क्या हो रहा है?
पतरस अपनी पहली पत्री को दो अंतिम प्रोत्साहनों के साथ समाप्त करता है। पहला प्रोत्साहन पूरे एशिया माइनर में तितर-बितर उसकी कलीसियाओं के अगुवों, अर्थात् प्राचीनों के लिए है। उन्हीं की तरह पतरस भी कलीसिया का एक अगुवा है और इसके कारण उसने दुःख उठाया है (1 पतरस 5:1)। परन्तु पतरस अगुवों को भी उसी सच्चाई से प्रोत्साहित करता है जो उसने उनके सदस्यों को दी थी: दुःख महिमा की ओर ले जाता है। इन अगुवों को अपने छोटे-छोटे झुण्डों की रखवाली इस तत्परता के साथ करनी चाहिए कि वे यीशु के बलिदानी और धार्मिक जीवन के जीवित उदाहरण बनें, चाहे इसकी कोई भी कीमत चुकानी पड़े (1 पतरस 5:2-3)। यीशु ने प्रमाणित किया कि स्वेच्छा से दुःख में अगुवाई करना और दुःख के बीच सेवा करना ही महिमा का मार्ग है (1 पतरस 5:4)।
दुःख की अनिवार्यता और कलीसिया के अगुवों को रखवालों के रूप में दिखाने वाला चित्र, दोनों ही यीशु के साथ पतरस के व्यक्तिगत अनुभव से गहराई से जुड़े हैं। पतरस के जीवन की एक कुख्यात घटना यह है कि जब यीशु ने कहा कि उसे दुःख उठाना अवश्य है, तो पतरस ने उसे झिड़का, और यीशु ने उसे शैतान कहकर उत्तर दिया (मत्ती 16:23)। दुःख की अनिवार्यता का इन्कार करना एक शैतानी झूठ है। और पतरस के तीन बार यीशु का इन्कार करने के बाद, यीशु ने तीन बार यह वाक्य दोहराकर उसे कलीसिया की अगुवाई के लिए बुलाया: “मेरे मेमनों को चरा” (यूहन्ना 21:15)। अगुवों के लिए पतरस का यह प्रोत्साहन कि वे परमेश्वर की कलीसिया के मेमनों की रखवाली करें और स्वेच्छा से दुःख उठाएँ, यीशु के अनुयायी के रूप में उसकी सबसे गहरी असफलता से निकला है।
इन्हीं क्षणों से पतरस का वह प्रोत्साहन भी आकार लेता है जो वह इन कलीसियाओं के नवयुवक सदस्यों को देता है। दुःख के विषय में पतरस के अहंकार के कारण परमेश्वर ने आमने-सामने उसका विरोध किया था, इसलिए वह नवयुवक विश्वासियों को स्मरण दिलाता है कि “परमेश्वर अभिमानियों का सामना करता है, परन्तु दीनों पर अनुग्रह करता है” (1 पतरस 5:5)। जो युवा अगुवाई करने के लिए उतावले हैं, उन्हें पतरस स्मरण दिलाता है कि जब वह दीन किया गया और नम्रता से यीशु के अधीन हुआ, केवल तभी उसे अधिकार का पद दिया गया (यूहन्ना 21:15)। नम्रता और दुःख कभी व्यर्थ नहीं जाते। परमेश्वर के बलवन्त हाथ ने यीशु को मृत्यु के अपमान से जिलाया, और वह निश्चय ही सब विश्वासियों की उनकी चिन्ता और सताव में देखभाल करेगा (1 पतरस 5:6-7)।
पतरस चेतावनी देता है कि नम्रता का अर्थ नासमझ होना नहीं है। शैतान सताव के द्वारा भी और इस झूठ के द्वारा भी उनका शिकार कर रहा है कि दुःख से बचा जा सकता है (1 पतरस 5:8)। पतरस नहीं चाहता कि उसके चेले उसकी गलतियों को दोहराएँ। इन कलीसियाओं को यह जानते हुए शैतान का सामना करना है कि क्रूस पर चढ़ाए गए यीशु के अनुयायियों के लिए दुःख अटल है। परन्तु उनकी आनेवाली अनन्त महिमा भी उतनी ही अटल है (1 पतरस 5:9-10)।
पतरस अपनी पत्री को यह कहकर समाप्त करता है कि वह बाबेल से लिख रहा है (1 पतरस 5:13)। बाबेल इस्राएल के इतिहास में एक प्राचीन नगर था। पतरस के समय तक वह नष्ट हो चुका था, परन्तु परमेश्वर के लोगों के विरोधी समाज का प्रतीक बन गया था। यह एक अंतिम स्मरण है कि ये विश्वासी, चाहे उनकी राष्ट्रीयता कुछ भी हो, सदा परदेशी ही रहेंगे। यीशु के अनुयायी सदा परदेशी हैं, और बहुत से परदेशियों की तरह इसी कारण उनसे घृणा की जाएगी।
सुसमाचार कहाँ है?
यीशु पर अपने विश्वास के कारण दुःख के अटल होने को स्वीकार करना कठिन है, फिर उसमें अपनी कलीसियाओं की अगुवाई करना या उससे प्रोत्साहन पाना तो और भी कठिन है। परन्तु संसार भर में और पूरे इतिहास में यीशु के अधिकांश अनुयायियों को दुःख न उठाने का विकल्प कभी दिया ही नहीं गया। पतरस यह नहीं मानकर चलता कि जीवन दुःख से रहित होना चाहिए, बल्कि वह यह तर्क देता है कि धन्य जीवन दुःख के बीच से होकर ऊपर उठता है। यीशु के अनुयायियों के लिए दुःख का अटल होना एक शुभ समाचार है, क्योंकि इसका अर्थ है कि महिमा, आशीष, आदर और सामर्थ्य भी अटल हैं। पतरस कहता है कि जब हम थोड़ी देर तक दुःख उठा चुकेंगे, तो सब प्रकार के अनुग्रह का दाता परमेश्वर हमें सिद्ध करेगा, बलवन्त और स्थिर करेगा, और अपनी सामर्थ्य में अनन्तकाल के लिए दृढ़ करेगा (1 पतरस 5:10-11)।
सरकारों, परिवारों और मित्रों के द्वारा होने वाला सताव अक्सर क्रोध और कड़वाहट उत्पन्न कर सकता है। परन्तु पतरस चाहता है कि आपकी पहली प्रतिक्रिया आनन्द हो। जब यीशु के विषय में प्रचार करने के कारण पतरस को रोका गया और उसे कोड़े लगाए गए, तो वह इस बात से आनन्दित होकर गया कि वह यीशु के नाम के लिए दुःख उठाने के योग्य ठहरा (प्रेरितों के काम 5:41)। यह इसलिए नहीं था कि पतरस साहसी था और मार-पीट से उसे डर नहीं लगता था। (याद रखिए, उसने यीशु का इन्कार किया था!) पतरस इसलिए आनन्दित हो सकता है क्योंकि उस नाम के लिए आत्मिक और शारीरिक रूप से दुःख उठाना उसे यीशु से और उसके आनेवाले पुनरुत्थान से जोड़ता है (1 पतरस 5:10)।
स्वयं देखिए
मैं प्रार्थना करता हूँ कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें उस परमेश्वर की ओर खोले जिसने दुःख उठाया और मर गया। और आप यीशु को उस व्यक्ति के रूप में देखें जो यह निश्चितता देता है कि जब हम उसके साथ दुःख उठाते हैं, तो हमारा पुनरुत्थान अटल है।

