मसीह-विरोधी कौन है?मसीह-विरोधी कौन है?

मसीह-विरोधी कौन है?

इसका उत्तर यूहन्ना की पत्रियों में है

“मसीह-विरोधी” शब्द सुनकर हम में से बहुत से लोग डर जाते हैं। हमारे मन में प्रलय के दिनों की तस्वीरें उभरने लगती हैं: कोई आधी-मानवीय, आधी-आत्मिक शक्ति, या कोई विश्व नेता, जो मसीहियों को ढूँढ़-ढूँढ़कर मार डालता है। हम में से बहुत से लोग यह भी सोचकर चिंतित होते हैं कि यदि हमारे जीवनकाल में ऐसा कोई उठ खड़ा हुआ तो हमारे विश्वास का क्या होगा। कुछ लोग सोचते हैं कि क्या उन्हें चौकसी से उस “अधर्मी” जैसे किसी व्यक्ति की बाट जोहनी चाहिए, जिसका वर्णन प्रेरित पौलुस 2 थिस्सलुनीकियों में करता है, या उसकी जिसे भविष्यद्वक्ता दानिय्येल “उजाड़नेवाली घृणित वस्तु” कहता है। परन्तु बाइबल इन में से किसी को भी “मसीह-विरोधी” नहीं कहती। तो इस बात को ध्यान में रखते हुए प्रश्न यह है: मसीह-विरोधी कौन है?

मसीह-विरोधी एक नहीं, अनेक हैं

बाइबल में केवल यूहन्ना की पत्रियाँ ही ऐसी पुस्तकें हैं जिनमें मसीह-विरोधी नामक किसी का उल्लेख है, और यूहन्ना कहीं नहीं कहता कि वह केवल एक है। यूहन्ना कहता है कि संसार में बहुत से मसीह-विरोधी हैं (1 यूहन्ना 2:18, 4:1)। परन्तु इससे भी अधिक चौंकानेवाली बात यह है कि यूहन्ना के अनुसार मसीह-विरोधी संसार पर प्रभुता करने में नहीं, बल्कि कलीसियाओं के भीतर शिक्षा देने में लगे रहते हैं। आपको मसीह-विरोधियों को समाचारों में नहीं, बल्कि प्रचार-मंचों पर खोजना चाहिए। और यूहन्ना कहता है कि सभी मसीह-विरोधियों में दो बातें समान होती हैं।

मसीह-विरोधी की दो पहचान

पहली, मसीह-विरोधी वह है जो इस बात का इन्कार करता है कि यीशु ही “मसीह” है, एक ऐसा शब्द जिसका अर्थ है “अभिषिक्त जन” (1 यूहन्ना 2:22)। अभिषिक्त होने का अर्थ है कि परमेश्‍वर ने अपने लोगों का उद्धार करने के लिए किसी को अपने आत्मा से भर दिया है। इसलिए मसीह-विरोधी बस यह विश्वास नहीं करते कि यीशु की मृत्यु और पुनरुत्थान के द्वारा ही परमेश्‍वर ने अपने लोगों का उद्धार किया है (1 यूहन्ना 4:2-3)। मसीह-विरोधी अन्त के दिनों के कोई अलौकिक तानाशाह नहीं, बल्कि कलीसिया के ऐसे शिक्षक हैं जो इस बात का इन्कार करते हैं कि यीशु ही वह है जिसे परमेश्‍वर ने हमारा उद्धार करने के लिए चुना है। मसीह-विरोधी के टीवी पर दिखने की सम्भावना कम है, और प्रचार-मंच से सुनाई देने की सम्भावना अधिक। 

दूसरी, यूहन्ना कहता है कि मसीह-विरोधी केवल इस बात का इन्कार ही नहीं करते कि यीशु ही मसीह है, बल्कि दूसरों को भी अपनी मान्यताएँ सिखाते हैं। मसीह-विरोधी यीशु और उसकी आज्ञाओं के विषय में नई और भिन्न धारणाओं का प्रचार करते और उन्हें सिखाते हैं। और अक्सर मसीह-विरोधी अपने पद और प्रभाव का उपयोग उन लोगों पर दबाव डालने के लिए करते हैं जो उनसे असहमत होते हैं। 

हम मसीह-विरोधियों का सामना कैसे करें?

आत्मा से परिपूर्ण रहें। झूठे शिक्षक झूठ फैला सकते हैं, या मसीहियों को भटकाने और उन्हें हानि पहुँचाने का प्रयास कर सकते हैं, परन्तु अन्ततः वे उन लोगों के लिए खतरा नहीं हैं जो यीशु के हैं। परमेश्‍वर के आत्मा ने उन्हें सत्य से भर दिया है, इसलिए उन्हें उन झूठों से डरने की आवश्यकता नहीं जो परमेश्‍वर के शत्रु फैलाते हैं (यूहन्ना 14:16; 1 यूहन्ना 2:21)। मसीह-विरोधी संसार में रहते हैं, परन्तु परमेश्‍वर का सच्चा मसीह हम में रहता है (1 यूहन्ना 2:27a)। और जो मसीह हम में है, वह उन मसीह-विरोधियों से जो संसार में हैं, अधिक सामर्थी है (1 यूहन्ना 4:4)। 

डरें नहीं। हमें यीशु-विरोधी विचारधाराओं और तर्कों से डरने की आवश्यकता नहीं, चाहे वे प्रचार-मंच से ही क्यों न सुनाई दें। हमारे पास एक श्रेष्ठ शिक्षक है, स्वयं यीशु का आत्मा, जो हम में रहता है ताकि हमें स्मरण कराए कि सत्य क्या है (1 यूहन्ना 2:27b)। यीशु ने अपने चेलों से कहा था कि उसका आत्मा उन्हें भर देगा और सदा उन्हें सत्य सिखाएगा (यूहन्ना 14:26-27)। क्योंकि यीशु मसीहियों के भीतर रहता है, इसका अर्थ है कि कोई भी मसीह-विरोधी और कोई भी झूठी शिक्षा अन्ततः हमारे लिए, हमारे बच्चों के लिए या हमारे संसार के लिए खतरा नहीं है। जो हम में है, वह संसार की किसी भी शिक्षा, व्यक्ति या योजना से बड़ा है (1 यूहन्ना 4:4)।

यदि आप 1 यूहन्ना, मसीह-विरोधियों और झूठे शिक्षकों के विषय में और जानकारी चाहते हैं, तो हमारे अन्य निःशुल्क संसाधन यहाँ देखें।

निःशुल्क वीडियो, सीधे आपके इनबॉक्स में।