क्या हो रहा है?
पौलुस और उसके सहकर्मी सीलास ने थिस्सलुनीके में एक कलीसिया की शुरुआत की। पर केवल तीन सप्ताह बाद ही हिंसक यहूदी धर्मगुरुओं के एक समूह ने उन्हें नगर से निकाल दिया। ये अगुवे जल्द ही उन लोगों को सताने लगे जिन्हें पौलुस के इस संदेश पर विश्वास हो गया था कि कैसर के अलावा एक और राजा है, अर्थात् यीशु (प्रेरितों के काम 17:1-10; 1 थिस्सलुनीकियों 2:17-3:11)। इसके उत्तर में पौलुस एक पत्र भेजता है। इसके आरम्भिक अनुच्छेदों का अधिकांश भाग वह इन नए विश्वासियों के लिए और परमेश्वर ने उनके लिए जो कुछ किया है, उसके लिए परमेश्वर का धन्यवाद करने में लगाता है (1 थिस्सलुनीकियों 1:2-3)। वह याद करता है कि कैसे उन्होंने यीशु के विषय में उसके संदेश को उत्सुकता से ग्रहण किया और उसके बाद आए भारी सताव को सहकर आनन्द के साथ यीशु के उदाहरण पर चले (1 थिस्सलुनीकियों 1:4-6)। परमेश्वर के प्रति थिस्सलुनीकियों की विश्वासयोग्यता और थिस्सलुनीके की मूर्तिपूजा को उनके द्वारा ठुकराए जाने का समाचार तो पूरे भूमध्य सागर के क्षेत्र में फैल चुका था। पौलुस उनसे कहता है कि जब तक वे यीशु की प्रतीक्षा करते हैं कि वह उन्हें उनके सतानेवालों से छुड़ाए, तब तक वे धीरज के साथ दुःख उठाते रहें (1 थिस्सलुनीकियों 1:7-10)।
थिस्सलुनीकियों पर हो रहे सताव का एक हिस्सा पौलुस और सीलास के विरुद्ध चलाया गया बदनामी का अभियान था। उन पर यह आरोप लगाया गया कि वे गली-गली घूमनेवाले लालची प्रचारक हैं जो मुश्किल आते ही अपने चेलों को छोड़ देते हैं। इस पर पौलुस थिस्सलुनीकियों को याद दिलाता है कि उन्होंने उनके लिए बहुत दुःख सहे हैं। थिस्सलुनीके पहुँचने से पहले वे यीशु का प्रचार करने के कारण फिलिप्पी के बन्दीगृह में रह चुके थे, और उनके पीछे-पीछे आए विरोध और दंगों के बावजूद वे थिस्सलुनीके में शिक्षा देते रहे (1 थिस्सलुनीकियों 2:1-2)। उन्होंने अपनी सुख-सुविधा पक्की करने के लिए किसी छल या चालबाज़ी का सहारा नहीं लिया; बल्कि, जैसी अपेक्षा रखना यीशु ने उन्हें सिखाया था, उनकी सेवकाई दुःख उठाने की सेवकाई रही है (1 थिस्सलुनीकियों 2:3-6)। लालची प्रचारक होना तो दूर, वे उनके लिए त्याग करनेवाले माता-पिता के समान थे (1 थिस्सलुनीकियों 2:7-12)। थिस्सलुनीकियों ने धोखा नहीं खाया था, बल्कि उन्होंने पहचान लिया था कि जो संदेश उन्होंने सुना वह सीधे परमेश्वर की ओर से था। वे यीशु के उस आत्मिक परिवार में शामिल हो गए जो बढ़ रहा था पर दुःख भी उठा रहा था (1 थिस्सलुनीकियों 2:13-15)। और क्योंकि वे वैसे ही दुःख उठा रहे हैं जैसे यीशु ने दुःख उठाया, वे निश्चिन्त रह सकते हैं कि परमेश्वर उन्हें उस दिन तक सामर्थ्य और बल देता रहेगा जब वह उनके शत्रुओं से निपटेगा और अपने सताए हुए परिवार को न्याय दिलाएगा (1 थिस्सलुनीकियों 2:16)।
सुसमाचार कहाँ है?
यीशु की मृत्यु और पुनरुत्थान का सुसमाचार सुनने के केवल कुछ ही सप्ताह बाद थिस्सलुनीकी लोग पूरे भूमध्य सागर के क्षेत्र में विश्वास के आदर्श बन गए हैं। कोई आश्चर्य नहीं कि पौलुस अपने पत्र का अधिकांश भाग उनकी विश्वासयोग्यता के लिए प्रार्थना करने और परमेश्वर की स्तुति करने में लगाता है।
पर थिस्सलुनीकी कोई असाधारण मसीही नहीं हैं। उनमें अधिकांश लोगों से अधिक हिम्मत या दृढ़ता नहीं है। पौलुस कहता है कि दुःख सहने और भक्तिपूर्ण जीवन जीने की उनकी अद्भुत क्षमता का कारण यह है कि उन्होंने यीशु के सुसमाचार को सीधे परमेश्वर की ओर से आए संदेश के रूप में ग्रहण किया (1 थिस्सलुनीकियों 2:13)। जब उन्होंने यह स्वीकार किया कि यीशु की मृत्यु और पुनरुत्थान उनके स्थान पर हुआ, तो वह सुसमाचार उनके जीवन में एक सक्रिय शक्ति बन गया। इस विश्वास ने कि यीशु ने उनके लिए दुःख उठाया, उन्हें यीशु के लिए दुःख उठाने की सामर्थ्य दी। अन्य स्थानों पर पौलुस परमेश्वर के वचन के “जीवित और प्रबल” होने की बात करता है, और यह भी बताता है कि यीशु की ओर देखना उन लोगों को कैसे बदल देता है जो उसके संदेश पर विश्वास करते हैं (2 तीमुथियुस 3:16; 2 कुरिन्थियों 3:18)। थिस्सलुनीकी लोग इस बात का जीवित प्रमाण हैं कि यीशु अपने लोगों को सताव सहने और अपने विश्वास में परिपक्व होने की सामर्थ्य देता है।
पौलुस के दिनों से लेकर आज तक हमारी परीक्षाएँ और सताव कम नहीं हुए हैं, पर परमेश्वर के वचन के सुसमाचार की बदल देनेवाली सामर्थ्य भी कम नहीं हुई है। यदि आप विश्वासयोग्य बने रहने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और भक्तिपूर्ण जीवन जीने के लिए पूरा ज़ोर लगा रहे हैं, फिर भी बहुत कम सफलता देख रहे हैं, तो पौलुस और थिस्सलुनीकी दोनों आपसे यही कहेंगे, “जी उठे यीशु की ओर देखो।” यीशु की मृत्यु और पुनरुत्थान में सामर्थ्य और आशा है। अपनी असफलताओं पर मनन करने के बजाय, इस पर मनन कीजिए कि यीशु ने क्या किया है, और फिर देखिए कि कैसे परमेश्वर स्वयं अपने वचन के द्वारा—और यीशु की सामर्थ्य के द्वारा—आपको सामर्थ्य देता और बदलता है।
स्वयं देखिए
मैं प्रार्थना करता हूँ कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो दुःख के द्वारा अपने लोगों को बदलता है। और आप यीशु को स्पष्ट रूप से देखें, ताकि आप ऐसे लोग बनते जाएँ जो धीरज के साथ दुःख उठाते हैं और जो एक दिन सदा के लिए जीवित रहेंगे।

