क्या हो रहा है?
यहोशू अपने अंतिम शब्दों में से कुछ के द्वारा इस्राएल को परमेश्वर की विश्वासयोग्यता की याद दिलाता है (यहोशू 24:3)। वह उन्हें चेतावनी भी देता है कि मूर्तिपूजकों से विवाह करके और उनकी सांस्कृतिक और धार्मिक रीतियों में सम्मिलित होकर वे परमेश्वर के किए हुए काम को निष्फल न करें (यहोशू 23:7)।
परमेश्वर ने कनान को उसके व्यभिचार और धार्मिक अनुष्ठान के रूप में बच्चों की बलि चढ़ाने के कारण विनाश के लिए अर्पित किया था (लैव्यव्यवस्था 18:3, व्यवस्थाविवरण 12:31)। यदि इस्राएल अब उन रीतियों को सहन करना चुनता है और उन्हें करनेवालों का नाश नहीं करता, तो इस्राएल को भी उसी प्रकार के विनाश की अपेक्षा रखनी चाहिए (यहोशू 23:13)। इस्राएल को अपने नए देश में शान्ति मिली है, पर वह उसकी आत्मिक और नैतिक पवित्रता पर निर्भर है (यहोशू 23:16)।
फिर यहोशू इस्राएल को यह याद दिलाकर प्रोत्साहित करता है कि जिस देश पर वे खड़े हैं, उसकी प्रतिज्ञा अब्राहम से की गई थी (यहोशू 24:2)। वह बताता है कि परमेश्वर ने अपनी प्रतिज्ञा के मार्ग में आनेवाली हर बाधा को कैसे नष्ट कर दिया। जिस देश के वे अब अधिकारी हैं, जिन नगरों में वे रहते हैं, और जिन खेतों की वे कटनी करते हैं, वे सब इस बात के प्रमाण हैं कि परमेश्वर ने अपनी प्रतिज्ञा पूरी की है (यहोशू 24:8)।
लोग उत्तर में प्रण करते हैं कि वे केवल परमेश्वर ही की सेवा करेंगे और अन्य देवताओं की उपासना नहीं करेंगे (यहोशू 24:16)। परन्तु यहोशू उनसे कहता है कि वे असफल होंगे। यहोशू पहले से बताता है कि इस्राएल की भक्ति के लिए परमेश्वर की जलन की बराबरी उनकी भक्ति कभी नहीं कर पाएगी (यहोशू 24:19)। इस्राएल ज़ोर देकर कहता है कि वे विश्वासयोग्य रहेंगे, इसलिए यहोशू एक स्मारक खड़ा करता है (यहोशू 24:26)। उसका उद्देश्य इस्राएल को उनकी वाचा की याद दिलाना और यदि वे असफल हों तो उनके विरुद्ध साक्षी ठहरना है (यहोशू 24:17)।
सुसमाचार कहाँ है?
अपनी मृत्यु से पहले यीशु ने अपने 12 चेलों को वैसे ही बुलाया जैसे यहोशू ने इस्राएल के 12 गोत्रों को बुलाया था। यीशु अपने चेलों को ढाढ़स देता है और समझाता है कि वह उन्हें अनन्त देश के बिना छोड़ने के बजाय मरना पसन्द करेगा (यूहन्ना 15:3-4)। परन्तु यहोशू के विपरीत, वह चेलों के अविश्वासयोग्य होने, आज्ञा मानने में असमर्थ होने और मूर्तिपूजा की भविष्यवाणी नहीं करता। इसके बजाय, यीशु उनसे प्रतिज्ञा करता है कि वह उनके पास पवित्र आत्मा को भेजेगा, जो उन्हें वह सब कुछ स्मरण कराएगा और मनवाएगा जिसकी आज्ञा यीशु ने दी थी (यूहन्ना 14:26)
यीशु पहले से बताता है कि उसके लोग अन्ततः अपने परमेश्वर की सुनेंगे, उसकी आज्ञा मानेंगे और उससे पूरे मन से प्रेम करेंगे। परमेश्वर सदा से अपने लोगों के हृदय चाहता था। और अपने लोगों के प्रति परमेश्वर का प्रेम हमें एक देश देने पर समाप्त नहीं होता, बल्कि तब विश्राम पाता है जब परमेश्वर स्वयं हम में अपना वास-स्थान बनाता है (यूहन्ना 14:23)। वह हमें परमेश्वर के प्रति उस प्रेम से भर देता है जिसका कनान में इस्राएल के पास अभाव था, और ऐसी शान्ति देता है जो उस शान्ति से कहीं बढ़कर है जिसे इस्राएल ने अपनी सीमाओं के भीतर अनुभव किया था (यूहन्ना 14:27)।
परमेश्वर ने इस्राएल के लिए घर सुनिश्चित करने को सब कुछ किया, यद्यपि वे स्वयं को उसमें बसे रहने के अयोग्य ठहरा सकते थे। परन्तु यीशु इससे भी बढ़कर सुनिश्चित करता है। वह हमसे ऐसे राज्य की प्रतिज्ञा करता है जो हमसे छीना नहीं जा सकता—और ऐसे हृदय की जो उसके आत्मा से भरा हो। जब वह हमें अपने आत्मा से भरता है, तो वह हमें सदा के लिए अपने देश में अपने लोग बना लेता है।
स्वयं देखिए
पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो अपनी प्रतिज्ञाएँ पूरी करने के लिए सब कुछ करता है। और आप यीशु को उस व्यक्ति के रूप में देखें जो अपनी वाचा को बनाए रखने के लिए हमें पवित्र आत्मा देता है।

