क्या हो रहा है?
राजा के रूप में अपने अन्तिम कामों में से एक के रूप में दाऊद अपने पुत्र सुलैमान को मन्दिर बनाने के लिए तैयार करता है, ताकि परमेश्वर ने उसके घराने से जो प्रतिज्ञा की थी, वह स्थिर हो जाए। परमेश्वर ने प्रतिज्ञा की थी कि वह दाऊद के पुत्र को अपना पुत्र स्वीकार करेगा और उनके घराने के राजवंश को सदा तक बनाए रखेगा (1 इतिहास 28:2-7)। इसलिए दाऊद सब प्रधानों, राज-कर्मचारियों और योद्धाओं को अपने महल में बुलाता है, ताकि अन्ततः सुलैमान का राज्याभिषेक करे (1 इतिहास 28:1)। दाऊद इकट्ठे हुए लोगों को याद दिलाता है कि उसने कई रक्तपात भरे युद्धों के द्वारा इस्राएल के लिए शान्ति स्थापित की, और ऐसा करके वह परमेश्वर का मन्दिर बनाने के अयोग्य ठहरा। फिर भी परमेश्वर ने प्रतिज्ञा की कि जो मन्दिर दाऊद नहीं बना सका, उसे सुलैमान बनाएगा। इस शुभ समाचार को ध्यान में रखते हुए दाऊद इकट्ठे हुए लोगों को आज्ञा देता है कि वे परमेश्वर की सब आज्ञाओं को सुनें। और वह अपने पुत्र को चेतावनी देता है कि उसे परमेश्वर का मार्गदर्शन खोजने में अपने आप को पूरी तरह लगा देना होगा, नहीं तो वह उस अनन्त राज्य को खो देगा जिसकी प्रतिज्ञा की गई है (1 इतिहास 28:8-10)।
फिर दाऊद सुलैमान को वह सब कुछ देता है जिसकी उसे परमेश्वर के राज्य पर शासन करने और उसका मन्दिर बनाने के लिए आवश्यकता है। वह सुलैमान को मन्दिर के नमूने सौंपता है, जिनमें भवन की बनावट की बारीकियों से लेकर मन्दिर में काम आनेवाले हर काँटे और कटोरे के तौल तक सब कुछ लिखा है (1 इतिहास 28:11-18)। दाऊद ने हज़ारों याजकीय कारीगरों, मज़दूरों और मुखियों को भी संगठित और नियुक्त कर दिया है (1 इतिहास 28:19-21)। अब सुलैमान को बस काम आरम्भ करना है।
दाऊद फिर अपने अधिकारियों की ओर मुड़कर उनसे कहता है कि जो मन्दिर सुलैमान बनाएगा, वह इस्राएल की महानता की नहीं, परन्तु परमेश्वर की महानता की गवाही है। इसका आदर करने के लिए दाऊद अपने निजी भण्डार का सारा धन दान कर देता है (1 इतिहास 29:1-5)। उसके उदाहरण पर चलते हुए इस्राएल के अगुवे अपनी इच्छा से सैकड़ों टन सोना, चाँदी और बहुमूल्य मणि दान करते हैं, ताकि परमेश्वर का भवन परमेश्वर की महानता के योग्य हो (1 इतिहास 29:6-9)।
अपने अगुवों की उदारता के उत्तर में दाऊद गाता है कि यह मन्दिर उनका नहीं, परन्तु परमेश्वर का काम है। वह स्तुति करता है कि जो परमेश्वर सब का स्वामी है, सब पर प्रभुता करता है और सबसे अधिक धनी है, उसने इस्राएल का प्रेमी पिता होने की प्रतिज्ञा की है (1 इतिहास 29:10-13)। परमेश्वर का मन्दिर बनाने के लिए उन्होंने जो कुछ दिया, वह पहले स्वयं परमेश्वर का दिया हुआ दान था (1 इतिहास 29:14-16)। दाऊद जानता है कि परमेश्वर को उनके धन की आवश्यकता नहीं, परन्तु वह उनकी सच्ची आराधना और आज्ञाकारिता चाहता है। इसलिए दाऊद प्रार्थना करता है कि उसकी प्रजा और उसका पुत्र पूरे मन से परमेश्वर की सब आज्ञाओं को सदा मानते रहें (1 इतिहास 29:17-20)।
अगले दिन इस्राएल के राजा का राज्याभिषेक होता है। हज़ारों पशुओं के बलिदान चढ़ाए जाते हैं। परमेश्वर के लोग आराधना के लिए शुद्ध किए जाते हैं और सुलैमान के शान्तिपूर्ण राज्य में इकट्ठे किए जाते हैं। फिर सुलैमान का तेल से अभिषेक किया जाता है, उसे उसके सिंहासन पर बैठाया जाता है (जिसे परमेश्वर का सिंहासन कहा गया है), और सब लोग परमेश्वर के चुने हुए राजा के सामने झुकते हैं (1 इतिहास 29:21-25)। यह अब तक के इस्राएल के इतिहास का सबसे ऊँचा शिखर है। परमेश्वर के लोग शुद्ध किए गए हैं, सुलैमान परमेश्वर के सिंहासन पर बैठा है, हर वस्तु का प्रबन्ध हो चुका है, और ऐसा लगता है कि दाऊद के पुत्र के सदा राज्य करने के मार्ग में कोई बाधा नहीं है।
सुसमाचार कहाँ है?
यदि आप राजाओं की पुस्तक से इतिहास के इस क्षण से परिचित हैं, तो आप देखेंगे कि यहाँ कुछ महत्त्वपूर्ण विवरण छोड़ दिए गए हैं। न तो दाऊद के गिरते स्वास्थ्य का उल्लेख है, और न ही दाऊद के दूसरे पुत्र द्वारा राजगद्दी छीनने के प्रयास का (1 राजाओं 1)। इतिहास की पुस्तक अपने मूल पाठकों को एक विशेष बात समझाने के लिए आदर्श रूप में प्रस्तुत इतिहास देती है। इतिहास का लेखक यह सिद्ध करना चाहता है कि जब दाऊद के वंश का कोई आज्ञाकारी राजा इस्राएल के सिंहासन पर बैठता है और मन्दिर के निर्माण को प्राथमिकता देता है, तो उसके परिणामस्वरूप सारी जाति फलती-फूलती है। यदि इतिहास के लेखक के मूल पाठक इस्राएल की पूर्व महिमा का कुछ अंश फिर से पाना चाहते हैं, तो उन्हें दाऊद के एक ऐसे पुत्र को राजा बनाना होगा जो परमेश्वर की आज्ञाओं का पालन करे और इस्राएल के मन्दिर की मरम्मत करने की प्रतिज्ञा करे।
अन्ततः दाऊद का वह पुत्र यीशु है (मत्ती 1:1)। जैसी आशा दाऊद ने सुलैमान से की थी, वैसे ही दाऊद के पुत्र यीशु ने आज्ञाकारी रहकर परमेश्वर की सब आज्ञाओं का पालन किया (यूहन्ना 5:19-20)। और जहाँ परमेश्वर ने सुलैमान को अपना पुत्र स्वीकार किया, वहाँ यीशु उससे कहीं बढ़कर स्वयं परमेश्वर का पुत्र था (मत्ती 17:5)। और यीशु के राजत्व का निर्णायक कार्य था इस्राएल के भ्रष्ट हो चुके मन्दिर को ढाना और एक नया मन्दिर बनाना (यूहन्ना 2:19-22)। सुलैमान का मन्दिर परमेश्वर के लोगों की भक्ति और उदारता के द्वारा खड़ा किया गया, और यीशु ने प्रेम में स्वयं को अर्पित करके परमेश्वर का नया मन्दिर खड़ा किया। और अपने आज्ञाकारी जीवन, मृत्यु और पुनरुत्थान के द्वारा वह परमेश्वर और उसके लोगों के बीच संगति को फिर से स्थापित करता है।
फिर, जैसे सुलैमान अपने सिंहासन पर विराजमान हुआ, वैसे ही यीशु ऊपर उठा लिया गया और सदा के लिए परमेश्वर के सिंहासन पर विराजमान हुआ। जैसे दाऊद ने अपनी प्रजा के लिए राज्य और मन्दिर का प्रबन्ध करने में अपनी ओर से सब कुछ किया, वैसे ही यीशु ने हमारे लिए उससे भी कहीं अधिक किया है। परमेश्वर की सब प्रतिज्ञाएँ यीशु में, जो सुलैमान से भी बड़ा है, पूरी हो रही हैं (मत्ती 12:42)।
स्वयं देखिए
मैं प्रार्थना करता हूँ कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जिसने हमें एक राजा दिया है। और आप यीशु को दाऊद के उस आज्ञाकारी पुत्र के रूप में देखें जिसके द्वारा उसके लोग फलते-फूलते हैं।

