आनन्द बन जाता है (भजन संहिता 45:17)। गीत का अंत राजकीय वारिसों के एक अनन्त राजवंश की आशा के साथ होता है, जो न्याय से शासन करेंगे और राजा के शासन को एक विश्वव्यापी राज्य तक फैलाएँगे (भजन संहिता 45:16)।
सुसमाचार कहाँ है?
परमेश्वर का चुना हुआ दूल्हा और राजा यीशु है। यीशु वह सच्चा राजा है जो झूठ पर विजय पाता है (लूका 4:12-13; यूहन्ना 14:6; यशायाह 53:9)। यीशु वह नम्र राजा है जो दूसरों की सेवा करता है (यूहन्ना 13:14-15)। यीशु मृत्यु पर विजय पानेवाला है। वह कब्र में गया, परन्तु उसमें से जी उठा, क्योंकि मृत्यु उसे अपने वश में न रख सकी (प्रेरितों के काम 2:24)। यीशु अनुग्रह से भरी वाणी वाला पराक्रमी योद्धा और बुराई पर अन्तिम विजेता है। और यह राजा यीशु अपनी दुल्हिन से, अर्थात् अपनी कलीसिया से जिसे परमेश्वर ने उसे दिया है, विवाह करना चाहता है, यदि वे उसके गहरे स्नेह को स्वीकार करने के लिए तैयार हों।
सारा संसार इस महान और ब्रह्माण्डीय विवाह के दिन की ओर बढ़ रहा है (प्रकाशितवाक्य 21:2)। हमें बुलाया गया है कि हम अपने पुराने जीवन को पीछे छोड़कर यीशु के राजघराने में सम्मिलित हो जाएँ। यदि हम उस स्नेह और प्रेम को स्वीकार करें जिसने उसे क्रूस पर मरने के लिए प्रेरित किया, तो वह हमें निष्कलंक और सुंदर बना देगा (इफिसियों 5:25-27)। हम परमेश्वर की महिमा से ऐसे चमकेंगे जैसे पहले कोई दुल्हिन कभी नहीं चमकी (प्रकाशितवाक्य 21:9-11)। और यदि हम उसके स्नेह को स्वीकार करें, तो हमारा नया घर सदा के लिए राजा यीशु के साथ होगा!
परन्तु परमेश्वर की कलीसिया केवल उसकी दुल्हिन ही नहीं, बल्कि उसकी सन्तान भी है (इब्रानियों 2:13)। जब हम प्रेम में स्वयं को यीशु से जोड़ते हैं, तो हम परमेश्वर के विश्वव्यापी राज्य के राजकीय वारिस भी बन जाते हैं। और परमेश्वर हमें न्याय के साथ संसार पर राज्य करने और सारी पृथ्वी पर अपने राज्य को फैलाने की ज़िम्मेदारी और अधिकार देता है (प्रकाशितवाक्य 22:5)।
स्वयं देखिए
मेरी प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जिसका राज्य सारे संसार में भरा हुआ है। और आप यीशु को परमेश्वर के चुने हुए राजा के रूप में देखें, जो लालसा करता है कि उसकी दुल्हिन सदा उसके साथ राज्य करे।

