क्या हो रहा है?
फरीसियों को पवित्रशास्त्र की अपनी समझ पर बड़ा घमण्ड था। जब यीशु लोगों को चंगा करने और उनके पाप क्षमा करने लगा, तो उन्हें ठोकर लगी। अगली तीन घटनाओं में मरकुस हमें इसका कारण दिखाता है: फरीसियों को यीशु से ठोकर इसलिए लगी क्योंकि उन्होंने पवित्रशास्त्र को गलत समझा था।
पहली घटना में फरीसी सोचते हैं कि यीशु के चेले उपवास क्यों नहीं करते (मरकुस 2:18)। यीशु कहता है कि उसकी सेवकाई एक विवाह के समान है और वह स्वयं दूल्हा है। आनन्द के इस समय में बारातियों का उपवास करना उचित नहीं होगा। फरीसियों को ठोकर इसलिए लगी क्योंकि वे नहीं समझ पाए कि यीशु ही वह दूल्हा है जिसका आनन्द मनाया जा रहा है।
इसके बाद फरीसी यीशु पर सब्त तोड़ने का आरोप लगाते हैं, क्योंकि विश्राम के लिए ठहराए गए दिन भोजन के लिए खेत से बालें तोड़ी गईं (मरकुस 2:24)।
यीशु उन्हें याद दिलाता है कि राजा दाऊद ने याजक से वह पवित्र रोटी ली थी जिसे केवल याजकों को खाने की अनुमति थी (1 शमूएल 21:6)। जो काम सामान्यतः वर्जित था, उसे करने का अधिकार दाऊद को इसलिए था क्योंकि वह इस्राएल का राजा था।
अन्त में, यीशु सब्त के दिन सूखे हाथवाले एक मनुष्य को चंगा करता है। वह कहता है कि विश्राम के दिन भी भलाई करना उचित है (मरकुस 3:4)। चाहे इसके लिए सब्त के दिन काम ही क्यों न करना पड़े, किसी को मरने देने से उसका प्राण बचाना कहीं उत्तम है।
यीशु उस विश्राम का प्रत्यक्ष उदाहरण दे रहा है जो सब्त को देना था। आखिरकार, “सब्त का दिन मनुष्य के लिये बनाया गया है, न कि मनुष्य सब्त के दिन के लिये” (मरकुस 2:27)।
और क्योंकि यीशु फरीसियों के पवित्रशास्त्र पढ़ने के ढंग को झकझोर देता है, वे उसे अपने और दूसरों के लिए खतरा समझते हैं। उसी समय से फरीसी उसे मार डालने की युक्ति करने लगते हैं (मरकुस 3:6)।
सुसमाचार कहाँ है?
फरीसियों को अपने पड़ोसी से अधिक व्यवस्था के प्रति अपनी निष्ठा प्रिय थी, और इससे पता चलता है कि वे व्यवस्था को कितना कम समझते थे। यीशु हमारे लिए पवित्रशास्त्र का सही अर्थ बताने और उसे पूरा करने आया।
पुराने नियम में परमेश्वर को अपनी दुल्हन इस्राएल का दूल्हा कहा गया है (यशायाह 54:5)। उसके चेले उपवास नहीं करते थे क्योंकि वे आनन्द मना रहे थे कि परमेश्वर आ गया है। यीशु कह रहा है कि वह स्वयं दूल्हा परमेश्वर है, जो देह में प्रकट हुआ है।
यीशु सब्त के दिन का प्रभु भी है। जैसे राजा होने के नाते दाऊद को पवित्र रोटी पर अधिकार था, वैसे ही राजा दाऊद का वारिस होने के नाते यीशु पवित्र सब्त का उपयोग किसी मनुष्य के हाथ को चंगा करने के लिए पूरे अधिकार से कर सकता है।
मरकुस रचित सुसमाचार के अन्त में हम यीशु को घात किया हुआ और सब्त के दिन कब्र में रखा हुआ पाते हैं (मरकुस 15:42)। परन्तु सब्त के दिन कब्र में विश्राम करने के बाद वह जी उठा, और इससे यह प्रमाणित हुआ कि वह किसी मनुष्य का हाथ चंगा करने से कहीं बढ़कर कर सकता है: वह उस पर विश्वास करनेवाले सब लोगों को सब्त का सच्चा विश्राम देता है।
स्वयं देखिए
मेरी प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जिसने हमारी भलाई के लिए हमें सब्त की आज्ञाएँ दीं, और यीशु को उस व्यक्ति के रूप में पहचान सकें जो हमें सब्त का पूरा और अंतिम विश्राम देता है।

