
प्रेम से आत्मिक वरदानों का उपयोग करना - 1 कुरिन्थियों से एक शिक्षा
प्रेम कभी टलता नहीं
आप शायद 1 कुरिन्थियों 13 में पौलुस के इन शब्दों से परिचित होंगे, “प्रेम धीरजवन्त है, और कृपालु है” और “प्रेम कभी टलता नहीं”, क्योंकि ये अक्सर विवाह समारोहों में पढ़े जाते हैं। पर यह अध्याय विवाह के बारे में बिलकुल नहीं है। पौलुस कुरिन्थियों को यह बता रहा है कि उन्हें अपने आत्मिक वरदानों का उपयोग कैसे करना चाहिए।
जैसे किसी व्यक्ति की देह कई अंगों से बनी होती है और हर अंग की अपनी अलग क्षमता होती है, वैसे ही पौलुस कहता है कि परमेश्वर ने कुरिन्थुस के विश्वासियों को अलग-अलग आत्मिक वरदान और क्षमताएँ दी थीं, जिनसे वे एक-दूसरे को सहारा दे सकें और एक-दूसरे से प्रेम कर सकें (1 कुरिन्थियों 12:27-28)। पर कुछ कुरिन्थी यह सोचने लगे थे कि वे आत्मिक रूप से दूसरों से बढ़कर हैं, क्योंकि वे एक बड़े ही विशेष वरदान का उपयोग करते थे—अर्थात् ऐसी भाषाएँ बोलना जो उन्होंने कभी सीखी नहीं थीं। ऊपर से, जब वे इस वरदान का उपयोग करते थे, तो कोई उनकी बात समझ ही नहीं पाता था! संक्षेप में कहें तो, जो वरदान परमेश्वर ने कलीसिया को उसकी एकता के लिए दिए थे, कुरिन्थी उन्हीं का उपयोग उसमें फूट डालने के लिए कर रहे थे।
इस सारी होड़ और एक-दूसरे से आगे निकलने की प्रवृत्ति का पौलुस ने यह उत्तर दिया कि यदि ये वरदान प्रेम में उपयोग न किए जाएँ, तो इनमें से किसी का कोई मूल्य नहीं। वह कहता है कि यदि अन्य भाषा बोलने का उसका वरदान मसीह में उसके भाई के प्रति प्रेम का काम नहीं करता, तो इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह स्वर्ग और पृथ्वी की सारी भाषाओं में गा सकता है; वह केवल शोर मचा रहा है (1 कुरिन्थियों 13:1)। इसी प्रकार, यदि भविष्यद्वाणी के वरदान का उपयोग दूसरों से प्रेम करने के लिए न किया जाए, तो वह वरदान कुछ भी नहीं है, चाहे प्रकाशन कितना ही अद्भुत क्यों न हो (1 कुरिन्थियों 13:2)। प्रेम का उद्देश्य मसीह की देह की उन्नति करना है, इसलिए विश्वासियों को अपने वरदानों का उपयोग इसी उद्देश्य के लिए करना चाहिए।
इसी कारण पौलुस कहता है कि प्रेम धीरजवन्त है, होड़ करनेवाला नहीं। प्रेम कृपालु है, अशिष्ट नहीं। प्रेम अपनी बड़ाई नहीं करता और न अपने आप को आगे बढ़ाना चाहता है। प्रेम में उपयोग किए गए आत्मिक वरदान दूसरों को अपमानित नहीं करेंगे और न पाप को बढ़ावा देंगे, बल्कि दूसरों की रक्षा करेंगे और सत्य को बढ़ावा देंगे (1 कुरिन्थियों 13:4-7)। यदि कुरिन्थी एक-दूसरे से प्रेम करने पर ध्यान दें, तो वे अपने वरदानों का उपयोग वैसे ही करेंगे जैसा परमेश्वर चाहता है, और उस लक्ष्य को पूरा करेंगे जिसके लिए परमेश्वर ने उन्हें ये वरदान दिए—अर्थात् एकता। इसी कारण पौलुस बताता है कि अन्ततः प्रेम सब आत्मिक प्रदर्शनों से अधिक समय तक बना रहेगा।
इसलिए पौलुस के ये शब्द केवल विवाह के दिन विवाहित जोड़ों के लिए नहीं, बल्कि हर विश्वासी के लिए हर दिन के लिए हैं। परमेश्वर ने मसीह की देह को भिन्न-भिन्न वरदान दिए हैं, ताकि वे प्रेम में एक-दूसरे की उन्नति करें।
