क्या हो रहा है?
इस्राएल अभी-अभी टिड्डियों से उजड़ गया है। अपनी पुस्तक के पहले भाग में योएल परमेश्वर के न्याय के एक आनेवाले दिन की भविष्यद्वाणी करता है, जब एक आक्रमणकारी जाति इस्राएल को बन्दी बना लेगी (योएल 2:11)। पर अपनी पुस्तक के दूसरे भाग में योएल भविष्य के उस दिन के लिए परमेश्वर की योजनाओं का वर्णन करता है, जो प्रभु के उद्धार का दिन होगा। टिड्डियों ने जो विनाश किया था, परमेश्वर उसकी भरपाई करेगा (योएल 2:25)। अकाल में जो पशु भूखे मर रहे थे, वह उन्हें खिलाएगा (योएल 2:22)। वह फटी हुई भूमि को सींचेगा और उनके खत्तों को इतना भर देगा कि वे उमड़ने लगें (योएल 2:23-24)। पर सबसे बढ़कर, परमेश्वर प्रतिज्ञा करता है कि वह इस्राएल के साथ अपने सम्बन्ध को फिर से बहाल करेगा और उसकी छीनी गई भूमि उसे लौटा देगा (योएल 2:26-27)।
अदन से ही परमेश्वर की योजना रही है कि वह अपने लोगों के साथ वास करे। इसी कारण परमेश्वर बारी में चलता-फिरता था, इसी कारण उसने आग के खम्भे के द्वारा इस्राएल की अगुवाई की, और इसी कारण इस्राएल के पास मन्दिर था। और इसी कारण योएल कहता है कि यहोवा की दया के दिन परमेश्वर अपने आप को—अपने आत्मा को—इस्राएल के सब लोगों पर उण्डेलेगा (योएल 2:28)। पुराने नियम में परमेश्वर का आत्मा केवल उसके अगुवों और भविष्यद्वक्ताओं पर उतरता था। पर यहोवा के उद्धार के इस आनेवाले दिन में आत्मा का वरदान दीन और साधारण लोगों को भी दिया जाएगा (योएल 2:29)। दर्शन और भविष्यद्वाणी के जो वरदान कभी राजाओं के लिए ही थे, वे बच्चों और दासों को दिए जाएँगे। उस दिन सारी सृष्टि काँप उठेगी और सूर्य अंधियारा हो जाएगा—विनाश की पूर्वसूचना के रूप में नहीं, बल्कि दया के चिन्हों के रूप में (योएल 2:30-31)। और यहोवा के उस दिन, जो कोई उसका नाम लेगा, वह उद्धार पाएगा (योएल 2:32)।
और जब यहोवा के उद्धार के इस नए दिन में उनका सम्बन्ध बहाल हो जाएगा, तब इस्राएल से छीनी गई भूमि भी उसे लौटा दी जाएगी (योएल 3:1)। परमेश्वर शीघ्र ही इस्राएल पर अत्याचार करनेवालों, उसके दास बनानेवाले स्वामियों और उसके शत्रुओं को एक तराई में इकट्ठा करेगा, जो “निबटारे की तराई” या “परमेश्वर ने न्याय किया है” कहलाती है (योएल 3:2, 14)। और उस तराई में परमेश्वर इस्राएल पर आक्रमण करनेवालों का न्याय करेगा, और इस्राएल अपने पूर्वजों की भूमि में फिर से बसाया जाएगा (योएल 3:15-16)। तब परमेश्वर उस भूमि को फिर से अदन की बारी के समान बना देगा। पहाड़ों से नया दाखमधु टपकेगा, पहाड़ियों से दूध की नदियाँ बहेंगी, और निर्मल सोते भूमि को सींचेंगे (योएल 3:18)। यहोवा के उद्धार के दिन हर बिगड़ी हुई बात ठीक कर दी जाएगी। इस्राएल एक जाति के रूप में फिर से बहाल किया जाएगा।
सुसमाचार कहाँ है?
योएल ने जिन भविष्यद्वाणियों का वर्णन किया है, वे सब यीशु के द्वारा या तो पूरी हो चुकी हैं या शीघ्र पूरी होंगी। यीशु की मृत्यु के पचास दिन बाद परमेश्वर ने अपना आत्मा उण्डेला (प्रेरितों के काम 2:1-4क)। और प्रेरित पतरस ने कहा कि यह योएल की भविष्यद्वाणी को पूरा करने के लिए हुआ (प्रेरितों के काम 2:16-17)! पिन्तेकुस्त के दिन स्त्रियाँ, बच्चे और दास सब पवित्र आत्मा से भर जाते हैं। वैसी ही आग, जिसने इस्राएल की अगुवाई की थी, उन पर ठहर जाती है (प्रेरितों के काम 2:3)। पिन्तेकुस्त इस बात का प्रमाण है कि परमेश्वर का अपने लोगों के साथ सम्बन्ध बहाल हो गया है!
पर ध्यान देने योग्य बात यह है कि आत्मा का आना केवल इस्राएल तक सीमित नहीं है। सब जातियाँ जो परमेश्वर का नाम लेंगी, उद्धार पाएँगी (प्रेरितों के काम 2:21)। और आत्मा के पहले कामों में से एक यह है कि परमेश्वर के आत्मा से भरे हुए लोग वहाँ उपस्थित हर भाषा में परमेश्वर के उद्धार के दिन का प्रचार करते हैं (प्रेरितों के काम 2:4)। पिन्तेकुस्त के दिन पृथ्वी भर से आए 3,000 लोग एक नए अदन के पहले नागरिक बने (प्रेरितों के काम 2:9, 41)।
और परमेश्वर ने अब तक अपना आत्मा उण्डेलना और नए नागरिकों को एक बहाल किए गए और विश्वव्यापी इस्राएल में बुलाना बन्द नहीं किया है। यहोवा का एक दिन आनेवाला है, जब परमेश्वर संसार के सब अत्याचारियों, दास बनानेवाले स्वामियों और शत्रुओं को एक नई तराई में इकट्ठा करेगा, जहाँ वह न्याय करेगा (प्रकाशितवाक्य 16:16)। और उस तराई में परमेश्वर अपने लोगों के शत्रुओं का नाश करेगा। वह केवल इस्राएल देश को ही नहीं, बल्कि सारी पृथ्वी को फिर से अदन के समान बहाल करेगा। यहोवा के उस दिन सारी पृथ्वी नई बनाई जाएगी और हम फिर से परमेश्वर के साथ वास करेंगे (प्रकाशितवाक्य 21:1)। और उस दिन परमेश्वर के पहाड़ से एक नदी बहेगी, केवल हमारे आनन्द के लिए नहीं, बल्कि सब जातियों की चंगाई और उद्धार के लिए (प्रकाशितवाक्य 22:2)।
स्वयं देखिए
मेरी प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप परमेश्वर को न्यायी और दयालु दोनों रूपों में देख सकें। और आप यीशु की मृत्यु को यहोवा के उस दिन के रूप में देखें, जो यह प्रतिज्ञा करता है कि जो कोई उसका नाम लेगा, वह उद्धार पाएगा।

