क्या हो रहा है?
इस्राएल में उथल-पुथल मची है। लेवियों और बारह गोत्रों, दोनों ने विद्रोह किया है। इसके परिणामस्वरूप तम्बू के सामने 250 लोग मारे गए और छावनी में 14,700 लोगों की मृत्यु हुई।
लोग अब यह वास्तविकता महसूस करने लगे हैं कि पापी होकर एकमात्र, सच्चे और पवित्र परमेश्वर के निकट रहने का क्या अर्थ है। 17:13 में लिखी उनकी सामूहिक पुकार सुनिए: “जो कोई यहोवा के निवास के तम्बू के समीप आता है, वह मारा जाता है। क्या हम सब के सब नाश हो जाएँगे?”
परमेश्वर अपने लोगों के बीच वास करता रहे, इसके लिए यह आवश्यक था कि एक ओर पापी लोगों और दूसरी ओर पवित्र परमेश्वर के बीच कोई आड़ हो। याजक इसी काम के लिए ठहराए गए थे।
परमेश्वर सब के सामने हारून, उसके पुत्रों और उसके लेवी गोत्र की पुष्टि करता है कि वे ही वह एकमात्र समूह हैं जिसे उसने अपने प्रतिनिधि होकर अपनी उपस्थिति के तम्बू के भीतर और आस-पास सेवा करने के लिए चुना है (17:5)। वह यह एक चमत्कार के द्वारा करता है। वह हारून की छड़ी में फूल खिला देता है, जबकि बाकी बारह गोत्रों के प्रधानों की छड़ियाँ निर्जीव ही रहती हैं (17:8)।
परमेश्वर लेवियों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को फिर से पक्का कर रहा है। इतने विद्रोह और मृत्यु के बाद इसकी बहुत आवश्यकता थी।
इतनी मृत्यु के बाद एक और बात की भी आवश्यकता थी। छावनी को सब लाशों से साफ़ करने का कोई उपाय चाहिए था। परन्तु वे अशुद्ध हुए बिना लाशों को छू नहीं सकते थे (19:11)।
इसलिए परमेश्वर एक उपाय देता है। एक लाल कलोर को नगर के बाहर ले जाकर पापबलि के रूप में बलि चढ़ाया जाता था (19:2)। इस कलोर की राख को जल में मिलाकर शुद्ध करने वाला घोल बनाया जाता था। मृत्यु के सम्पर्क में आने के बाद लोगों और उनके घरों पर यह घोल छिड़का जा सकता था, ताकि वे शुद्ध हो जाएँ (19:12)।
सुसमाचार कहाँ है?
परमेश्वर ने हारून को अपना मध्यस्थ चुना। इसका प्रमाण यह था कि एक निर्जीव छड़ी में से कली फूट निकली। परन्तु अंततः परमेश्वर ने यीशु को अंतिम मध्यस्थ चुना। और इसका प्रमाण यह था कि उसकी देह निर्जीव कब्र में से जीवित होकर निकल आई (प्रेरितों के काम 17:31)।
इस्राएल ने इस अंश में जो प्रश्न पूछा था, अब हमारे पास उसका पूरा और अंतिम उत्तर है। जो कोई परमेश्वर के निकट आता है, वह मरता है। क्या हम सब के सब नाश हो जाएँगे? जो कोई भी उस काम पर भरोसा रखता है जो यीशु ने क्रूस पर उसके लिए किया, उसके लिए अब इसका उत्तर एक दृढ़ “नहीं!” है (इब्रानियों 4:16)।
जैसे जल और कलोर की राख का घोल छिड़का जाता था, वैसे ही नया नियम हमें बताता है कि जब हम यीशु पर विश्वास करते हैं, तो हम पर हमारे अंतिम पापबलि, अर्थात् स्वयं मसीह के लहू का छिड़काव होता है (इब्रानियों 10:22)।
यह कलोर की राख की तरह केवल मृत्यु की अशुद्धता को ही दूर नहीं करता, बल्कि स्वयं मृत्यु को ही दूर कर देता है। जिन पर इस नए और उत्तम घोल का छिड़काव हुआ है, वे वैसे ही जी उठेंगे जैसे मसीह जी उठा (रोमियों 8:11)। जैसे यीशु कब्र में से जी उठा, वैसे ही वे भी पुनरुत्थान में कब्र से फूट निकलेंगे। सुसमाचार के कारण वे मृत्यु पर जय पाएँगे।
स्वयं देखिए
मेरी प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा आपको ऐसी आँखें दे जिनसे आप उस परमेश्वर को देख सकें जो हमारी ओर से काम करने के लिए मध्यस्थ ठहराता है। और मेरी प्रार्थना है कि आप यीशु को उस अंतिम और अनन्त मध्यस्थ के रूप में देखें, जिसके द्वारा हम मृत्यु के भय के बिना सदा परमेश्वर की उपस्थिति में जीवित रह सकते हैं।

