क्या हो रहा है?
मरकुस में अब तक यीशु की पहचान छिपी हुई थी। पर जब यीशु पूछता है, तो पतरस उससे कहता है, “तू मसीह है” (मरकुस 8:29)।
“मसीह” का अर्थ है “अभिषिक्त जन।” पुराने नियम में राजाओं का राज्याभिषेक होते समय उनका अभिषेक किया जाता था। यह इस बात का चिन्ह था कि परमेश्वर ने उन्हें अगुवाई करने के लिए अलग किया है। यीशु समझाता है कि उसके राज्याभिषेक में मरना और तीन दिन के बाद मरे हुओं में से जी उठना शामिल होगा (मरकुस 8:31)। वह चेतावनी देता है कि जो कोई उसके पीछे आना चाहता है, उसे भी मरना होगा (मरकुस 8:34)। यीशु अपने आप को “मनुष्य का पुत्र” कहते हुए यह सन्देश तीन बार दोहराता है।
इसके बाद यीशु पतरस, याकूब और यूहन्ना को एक पहाड़ पर ले जाता है, जहाँ उनके सामने उसकी महिमा प्रकट होती है और मूसा और एलिय्याह उसके साथ दिखाई देते हैं (मरकुस 9:3)। स्वर्ग से परमेश्वर की गूँजती हुई आवाज़ आती है, “यह मेरा प्रिय पुत्र है” (मरकुस 9:7)।
पहाड़ से उतरते समय भी चेले यह नहीं समझ पाते कि “मनुष्य के पुत्र” को दुःख उठाने की क्या आवश्यकता है (मरकुस 9:10)। यीशु उन्हें यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले की याद दिलाता है। यूहन्ना ने केवल मनुष्य के पुत्र के विषय में बोलने के कारण दुःख उठाया। इसलिए यदि मनुष्य का पुत्र भी दुःख उठाए, तो चेलों को आश्चर्य नहीं करना चाहिए।
पहाड़ के नीचे एक भीड़ यीशु की प्रतीक्षा कर रही है। एक व्यक्ति, जिसके पुत्र में दुष्टात्मा है, यीशु के पास आता है, क्योंकि उसके चेले उसे निकाल नहीं सके (मरकुस 9:18)। यीशु कहता है कि पिता और भीड़ दोनों अविश्वासी हैं (मरकुस 9:19)। पिता व्याकुल होकर विनती करता है, “मेरे अविश्वास का उपाय कर!” यीशु दुष्टात्मा को निकालकर उत्तर देता है। जब दुष्टात्मा निकल जाती है, तो लड़का मुर्दे के समान दिखाई देता है, जब तक कि यीशु उसका हाथ पकड़कर उसे भूमि से उठा नहीं देता।
सुसमाचार कहाँ है?
“मनुष्य का पुत्र” वाक्यांश दानिय्येल की पुस्तक के एक दर्शन से आता है, जिसमें चार बड़े पशु संसार को नष्ट कर देते हैं। उस मलबे में से “मनुष्य के सन्तान सा” कोई स्वर्ग तक ऊपर उठता है और परमेश्वर के पास बैठाया जाता है (दानिय्येल 7:13)।
एक स्वर्गदूत समझाता है कि यह मनुष्य का पुत्र उन सब पुरुषों और स्त्रियों का प्रतिनिधि है, जिन्हें उन पशुओं ने रौंद डाला। जिस किसी ने उनके पंजों तले दुःख उठाया और प्राण खोए, वह तब ऊपर उठाया जाएगा जब यह प्रतिनिधि परमेश्वर के पास अपना आसन ग्रहण करेगा (दानिय्येल 7:18)। यीशु ही दानिय्येल में वर्णित मनुष्य का पुत्र है। जब वह मरा और जी उठा, तो वह परमेश्वर के सिंहासन तक ऊपर उठाया गया और राजा के रूप में उसका राज्याभिषेक हुआ। सुसमाचार यह है कि यदि हम उसके साथ दुःख उठाते और मरते हैं, तो यीशु हमारा प्रतिनिधि है! वह निश्चय ही हमें जिलाएगा और सामर्थ्य के साथ अपने संग बैठाएगा (इफिसियों 2:6)।
इस बात पर भरोसा करना कठिन है कि दुःख और मृत्यु सामर्थ्य और जीवन तक पहुँचा सकते हैं। उस व्यक्ति के समान, जिसके पुत्र में दुष्टात्मा थी, हमें भी अपने अविश्वास में सहायता की आवश्यकता है। परन्तु यीशु ने कहा, “विश्वास करनेवाले के लिये सब कुछ हो सकता है।” यीशु उस व्यक्ति के पुत्र को मरे हुओं में से उठाकर प्रमाणित करता है कि यह सच है (मरकुस 9:23)। यदि हम विश्वास करते हैं कि यीशु मनुष्य का पुत्र है, चाहे यह असम्भव ही क्यों न लगे, तो यीशु हमें भी उठाने के लिए तैयार है और उसमें ऐसा करने का सामर्थ्य भी है।
स्वयं देखिए
मेरी प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो दुःख उठाने के द्वारा विजय पाता है। और आप यीशु को उस जन के रूप में देखें, जो हमारे विश्वास को ग्रहण करता है और हमें उठाकर अपने साथ सिंहासनों पर बैठाता है।

