क्या हो रहा है?
प्रेरित पौलुस ने अभी-अभी कुलुस्सियों से कहा है कि यीशु के द्वारा उन्हें नया जीवन मिला है (कुलुस्सियों 3:9-10)। वे परमेश्वर की सामर्थ्य से भरे हुए हैं। वे उन शक्तियों और प्रेरणाओं से स्वतंत्र हो गए हैं जो पहले उन पर नियंत्रण रखती थीं (कुलुस्सियों 2:8-9)। परन्तु इस स्वतंत्रता ने उनकी सामाजिक, वैवाहिक और संस्थागत परिस्थितियों को नहीं बदला है। ये विश्वासी अब भी विवाहित हैं और उनके अब भी बच्चे हैं। उनमें से कुछ तो दास हैं और कुछ दासों के स्वामी भी हैं। परन्तु पौलुस उनसे कहता है कि घर-परिवार के ये सम्बन्ध अवसर हैं। इनके द्वारा वे उस रोमी संसार के सामने, जिसमें वे रहते थे, यीशु की बदल देने वाली सामर्थ्य को प्रकट कर सकते हैं।
पत्नियों को यीशु में मिली अपनी स्वतंत्रता को अपने वर्तमान पतियों को छोड़ने, ठुकराने या उनके विरुद्ध विद्रोह करने का बहाना नहीं बनाना चाहिए। इसके बजाय उन्हें अपने पतियों के प्रति निष्ठावान बने रहना चाहिए (कुलुस्सियों 3:18)। पतियों को अपनी इच्छाएँ पूरी करने के लिए अपनी पत्नियों का मनमाना उपयोग नहीं करना चाहिए। इसके बजाय उन्हें अपनी पत्नियों से प्रेम करना चाहिए और उनकी इच्छाओं को अपनी इच्छाओं से अधिक महत्वपूर्ण समझना चाहिए (कुलुस्सियों 3:19)। बच्चों को यीशु में मिली अपनी स्वतंत्रता को माता-पिता की आज्ञा न मानने का बहाना नहीं बनाना चाहिए। इसके बजाय उन्हें और भी तत्परता से उनकी आज्ञा माननी चाहिए (कुलुस्सियों 3:20)। माता-पिता को अपने स्वर्गीय पिता का अनुकरण करना चाहिए और अपने अधिकार का उपयोग अपने बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए करना चाहिए (कुलुस्सियों 3:21)। जो दास यीशु के कारण अपनी स्वतंत्रता की माँग कर सकते थे, उन्हें इसके बजाय अपने स्वामियों की आज्ञा माननी चाहिए। ऐसा उन्हें स्वामियों को प्रसन्न करने के लिए नहीं करना है, बल्कि उस परमेश्वर को प्रसन्न करने के लिए करना है जो दासों को अपने राज्य का वारिस बनाता है (कुलुस्सियों 3:22-24)। परमेश्वर न दासों का पक्षपात करता है और न स्वामियों का। इसलिए दासों के स्वामियों को स्मरण रखना चाहिए कि उनका भी वही स्वामी है जो उनके अधीन काम करने वालों का है (कुलुस्सियों 4:1)। वे अपने दासों से श्रेष्ठ नहीं हैं। यदि वे अपने अधीन काम करने वालों के साथ न्याय और निष्पक्षता का व्यवहार नहीं करते, तो उनका न्याय किया जाएगा (कुलुस्सियों 3:25)।
पौलुस चाहता है कि कुलुस्सियों के घर सबके सामने सुसमाचार के चित्र हों। परन्तु पौलुस जानता है कि विवाह में, बच्चों के रूप में और दूसरों की सेवा करते हुए यीशु के समान जीना कठिन होगा। इसके लिए प्रार्थना और धन्यवाद की आवश्यकता होगी (कुलुस्सियों 4:2)। ये वे पाठ हैं जो पौलुस ने बन्दीगृह में सीखे, और जिन पर उसे स्वयं भी अब तक ध्यान देने की आवश्यकता है (कुलुस्सियों 4:3-4)। कठिन परिस्थितियों को सहने के लिए उन सबको प्रार्थना की आवश्यकता है। और उन सबको इस बात के लिए आशा और धन्यवाद से भरे रहना है कि परमेश्वर परिवारों और घरों के द्वारा काम करता है, ताकि यीशु की सामर्थ्य को और संसार को स्वतंत्र करने की उसकी क्षमता को प्रकट करे (कुलुस्सियों 4:5-6)।
सुसमाचार कहाँ है?
हमारे जीवन के सबसे महत्वपूर्ण सम्बन्ध संसार के सामने यीशु के प्रेम और सामर्थ्य को प्रकट करने के सबसे बड़े अवसरों में से हैं। पति अपनी पत्नियों के लिए त्याग करते हैं और पत्नियाँ उनके प्रति निष्ठा प्रकट करती हैं। तब वे मिलकर कलीसिया और यीशु के आत्म-बलिदानी प्रेम का जीवित चित्र बन जाते हैं (इफिसियों 5:24-25)। जब बच्चे अपने माता-पिता की आज्ञा मानते हैं, तो वे अपने पिता के प्रति यीशु की आज्ञाकारिता को प्रतिबिम्बित करते हैं (यूहन्ना 5:19)। जब माता-पिता धीरज के साथ अपने बच्चों को सिखाते हैं, तो वे आज्ञा न मानने वाले संसार के प्रति परमेश्वर के धीरज को प्रदर्शित करते हैं (रोमियों 2:4)। जो दूसरों की सेवा करते हैं, वे यीशु की उस बलिदानी सेवा को साकार करेंगे जो हमारा उद्धार करती है (फिलिप्पियों 2:7-8)। और परमेश्वर का भय माननेवाले नियोक्ता यह प्रतिबिम्बित करते हैं कि परमेश्वर न्याय करने के लिए अपने अधिकार का उपयोग कैसे करता है। विवाह, बचपन, माता-पिता की भूमिका और काम, (आंशिक रूप से) इसलिए हैं कि वे सबके सामने यीशु के सुसमाचार का चित्र प्रस्तुत करें।
परन्तु ये सम्बन्ध केवल यीशु की सामर्थ्य और प्रेम के प्रदर्शन नहीं हैं; इनके द्वारा हम उसमें सहभागी भी होते हैं। जब हम अपने सम्बन्धों के लोगों से प्रेम करते हैं, तो हम परमेश्वर का प्रेम देते भी हैं और पाते भी हैं (मत्ती 25:40)। विवाह, परिवार और काम पवित्र स्थान हैं जहाँ हम यीशु से आमने-सामने मिलते हैं। पवित्रशास्त्र अलग-अलग स्थानों पर यीशु का वर्णन पति, पुत्र, पिता, भाई, दास और स्वामी के रूप में करता है। यीशु स्वयं को माता के समान भी बताता है, उस मुर्गी के समान जो अपने बच्चों की रक्षा करना चाहती है (लूका 13:34)। हम परमेश्वर के प्रेम का जो अनुभव करेंगे, उसकी सबसे जीवंत अभिव्यक्तियों में विवाह, परिवार और कार्यस्थल भी हैं। जिन लोगों से हमारा सम्बन्ध है, जब हम उनके लिए त्याग करते हैं, उनसे प्रेम करते हैं, उनकी सेवा करते हैं, उनकी आज्ञा मानते हैं और उनके प्रति निष्ठावान बने रहते हैं, तब हम ये सब यीशु के लिए कर रहे होते हैं। जब दूसरे हमारे लिए ऐसा करते हैं, तब यीशु हमसे प्रेम कर रहा होता है।
पौलुस दूसरी जगह परमेश्वर की कलीसिया के लोगों को यीशु की देह बताता है (1 कुरिन्थियों 12:27)। और जब तक यीशु लौट न आए, तब तक देखता हुआ यह संसार यीशु की उस देह को, जो उसके लिए बलिदान हुई, तब देखेगा और अनुभव करेगा जब पति, पत्नियाँ, माता-पिता, बच्चे और काम करनेवाले एक-दूसरे से प्रेम करेंगे और एक-दूसरे का आदर करेंगे।
स्वयं देखिए
मैं प्रार्थना करता हूँ कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो हमें स्वतंत्रता और जीवन देता है। और आप यीशु को उस व्यक्ति के रूप में देखें जो हमारे सबसे महत्वपूर्ण सम्बन्धों के द्वारा संसार के सामने अपने प्रेम और सामर्थ्य को प्रकट करता है।


