स्पोकन गॉस्पेल एक मसीही संस्था है जो विश्वास करती है कि बाइबल आपका जीवन बदल देगी।
हम विश्वास करते हैं कि:
- परमेश्वर सदा से पिता, पुत्र और पवित्र आत्मा के रूप में विद्यमान है और सदा रहेगा। पिता परमेश्वर ने अपने पुत्र के कार्य के द्वारा और पवित्र आत्मा की सामर्थ्य से संसार की सृष्टि की। वह अपनी सृष्टि पर राज्य करता है और मानवजाति पर स्वयं को प्रकट करता है।
- बाइबल परमेश्वर का सच्चा और अधिकारपूर्ण प्रकाशन है। मनुष्यों के लेखन के द्वारा यह संसार के लिए उसकी बुद्धि, इच्छा और उद्देश्य को प्रकट करती है।
- यीशु का सुसमाचार इस बात का सबसे महान प्रकाशन है कि परमेश्वर कौन है। यीशु ब्रह्मांड का राजा है, जिसने प्रेम के कारण मनुष्य बनकर हमारी टूटी हुई दशा में पूरी रीति से प्रवेश किया। उसने मानवजाति के पाप और बुराई का भार उठाया, मृत्यु का दुःख सहा, और विजय के साथ फिर जी उठा। अब जी उठे और राज्य करनेवाले राजा के रूप में वह अपने लोगों को पाप और मृत्यु की शक्ति से बचाता है और उन्हें अनन्त जीवन देता है।
- जब लोग अपनी बाइबल में यीशु को देखते हैं, तो परमेश्वर उन्हें बदल देता है। लूका 24 में, जब यीशु ने समझाया कि सम्पूर्ण बाइबल उसके जीवन, मृत्यु और पुनरुत्थान के सुसमाचार के विषय में है, तो उसके चेलों के मन बदल गए। हम विश्वास करते हैं कि जब आप बाइबल पढ़ेंगे और हर पृष्ठ पर यीशु का सुसमाचार देखेंगे, तो आप भी बदल जाएँगे।
स्पोकन गॉस्पेल के संस्थापक, बोर्ड के सदस्य और निदेशक सभी प्रेरितों के विश्वास-वचन और नाइसीन विश्वास-वचन को स्वीकार करते हैं। हमारे सभी संसाधन लोगों को यीशु के सुसमाचार का अनुभव ऐसे ढंग से कराने में सहायता करते हैं जो सुन्दर, सुलभ, गहन और जीवन बदलनेवाला हो। हम यह किसी खंड या पुस्तक के मुख्य विचार को दिखाकर करते हैं, और यह दिखाकर कि वह अन्ततः यीशु में कैसे पूरा होता है।
हम विश्वास करते हैं कि सुसमाचार एक हीरे के समान है; उसका हर पहलू हमारे उद्धार के किसी अनोखे पक्ष और गुण को प्रकट करता है। किसी विशेष परम्परा या सम्प्रदाय का पक्ष लेने के बजाय, हम ऐसी सामग्री तैयार करते हैं ताकि सब लोग यीशु के सुसमाचार को चखकर देख सकें।
