1600 वर्ष पहले मसीहियों ने यीशु के जीवन के अंतिम दिनों को “पवित्र सप्ताह” कहना आरम्भ किया। “मॉन्डी” एक लातीनी शब्द से आया है, जिसका अर्थ है वाचा। मॉन्डी गुरुवार उस दिन को स्मरण करता है जब यीशु ने अपने चेलों के साथ अंतिम भोजन किया और उन्हें एक नई वाचा दी।
अब तक यीशु के अंतिम दिनों में से हर दिन यह और भी स्पष्ट करता गया है कि वह मौजूदा धार्मिक व्यवस्था को ढा देना और एक नए राज्य की शुरुआत करना चाहता है। धार्मिक अगुवे इसी संदेश के कारण यीशु को मार डालने का उपाय ढूँढ़ रहे थे, और यीशु के अपने ही चेलों में से एक, यहूदा, ने अभी-अभी अपने गुरु को पकड़वाने की पेशकश की है (लूका 22:4-6)। और फसह के पहले दिन यहूदा यह तय करता है कि वह यीशु को एक चुम्बन के द्वारा पकड़वाएगा।
फसह यहूदियों का एक पर्व था, जिसमें यह दोहराया जाता था कि परमेश्वर ने अपने लोगों को मिस्र के दासत्व से कैसे छुड़ाया। परमेश्वर ने प्रतिज्ञा की थी कि यदि उसके लोग एक मेम्ने का बलिदान करें, उसके लहू को अपने दरवाज़ों के ऊपर और चारों ओर लगाएँ, और फिर उस बलि किए गए मेम्ने को अख़मीरी रोटी के साथ खाएँ, तो वह उन्हें स्वतंत्र करेगा (निर्गमन 12:1-10)। परमेश्वर ने इस वाचा को तब पूरा किया जब भोजन के बाद एक स्वर्गदूत आया और उसने फ़िरौन के पहलौठे पुत्रों को और उन सब के पहलौठों को मार डाला जिन्होंने परमेश्वर की उस योजना का विरोध किया था जिसके द्वारा वह अपने लोगों को स्वतंत्र करना चाहता था। परन्तु पहलौठों की मृत्यु के बाद परमेश्वर के लोग मिस्री शक्ति से स्वतंत्र हो गए और जल्द ही उनका अपना एक राज्य बन गया।
यीशु अपने चेलों से इस दिन को मनाने की तैयारी करने को कहता है (लूका 22:7-13)। परन्तु मेम्ना और रोटी खाते हुए और दाखरस पीते हुए, यीशु उन प्रतीकों के अर्थ को एक नई दिशा देता है। यीशु के अनुसार, वे केवल उद्धार के एक बीते हुए कार्य की ओर पीछे ही नहीं देखते, बल्कि आगे एक नए उद्धार की ओर भी देखते हैं। यीशु ने रोटी ली और कहा, “‘यह मेरी देह है, जो तुम्हारे लिये दी जाती है; मेरे स्मरण के लिये यही किया करो।’ इसी रीति से उसने भोजन के बाद कटोरा भी यह कहते हुए दिया, ‘यह कटोरा मेरे उस लहू में जो तुम्हारे लिये बहाया जाता है नई वाचा है’” (लूका 22:19-20)। पहले फसह पर परमेश्वर की वाचा ने प्रतिज्ञा की थी कि एक बलि किए गए मेम्ने और एक मरे हुए पहलौठे के बाद स्वतंत्रता और एक राज्य मिलेगा। और उसी भोज में यीशु एक नई वाचा बाँधता है और प्रतिज्ञा करता है कि परमेश्वर के पहलौठे की बलि की गई देह और लहू के द्वारा परमेश्वर के लोग एक बार फिर स्वतंत्र किए जाएँगे। परन्तु पहले उन्हें उसकी देह और लहू को ग्रहण करना, खाना और पीना होगा।
इस क्षण के बाद बहुत कुछ होता है। यहूदा यीशु को पकड़वाने के लिए भोजन छोड़कर चला जाता है। चेले इस बात पर बहस करते हैं कि उनमें सबसे बड़ा अगुवा कौन है। यीशु प्रार्थना करने के लिए पास के एक बगीचे में जाता है और थोड़ी देर के लिए परमेश्वर से विनती करता है कि वह यह ज़िम्मेदारी—वह लहू भरा कटोरा बनना, जिसे उसने अभी-अभी दिया था—उससे हटा ले। यहूदा एक भीड़ के साथ लौटता है जो यीशु को घसीटकर यहूदी महासभा के पास ले जाती है। चेले तितर-बितर हो जाते हैं। पतरस, जो चेलों में प्रमुख था, इस बात से भी इन्कार करता है कि वह अपने स्वामी को जानता है। फिर धार्मिक अगुवे यीशु को विधर्मी ठहराकर दोषी करार देते हैं और सूर्योदय तक उसे पीटते रहते हैं।
परन्तु मॉन्डी गुरुवार एक शुभ संदेश है, क्योंकि यीशु घोषणा करता है कि इन अंतिम घड़ियों का अंधकार और निराशा स्वतंत्रता और एक राज्य की ओर ले जाएँगे। जैसे रोटी तब तक खाई नहीं जा सकती जब तक वह तोड़ी न जाए, और दाखरस तब तक पिया नहीं जा सकता जब तक वह उण्डेला न जाए, वैसे ही लहू के बिना वाचा नहीं बाँधी जा सकती। जैसा हम पहले कह चुके हैं, “मॉन्डी” एक लातीनी शब्द से आया है, जिसका अर्थ है वाचा। और इस दिन यीशु प्रतिज्ञा करता है कि हमारी स्वतंत्रता की वाचा की कीमत वह स्वयं चुकाएगा। जैसे इस्राएल एक मेम्ने के लहू के द्वारा दासत्व से स्वतंत्र किया गया, वैसे ही हम यीशु के लहू के द्वारा दासत्व से स्वतंत्र किए गए हैं। वही वह पहलौठा पुत्र है जिसे खो दिया गया, ताकि हम अब इस संसार की शक्तियों, परीक्षाओं, पापों और उनके परिणामों के बंधुए न रहें। मॉन्डी गुरुवार के कारण हम यीशु के नए और अनन्त राज्य के स्वतंत्र नागरिक हैं।
इसलिए मेरी प्रार्थना है कि इस मॉन्डी गुरुवार को आप यीशु की देह और लहू को एक नई वाचा के रूप में ग्रहण करें—परमेश्वर की यह प्रतिज्ञा कि वह आपको स्वतंत्र करेगा और आपको अपने राज्य में ले आएगा।


