क्या हो रहा है?
मत्ती हमें बताता है कि भविष्यद्वक्ता यशायाह ने एक ऐसे शब्द की भविष्यद्वाणी की थी जो इस्राएल के प्रभु के आगमन की घोषणा करेगा (यशायाह 40:3)। मत्ती बताता है कि यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाला ही वह शब्द है और यीशु ही वह प्रभु है।
भीड़ की भीड़ बपतिस्मा लेने के लिए यूहन्ना के पास आती है। यूहन्ना समझाता है कि उसका बपतिस्मा अस्थायी है और तैयारी के लिए है। वह राज्य के निकट आने का प्रचार करता है (मत्ती 3:2), परन्तु जब राजा आएगा तो वह उसके सामने फीका पड़ जाएगा। राजा पवित्र आत्मा और आग से बपतिस्मा देगा (मत्ती 3:11)।
यीशु जल के पास आता है और यूहन्ना से कहता है कि वह उसे बपतिस्मा दे (मत्ती 3:13)। जब वह जल में से ऊपर आता है, तो मत्ती हमारे सामने त्रिएकता का एक चित्र रखता है: परमेश्वर पुत्र देह में, परमेश्वर आत्मा कबूतर के रूप में, और परमेश्वर पिता एक आकाशवाणी के रूप में जो कहती है, “यह मेरा प्रिय पुत्र है” (मत्ती 3:17)। परमेश्वर की उपस्थिति का यह अनोखा प्रकटीकरण इस बात की पुष्टि करने के लिए है कि यीशु ही वह है जिसकी इस्राएल बाट जोह रहा था।
सुसमाचार कहाँ है?
यूहन्ना की यह प्रतिज्ञा कि यीशु पवित्र आत्मा से बपतिस्मा देगा, प्रेरितों के काम 2 में पिन्तेकुस्त के दिन की ओर संकेत करती है। उस दिन जिन लोगों ने यीशु पर विश्वास किया, वे बपतिस्मा के जल में तो डुबोए ही गए, पर साथ ही पवित्र आत्मा में भी डुबोए गए।
जब यीशु ने बपतिस्मा में पाप-अंगीकार और मन फिराव के एक प्रतीकात्मक कार्य में भाग लिया, तब उसने स्वयं को हमारे और हमारे पाप के साथ एक कर लिया। परन्तु यीशु का बपतिस्मा हमें उसके साथ, उसकी पवित्रता और उसकी सामर्थ्य के साथ एक कर देता है, जब हम उसके आत्मा से ढँक दिए जाते हैं।
यीशु ने आग के बपतिस्मा का भी उल्लेख किया। यूहन्ना विस्तार से बताता है कि यह आग न्याय की आग है (मत्ती 3:12)। जो लोग अपने पापों से मन नहीं फिराते और आनेवाले प्रभु पर भरोसा नहीं रखते, उन्हें उस आग का सामना करना पड़ेगा जो कभी नहीं बुझती।
यही सुसमाचार की चकित कर देनेवाली सुन्दरता है। जिसे न्याय करने का पूरा अधिकार है, वही न्याय करने के बजाय हमारी मानवता में प्रवेश करता है, हमारी निर्बलता को उठाता है, और हमारी ओर से पाप और मृत्यु की शक्ति पर जय पाता है। और हम भी पुनरुत्थान के जीवन के लिए जिलाए जाएँगे, जिसका चित्र बपतिस्मा के जल में से हमारे ऊपर आने में दिखाई देता है (रोमियों 6:5)। जब ऐसा होगा, तब हम भी अपने ऊपर ऐसी ही घोषणा सुनेंगे—कि हम भी परमेश्वर के बेटे और बेटियाँ कहलाते हैं।
यीशु के द्वारा हम परमेश्वर के परिवार में लेपालक होकर सम्मिलित किए गए हैं (रोमियों 8:16)। पवित्र आत्मा के वरदान और हमारे भीतर उसके वास के द्वारा, हम सनातन त्रिएक परमेश्वर के साथ घनिष्ठ सम्बन्ध में लाए जाते हैं। यह सचमुच शुभ समाचार है!
स्वयं देखिए
पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो अपने लोगों को उनके उद्धारकर्ता के लिए तैयार करता है। और आप यीशु को उस निष्पाप जन के रूप में देखें, जो हमारी मानवता में प्रवेश करता है, हमारी निर्बलता में सहभागी होता है, और हमें अपने आत्मा से भर देता है, ताकि हम परमेश्वर के बेटे और बेटियों के रूप में जीवन जी सकें।


