क्या हो रहा है?
प्रेरित पौलुस कलीसिया को परमेश्वर का घर कहता है (1 तीमुथियुस 3:15)। और रोमी शासन के अधीन अधिकांश घरों की तरह, परमेश्वर के शासन के अधीन घरों में भी पुरुष और स्त्रियाँ, और साथ ही अगुवे और दास भी होते हैं। परन्तु फूट डालनेवाले शिक्षकों के एक समूह ने परमेश्वर की कलीसिया के भीतर की व्यवस्था पर विवाद खड़ा किया, और इस प्रकार परमेश्वर के घर की एकता को खतरे में डाल दिया (1 तीमुथियुस 1:3)।
बहुत से लोग अपने रोमी हाकिमों से कुढ़ने लगे थे (1 तीमुथियुस 2:1-2क)। परन्तु पौलुस कहता है कि परमेश्वर का घर शान्ति से बढ़े, इसके लिए यीशु के अनुयायियों को उन लोगों के लिए प्रार्थना करनी चाहिए जो उन पर शासन करते हैं (1 तीमुथियुस 2:2ख-4)। यीशु सब लोगों के लिए मरा (1 तीमुथियुस 2:5)। और उसका लहू यहूदियों और अन्यजातियों, धनी और निर्धन, दासों और हाकिमों, सबके लिए परमेश्वर के घर में प्रवेश करना सम्भव बनाता है (1 तीमुथियुस 2:6)। परमेश्वर के परिवार को विद्रोह या फूट के लिए नहीं, बल्कि शान्ति और एकता के लिए अपने आप को समर्पित करना चाहिए।
इसलिए पुरुषों से कहा गया है कि वे अपनी राजनीतिक या सामाजिक स्थिति पर कुढ़कर मुट्ठियाँ तानने के बजाय, प्रार्थना में अपने हाथ उठाएँ (1 तीमुथियुस 2:8)। और स्त्रियाँ महँगे वस्त्र पहनकर निर्धनों को अलग-थलग करने के बजाय, भक्ति और भले कामों से अपने आप को सँवारें (1 तीमुथियुस 2:9-10)।
पौलुस यह चेतावनी भी देता है कि तीमुथियुस की कलीसिया में स्त्रियों का एक विशेष समूह वही दोहराने की कगार पर है जो अदन की वाटिका में हुआ था। जैसे हव्वा झूठे शिक्षक शैतान के प्रभाव में आ गई थी, वैसे ही ये स्त्रियाँ नए झूठे शिक्षकों के प्रभाव में आ गई हैं (1 तीमुथियुस 2:14)। और जैसे हव्वा ने आदम को फल खाना सिखाया, वैसे ही ये स्त्रियाँ दूसरों को परमेश्वर के घर के नियम छोड़ देना सिखाती हैं। पौलुस कहता है कि स्त्रियों को ऐसा नहीं करना चाहिए। जैसे परमेश्वर ने पहले आदम को बनाया, वैसे ही परमेश्वर ने तीमुथियुस को उनकी कलीसिया में शिक्षक ठहराया है (1 तीमुथियुस 2:13)। ये स्त्रियाँ तीमुथियुस और अन्य पुरुष अगुवों के अधिकार को कमज़ोर करके परमेश्वर के घर में फूट डाल रही हैं (1 तीमुथियुस 2:12)। इसके बजाय, इन स्त्रियों को अपने अगुवों से नम्रतापूर्वक सीखना चाहिए कि परमेश्वर पवित्रशास्त्र में क्या कहता है (1 तीमुथियुस 2:11)। इस बात से कुढ़ने के बजाय, इन स्त्रियों को याद रखना चाहिए कि उद्धार की कहानी में स्त्रियाँ भी सहभागी हैं। और मातृत्व तथा बालक यीशु के जन्म के द्वारा सब लोग—पुरुष और स्त्रियाँ दोनों—उद्धार पाते हैं (1 तीमुथियुस 2:15)।
इसके बाद पौलुस परमेश्वर के घर में दो प्रकार के अगुवों की योग्यताओं की बात करता है: अध्यक्ष और सेवक। वे अपने घरों की अगुवाई और सेवा कैसे करते हैं, यही बात उन्हें परमेश्वर के घर की अगुवाई और सेवा करने के योग्य ठहराती है (1 तीमुथियुस 3:4-5,12)। फूट डालनेवाले शिक्षकों के विपरीत, इन अगुवों को झूठी शिक्षा नहीं देनी चाहिए। शुद्ध विवेक के साथ उन्हें सत्य को जानना और सिखाना चाहिए (1 तीमुथियुस 3:2, 9)। इन अगुवों को निर्दोष, आदर के योग्य (1 तीमुथियुस 3:2, 8, 11), और बाहरवालों में सुनाम होना चाहिए (1 तीमुथियुस 3:7, 10)।
सुसमाचार कहाँ है?
यीशु ने पुरुषों और स्त्रियों, अन्यजातियों और यहूदियों, शासकों और दासों को एक नए प्रकार के घर में एक कर दिया है। और परमेश्वर के घर के सदस्य एक-दूसरे के साथ जैसा व्यवहार करते हैं, उसी से संसार यीशु को जानेगा (1 तीमुथियुस 3:16)। जो पुरुष कुढ़न को त्यागकर प्रार्थना को अपनाते हैं, वे सरकारों को शान्ति स्थापित करने के लिए प्रेरित करेंगे। जो स्त्रियाँ सत्ता हथियाने को त्यागकर भले कामों को अपनाती हैं, वे ऐसा परिवार बनाएँगी जिसमें निर्धनों की उपेक्षा नहीं होती। सत्य सिखानेवाले भक्त अगुवों की बात न केवल उनके पड़ोसी, बल्कि जातियाँ भी सुनेंगी। यीशु का पुनरुत्थान परमेश्वर के घर के सदस्यों को संसार को बचाने की सामर्थ्य देता है। और अंततः बुराई की कोई भी शक्ति, कोई फूट या कोई राजनीतिक सत्ता उस कलीसिया को नहीं उलट सकती जिसकी अगुवाई ऐसे चरित्रवान पुरुष और स्त्रियाँ करते हैं जो प्रार्थना करते हैं, नम्रता से सीखते हैं और भलाई करते हैं, क्योंकि वे यीशु के पुनरुत्थान की सामर्थ्य से भर गए हैं।
अपनी मृत्यु में यीशु सामर्थ्य को नम्र सेवा के रूप में नए सिरे से परिभाषित करता है। और यह शुभ समाचार है कि न तो साम्राज्य की सत्ता को उलट देना और न ही परमेश्वर के घर के अगुवों का अधिकार छीन लेना यीशु का मार्ग है। यीशु के मार्ग का अर्थ है कि निर्बल, प्रार्थना करनेवाले और नम्र लोग ही जय पाते हैं। यीशु ने उन रोमियों के लिए प्रार्थना की जिन्होंने उसे क्रूस पर चढ़ाया (लूका 23:34)। यीशु दास बन गया, और अब वह सारे जगत पर राज्य करता है (फिलिप्पियों 2:8-9)। परमेश्वर ने यीशु की नम्रता और प्रार्थना के द्वारा मृत्यु को निष्फल कर दिया। और जब नम्र और चरित्रवान पुरुष और स्त्रियाँ भी ऐसा ही करते हैं, तो परमेश्वर की कलीसिया कभी नहीं गिरेगी। इसलिए जैसे पौलुस तीमुथियुस की कलीसिया को प्रोत्साहित करता है, आइए, हम प्रार्थना करें।
स्वयं देखिए
पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जिसने अपने पुत्र के द्वारा एक संयुक्त कलीसिया स्थापित की है। और आप यीशु को ऐसे जन के रूप में देखें जो हमें एकता की खोज करने और सत्य सिखाने की सामर्थ्य और प्रोत्साहन देता है।

