क्या हो रहा है?
दो भविष्यद्वाणियों में यहेजकेल इस्राएल के विश्वासघात का, और अपने परमेश्वर को त्याग देने के परिणामों का वर्णन करता है। पूरी बाइबल में इस्राएल को एक विशेष रूप से चुनी हुई दाखलता के रूप में दिखाया गया है, जिसे संसार को फल और जीवन देना था (उत्पत्ति 49:22; भजन संहिता 80:8-11; यशायाह 5:1-7)। परन्तु यहेजकेल की पहली भविष्यद्वाणी में इस्राएल में कोई फल नहीं है, और दाखलताएँ सूखी और भुरभुरी हो चुकी हैं। हर दूसरी प्रकार की सूखी लकड़ी से कुछ न कुछ उपयोगी (जैसे फर्नीचर) बनाया जा सकता है, परन्तु मरी हुई दाखलता केवल एक ही काम अच्छे से कर सकती है—जलना (यहेजकेल 15:1-5)। बाबेल के पहले आक्रमण में परमेश्वर ने इस्राएल के कई भ्रष्ट अगुवों को बँधुआई में बाबेल की राजधानी भेजकर उसकी बहुत सी “दाखलताओं” को जला दिया था। और यहेजकेल भविष्यद्वाणी करता है कि जल्द ही परमेश्वर बाबेल को फिर भेजेगा, ताकि इस्राएल के और भी अधिक लोग बँधुआई में ले जाए जाएँ (यहेजकेल 15:6-8)।
दूसरी भविष्यद्वाणी में यहेजकेल एक सजीव चित्र के द्वारा इस्राएल का वर्णन एक नंगी नवजात बच्ची के रूप में करता है, जिसे मरने के लिए वीराने में छोड़ दिया गया था (यहेजकेल 16:1-5)। जब परमेश्वर उसे देखता है, तो तुरन्त उसे उठा लेता है, अपने घर ले जाता है और अपनी देखरेख में उसे नया जीवन देता है (यहेजकेल 16:6)। जब वह बढ़कर युवती बन जाती है, तो परमेश्वर सदा उसकी रक्षा और देखभाल करने की प्रतिज्ञा करता है। इसलिए वह उससे विवाह करता है (यहेजकेल 16:7-8)। एक स्नेही पति के समान परमेश्वर उसे उत्तम से उत्तम वस्त्रों और गहनों के उपहारों से लाद देता है। फिर एक राजा के समान वह उसे ऊँचा उठाकर अपनी रानी के रूप में राज्य करने के लिए बैठाता है (यहेजकेल 16:9-14)। ये सब चित्र इस्राएल को याद दिलाने के लिए हैं कि किस प्रकार परमेश्वर ने उसे मिस्र की बँधुआई से छुड़ाया और उस देश में, जिसकी उसने उनसे प्रतिज्ञा की थी, उसे एक राज्य दिया।
इस्राएल के इतिहास को इसी सजीव ढंग से आगे सुनाते हुए यहेजकेल बताता है कि इस्राएल कितनी जल्दी अपने नए पति को छोड़ देती है। वह अपनी सुन्दरता और शक्ति का लाभ उठाकर ऐसी वेश्या बन जाती है जिसकी सारे संसार में माँग है। वह परमेश्वर के दिए उपहारों से पूजा-स्थल और मूर्तियाँ बनाती है, ताकि अन्य जातियों के देवताओं के साथ व्यभिचार करे (यहेजकेल 16:15-19)। बहुत से परदेशी राजाओं की कृपा पाने की लालसा में वह अपने ही बच्चों को पराई वेदियों पर बलि चढ़ा देती है। इस्राएल के आरम्भ में परमेश्वर ने जो देखभाल और करुणा दिखाई थी, उसे वह पूरी तरह भूल जाती है, और जो प्रेम और सुरक्षा परमेश्वर ने उसे सेंत-मेंत दी थी, उसी के लिए वह परदेशी जातियों को दाम चुकाने लगती है (यहेजकेल 16:20-34)। क्योंकि परमेश्वर की दुल्हन को अपने आप को बेचना और संसार के सामने अपने को नंगा करना इतना प्रिय है, इसलिए परमेश्वर कहता है कि वह उसके सब यारों को इकट्ठा करेगा और उन्हें उसके साथ मनमानी करने देगा। अपने विश्वासघात और मूर्तिपूजा के कारण इस्राएल उन्हीं जातियों के हाथों लूटी जाएगी जिन्हें उसने कभी दाम दिया था (यहेजकेल 16:35-42)। यहेजकेल यहाँ तक कहता है कि यरूशलेम सदोम और सामरिया से भी बुरा है—ये दोनों नगर अपनी दुष्टता और व्यभिचार के लिए कुख्यात थे (यहेजकेल 16:43-52)।
आश्चर्य की बात यह है कि यहेजकेल कहता है, इस्राएल के उजाड़ दिए जाने के बाद परमेश्वर उसे उसकी पहली सुन्दरता फिर से लौटा देगा (यहेजकेल 16:53-58)। इस्राएल ने परमेश्वर का क्रोध भड़काने योग्य सब कुछ किया, फिर भी परमेश्वर वचन देता है कि वह अपनी विवाह की प्रतिज्ञाओं को नया करेगा (यहेजकेल 16:59-61)। परमेश्वर एक बार फिर आकर उसके पिछले विश्वासघात को क्षमा करेगा और अपनी भटकी हुई दुल्हन के लिए सदा तक प्रेम करनेवाला पति बना रहेगा (यहेजकेल 16:62-63)।
सुसमाचार कहाँ है?
यहेजकेल की भविष्यद्वाणियाँ पढ़ने में कठिन लग सकती हैं, परन्तु यही तो उनके उद्देश्य का हिस्सा है। वे इस्राएल को झकझोरने के लिए हैं, ताकि वह अपने कामों की भयावहता को देख सके। परमेश्वर की दृष्टि में उनके राजनीतिक और धार्मिक विश्वासघात ने इस्राएल को एक निर्लज्ज वेश्या, या आग के लिए तैयार सूखी लकड़ी बना दिया है। परन्तु यहेजकेल कहता है कि यद्यपि इस्राएल एक भगोड़ी दुल्हन है, फिर भी परमेश्वर उसका पीछा करनेवाला पति है। अन्ततः परमेश्वर, जो दूल्हा है, यीशु में होकर अपनी विश्वासघाती दुल्हन को फिर से जीत लेने के लिए आया।
यीशु का पहला आश्चर्यकर्म एक विवाह में हुआ, और यीशु के आरम्भिक अनुयायियों में कुछ वेश्याएँ और व्यभिचारी लोग भी थे (यूहन्ना 2:1-12; मत्ती 21:31)। यीशु वही परमेश्वर है जो अपनी भटकी हुई दुल्हन से विवाह करना चाहता है। यहेजकेल में परमेश्वर का अपनी दुल्हन का पीछा करना इस रूप में दिखाई दिया कि उसने एक छोटी बच्ची की रक्षा की, उसे अपनी रानी बनाया और उसे उपहारों से लाद दिया। परन्तु यीशु का अपनी भगोड़ी दुल्हन का पीछा करना उन बड़े दुःखों में दिखाई देता है जो उसने उसके विश्वासघातों को धो डालने के लिए सहे। उसे ऐसी गरिमा का वस्त्र पहनाने के लिए जिसके वह योग्य नहीं थी, क्रूस पर स्वयं यीशु के वस्त्र उतार लिए गए (यूहन्ना 19:23-24)। उसके घावों को चंगा करने के लिए वह पीटा गया और मार डाला गया (1 पतरस 2:24)। यीशु ने अपमान और मृत्यु से होकर अपनी दुल्हन का पीछा किया, ताकि वह अपनी दुल्हन के पिछले व्यभिचार को सदा के लिए धो डाले (इफिसियों 5:25-27)। यीशु ही यहेजकेल की भविष्यद्वाणियों का विश्वासयोग्य पति है।
कोई भी बात परमेश्वर को अपने लोगों का पीछा करने से नहीं रोक सकती। यीशु की कहानी हमारे सामने प्रमाणित करती है कि ऐसा कोई विश्वासघात, व्यभिचार या मूर्तिपूजा नहीं है जिसे परमेश्वर क्षमा करने को तैयार न हो। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप परमेश्वर से कितनी दूर भागे हैं, क्योंकि परमेश्वर आपकी ओर दौड़ा चला आ रहा है। और इसी समय वह आपको सदा के लिए अपने प्रिय के रूप में ग्रहण करने को तैयार खड़ा है।
स्वयं देखिए
मैं प्रार्थना करता हूँ कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो अपने लोगों के विश्वासघात के बावजूद उनसे प्रेम करता है। आप यीशु को वही जानें जो अपनी दुल्हन के लिए मरा, ताकि उसे अपना जीवन और अपनी महिमा दे।

