यहूदा कंगालों को भोजन खिलाता हैयहूदा कंगालों को भोजन खिलाता है

यहूदा कंगालों को भोजन खिलाता है

अनजाने में हुआ दान का एक कार्य

यहूदा इस्करियोती का रुपये का लोभ उसे आख़िरकार चाँदी के बदले यीशु को पकड़वाने तक ले गया। परन्तु अप्रत्याशित रूप से, लालच से उपजा उसका यह विश्वासघात शायद संसार के इतिहास के सबसे अद्भुत दान-कार्यों में से एक है। यह कहानी हम सब जानते हैं।

जब मरियम प्रेम से बहुमूल्य इत्र से यीशु का अभिषेक करती है, तो यहूदा यह देखकर चौंक उठता है। कंगालों की चिन्ता का दिखावा करते हुए वह उसकी इस भरपूर उदारता का विरोध करता है (यूहन्ना 12:3-5)। परन्तु सच तो यह है कि उससे यह देखा नहीं जाता कि इतना धन यीशु पर “व्यर्थ” लुटाया जा रहा है, जबकि उतनी ही रकम उसकी अपनी जेब भर सकती थी (यूहन्ना 12:6)। मरियम की इस व्यर्थ उदारता से भड़ककर यहूदा यीशु को पकड़वाने के लिए प्रधान याजकों के पास जाता है। वे प्रसन्न होकर उसे चाँदी के तीस सिक्के देते हैं, और यहूदा यीशु को पकड़वाने के सही अवसर की ताक में रहता है (मत्ती 25:14-16)। उसी सप्ताह आगे चलकर, जब यीशु अपने चेलों के साथ अपना अन्तिम भोजन करता है, तो वह जानते-बूझते यहूदा को अपना जाल बिछाने के लिए भेज देता है (यूहन्ना 13:27)। यहूदा अटारी से निकलकर रात के अंधकार में ओझल हो जाता है। बाकी चेले, जो जानते हैं कि थैली उसी के पास रहती है, सोचते हैं कि वह फसह के पर्व के लिए भोजन खरीदने या कंगालों को कुछ देने गया है (यूहन्ना 13:28-30)। 

यद्यपि वे यहूदा के असली इरादों को नहीं समझ पाए, फिर भी वे सही थे! एक ऐसी विडम्बना में, जिसे यहूदा ने न कभी देखा और न कभी चाहा, उसने फसह का मेम्ना मोल ले लिया—संसार के कंगाल पापियों के लिए भोज! कंगालों के प्रति अपनी घृणा, धन के अपने लालच और बहुमूल्य उदारता के अपने विरोध में, यहूदा ठीक वही करता है जिसे मरियम को करते देखना उससे सहा नहीं गया था! यीशु को उन लोगों के हाथ पकड़वाकर जो उसे मार डालने वाले थे, यहूदा प्रेम के सबसे बहुमूल्य दान के लिए द्वार खोल देता है, जो संसार के कंगाल पापियों पर भरपूर लुटाया जाना था। क्रूस पर बहाया गया यीशु का बहुमूल्य लहू लोगों को उनके पापों से शुद्ध करता है, और उसकी टूटी हुई देह वह उदार बलिदान है जिसके द्वारा सब लोग परमेश्‍वर के निकट आ सकते हैं (इफिसियों 2:13)।

क्रूस पर बलिदान के रूप में चढ़ाई गई यीशु की देह और उसका लहू संसार के इतिहास का सबसे महान दान है। यीशु ही वह दान है जिसका मरियम ने प्रेम से अभिषेक किया और जिसे यहूदा ने अनजाने में हम जैसे कंगाल पापियों के लिए अर्पित कर दिया, जिन्हें शुद्ध होने और भोजन पाने की आवश्यकता है। मेरी प्रार्थना है कि हम यीशु को देखें और उसमें आनन्दित हों—उसमें, जिसने उदारता से स्वयं को हमारे लिए दे दिया।

निःशुल्क वीडियो, सीधे आपके इनबॉक्स में।