क्या हो रहा है?
प्रेरित पौलुस चाहता है कि फिलिप्पी की कलीसिया भी यीशु में वही आनन्द पाए जो उसके पास है। पर कलीसिया में फूट उस आनन्द के लिए खतरा बन रही है। झगड़ों ने फिलिप्पी में फूट और अव्यवस्था पैदा कर दी है। बहुत से लोग अपने आप को दूसरों से अधिक महत्वपूर्ण समझते हैं और सबसे पहले अपने ही हित की चिन्ता करते हैं। आपसी कलह, चुगली और निन्दा अब आम बात हो गई है (फिलिप्पियों 2:3-4, 14)। पौलुस चेतावनी देता है कि यदि ये झगड़े चलते रहे, तो वे यीशु को छोड़कर उसके बदले कलह, कड़वाहट और बेचैनी को अपना लेंगे।
इस फूट का सामना करने के लिए पौलुस उन्हें प्रोत्साहित करता है कि वे यीशु के समान बनने के प्रयास में एक हों (फिलिप्पियों 2:1)। वह उन्हें बुलाता है कि वे यीशु पर इतना ध्यान लगाएँ कि उनका एक ही मन, एक ही हृदय और उसके प्रति एक ही समर्पण हो (फिलिप्पियों 2:2)। एक-दूसरे के साथ कैसा व्यवहार करें, इसके लिए यीशु उनका सिद्ध आदर्श है (फिलिप्पियों 2:5)। पौलुस उन्हें याद दिलाता है कि यीशु स्वयं परमेश्वर के तुल्य है (फिलिप्पियों 2:6)। फिर भी दीनता में वह अपनी सामर्थ्य को पीछे छोड़ देता है, परमेश्वर के तुल्य होने का लाभ उठाने से इन्कार करता है और मनुष्य बन जाता है (फिलिप्पियों 2:7)। यीशु अपने आप को दूसरों से अलग नहीं करता, और न ही अपनी सामर्थ्य का उपयोग अपने हित को साधने के लिए करता है। इसके विपरीत, वह लोगों को परमेश्वर से और एक-दूसरे से जोड़ने के लिए जीता और मरता है।
पौलुस कहता है कि इसी उद्देश्य के लिए यीशु दास के समान बन गया। उसने हमारी भलाई के लिए क्रूस पर मरने की आज्ञा मानी (फिलिप्पियों 2:8)। अब उसके बलिदान के द्वारा हम परमेश्वर से जुड़ गए हैं और उसके लहू के द्वारा एक-दूसरे से बँध गए हैं। यदि यीशु का मार्ग यही है, तो उसके अनुयायियों को भी हर प्रकार की फूट को दूर करना चाहिए और दीनता से एक-दूसरे की सेवा करनी चाहिए। पौलुस फिलिप्पी के विश्वासियों को प्रोत्साहित करता है कि वे इसे वास्तविकता बनाने के लिए परिश्रम करें, क्योंकि परमेश्वर उनके आनन्द के लिए उनमें कार्य करता है (फिलिप्पियों 2:12-13)।
सुसमाचार कहाँ है?
अदन की वाटिका में सर्प ने आदम और हव्वा को परमेश्वर के तुल्य बन जाने का प्रलोभन दिया (उत्पत्ति
3:5)। परन्तु इसके बदले उन्हें फूट, भ्रष्टता और अव्यवस्था मिली। आनन्द को पाने का प्रयास करते हुए आदम और हव्वा ने स्वयं को परमेश्वर से और दूसरों से अलग पाया। बाइबल के बिलकुल आरम्भ से ही मनुष्य अपनी ही सेवा करने के प्रलोभन में पड़ता आया है। अपने ही हित को खोजना, स्वार्थी महत्वाकांक्षा के पीछे भागना, यह माँग करना कि दूसरे हमारी सेवा करें—ये बातें हमारे स्वभाव में ही बस गई हैं।
परन्तु जहाँ हमारा विद्रोह फूट लाता है, वहाँ यीशु एकता लाता है। वह तो पहले से ही परमेश्वर के तुल्य था। फिर भी उसने हमारी ओर आने और शत्रुता से भरे संसार में प्रवेश करने का चुनाव किया। वह हमारी मनुष्यता में सहभागी होने के लिए मांस और लहू का बन गया (इब्रानियों 2:14)। यीशु हमारे साथ एक हो गया, ताकि वह हमें परमेश्वर के साथ एकता में आमंत्रित कर सके और हमारे लिए आदर्श बने कि हम एक-दूसरे के साथ कैसे एक हों। अपनी मृत्यु और पुनरुत्थान के द्वारा वह परमेश्वर और दूसरों के साथ हमारे सम्बन्ध को फिर से जोड़ देता है।
किसी ने भी अपने आप को यीशु के समान दीन नहीं किया। प्रेम में यीशु हमें आनन्द देने के लिए सब कुछ त्याग देता है। और अब अपनी दीनता के कारण और इस कारण कि उसने अपने आप को नीचा किया, यीशु परमेश्वर के पास सिंहासन पर विराजमान है (फिलिप्पियों 2:9)। क्योंकि वह अपने आप को शून्य कर देने को तैयार था, इसलिए सारी सृष्टि उसकी सामर्थ्य और अधिकार के आगे घुटने टेकेगी (फिलिप्पियों 2:10-11)। आनन्द का मार्ग एक-दूसरे को रौंदने और जो हमें लगता है कि हमारा हक है उसकी माँग करने से होकर नहीं जाता। आनन्द यीशु के मार्ग को अपनाने में, फूट को दूर करने में और सेवक बनने में मिलता है (मत्ती 20:26-28)।
स्वयं देखिए
मेरी प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जिसने हमें बचाने के लिए अपने आप को शून्य कर दिया। और आप यीशु को उस रूप में देखें जिसे उसकी दीनता के कारण अति महान किया गया है।


