क्या हो रहा है?
यीशु के जन्म के वृत्तांत में तनाव और पीड़ा से भरे क्षण हैं: टूटने की कगार पर पहुँचा एक विवाह, राजनीतिक छल, ख़तरे से बचकर भागना और यहाँ तक कि शिशुओं का संहार भी। फिर भी हर कठिन दृश्य के साथ मत्ती हमें बताता है कि परमेश्वर पवित्रशास्त्र को पूरा कर रहा है। वह ऐसा इसलिए करता है ताकि दिखा सके कि परमेश्वर अपनी योजनाओं को पूरा करने के लिए विरोध का भी उपयोग करेगा।
सबसे पहले मत्ती हमें एक भविष्यद्वाणी बताता है कि एक कुँवारी गर्भवती होगी और उसके बालक का नाम इम्मानुएल रखा जाएगा, जिसका अर्थ है “परमेश्वर हमारे साथ” (यशायाह 7:14)। मरियम ही वह गर्भवती कुँवारी है (मत्ती 1:18)। उसका मंगेतर यूसुफ उसे त्यागने ही वाला था कि एक स्वर्गदूत आकर उससे कहता है कि बालक का नाम यीशु रखना, जिसका अर्थ है “परमेश्वर उद्धार करता है” (मत्ती 1:21)। परमेश्वर यीशु में लोगों के साथ रहकर उन्हें उनके पापों से उद्धार देगा।
पूरे होनेवाले अगले दो पवित्रशास्त्र-वचन यीशु को मूसा की कहानी से जोड़ते हैं। बैतलहम पर अधिकार रखनेवाले राजा ने दो वर्ष और उससे कम आयु के सब लड़कों को मरवाकर यीशु को मार डालना चाहा (मत्ती 2:18)। दर्शन में चेतावनी पाकर यीशु और उसका परिवार मिस्र भाग जाते हैं। मूसा के समान यीशु भी एक हत्यारे राजा के हाथों हुए शिशुओं के संहार से बच निकलता है (निर्गमन 1:22)। और मूसा के समान यीशु भी इस्राएल को उसकी दासता से सदा के लिए छुड़ाने को उठ खड़ा होगा।
भविष्यद्वक्ताओं के वचन को एक बार फिर पूरा करने के लिए परमेश्वर यूसुफ से कहता है कि अब मिस्र छोड़कर घर लौटना सुरक्षित है। जैसे इस्राएल मिस्र से निकल आया था, वैसे ही यीशु भी मिस्र से निकल आता है (मत्ती 2:20)। यीशु केवल नया मूसा ही नहीं, बल्कि नया इस्राएल भी है। जिस-जिस बात में इब्रानी लोग असफल हुए, उसमें वह सफल होता है। यीशु वह पूरा करेगा जो इस्राएल कभी न कर सका, अर्थात् प्रभु के प्रति पूर्ण आज्ञाकारिता।
सुसमाचार कहाँ है?
यदि परमेश्वर हस्तक्षेप न करता, तो यीशु के जन्म से जुड़ी हर बात बिगड़ जाती। यूसुफ मरियम को त्याग देता, हेरोदेस यीशु को मार डालता, यूसुफ मिस्र को न भागता और परिवार सुरक्षित लौटकर न आ पाता।
परमेश्वर ने सबसे बुरी परिस्थिति में हस्तक्षेप किया, ताकि उद्धार की वह महान कहानी पूरी हो जिसे वह हज़ारों वर्षों से सुनाता आ रहा था।
जैसे परमेश्वर ने तब हस्तक्षेप किया, वैसे ही वह आज भी हस्तक्षेप करता है। यदि यीशु न होता, तो हम अपने पापों में मरे हुए होते (इफिसियों 2:1)। परन्तु यीशु आत्मिक रूप से मरे हुओं को जीवन देने के लिए हस्तक्षेप करता है। जैसी उसके नाम में प्रतिज्ञा थी, वह हमारा उद्धार करता है। यही शुभ सन्देश है।
जैसे यीशु के जन्म की परिस्थितियों ने पुराने नियम के वचनों को पूरा किया, वैसे ही यीशु के जीवन, मृत्यु और पुनरुत्थान ने उसे दिए गए नामों को पूरा किया। यीशु इम्मानुएल है, अर्थात् परमेश्वर जो हमारा उद्धार करने के लिए हमारे साथ है।
स्वयं देखिए
पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो उद्धार लाने के लिए हस्तक्षेप करता है। और आप यीशु को उस व्यक्ति के रूप में देखें जो हमें हमारे पापों से उद्धार देने के लिए हमारे साथ है।


