क्या हो रहा है?
मीका की पुस्तक तीन मुकद्दमों में बँटी हुई है। इस दूसरे मुकद्दमे में मीका इस्राएल के न्यायियों और भविष्यद्वक्ताओं को परमेश्वर का आरोप और निर्णय सुनने के लिए बुलाता है (मीका 3:1)।
इस्राएल के न्यायी अपनी अदालतों का उपयोग न्याय के लिए नहीं करते। वे उनका उपयोग अपने ही नागरिकों को नोच-नोचकर खाने और स्वयं को धनी बनाने के लिए करते हैं (मीका 3:2-3)। भविष्यद्वक्ता भ्रष्ट लोगों को “शान्ति” की प्रतिज्ञाओं से पुरस्कृत करते हैं, और उन नागरिकों के विरुद्ध युद्ध छेड़ते हैं जो उन्हें घूस नहीं दे सकते (मीका 3:5)। इस्राएल के अगुवे इस बात के दोषी हैं कि उन्होंने अपने राष्ट्र को उन्हीं लोगों के लहू पर खड़ा किया जिनकी रक्षा का दायित्व उन्हें सौंपा गया था (मीका 3:10)। उनका दण्ड पूर्ण न्याय है। जो न्यायी कंगालों की दुर्दशा सुनने से इन्कार करते हैं, परमेश्वर भी उनकी नहीं सुनेगा (मीका 3:4)। जो भविष्यद्वक्ता कभी परमेश्वर की ओर से बोलते थे, उन्हें परमेश्वर की भयानक चुप्पी का सामना करना पड़ेगा (मीका 3:6-7)। और इन भ्रष्ट लोगों ने जो राज्य बनाया है, वह खेत के समान जोता जाएगा और एक नए और अधिक शक्तिशाली राजा के द्वारा खण्डहर बना दिया जाएगा (मीका 3:12)।
परन्तु मीका यह भविष्यद्वाणी भी करता है कि परमेश्वर इस्राएल के इस अत्याचारी रूप को ढा देने के बाद यरूशलेम को ऊँचा उठाकर पहाड़ी पर बसा ऐसा नगर बनाएगा जहाँ पूर्ण न्याय राज्य करता है (मीका 4:1-2)। इस्राएल और उसके शासकों की न्याय के लिए एक नई ख्याति होगी—और जाति-जाति के लोग और अधिक सीखने के लिए इस्राएल की ओर उमड़ पड़ेंगे (मीका 4:3)। जब इस्राएल सारे संसार में न्याय करेगा, तब वह शान्ति को फैलाएगा और युद्ध के हथियारों को बढ़ोतरी और नए जीवन के औज़ारों में बदल देगा (मीका 4:3-4)। इस्राएल उन लोगों के लिए सुरक्षित शरणस्थान बन जाएगा जिनका पहले शोषण किया गया था (मीका 4:6-7)। और परमेश्वर एक ऐसे अगुवे को मुकुट पहनाएगा जो न्याय से पृथ्वी पर राज्य करेगा (मीका 4:8)।
इस्राएल को बँधुआई में ले जाने के लिए आती हुई सेना का खतरा उन्हें इस प्रतिज्ञा पर सन्देह करने न दे (मीका 4:9)। परमेश्वर महान युक्ति करनेवाला है। परमेश्वर बँधुआई और अत्याचार का उपयोग इस्राएल को स्वतंत्रता और छुटकारा देने के लिए करता है। जैसे प्रसव-पीड़ा बच्चे के जन्म की पूर्वसूचना देती है, वैसे ही बँधुआई में उनकी पीड़ा इस बात का निश्चित चिन्ह होगी कि एक नया राजा और नया राज्य आ रहा है (मीका 4:10)! शत्रु भले ही सोचे कि वह जीत गया है, परन्तु परमेश्वर उसकी जीत का ही उपयोग करके उसके राज्य को नष्ट करेगा और अपनी प्रजा को सारी पृथ्वी पर शासक ठहराएगा (मीका 4:12-13)।
मीका कहता है कि यह नया विश्वव्यापी राज्य छोटे-से बैतलहम से आरम्भ होगा (मीका 5:2)। जिस अगुवे की पूर्वसूचना इस्राएल की प्रसव-पीड़ा देती है, वह वहीं जन्म लेगा (मीका 5:3)। वह सामर्थ्य और बल के साथ इस्राएल की चरवाही करते हुए उन्हें उनके देश में ले आएगा और संसार में शान्ति लाएगा (मीका 5:4-6)। यह सुनिश्चित करने के लिए कि यह राज्य सदा बना रहे, परमेश्वर हर उस प्रलोभन को दूर कर देगा जिसने आरम्भ में इस्राएल के अगुवों को भटका दिया था। सेनाएँ तोड़ दी जाएँगी (मीका 5:10-11)। मूरतें हटा दी जाएँगी (मीका 5:13)। और परमेश्वर के सब शत्रु और बुराई को समर्पित सब साम्राज्य ढा दिए जाएँगे (मीका 5:15)।
सुसमाचार कहाँ है?
मीका ने न्याय और शान्ति के जिस राज्य की भविष्यद्वाणी की थी, वह तब आरम्भ हुआ जब यीशु बैतलहम में जन्मा (मत्ती 2:1)। वही बँधुआई में इस्राएल की प्रसव-पीड़ा से जन्मा बालक है। और वही इस्राएल का सच्चा राजा है जो भ्रष्ट लोगों से उनके अधिकार के पद छीन लेता है और संसार के लिए शान्ति और न्याय के अन्तिम युग का आरम्भ करता है (मरकुस 1:15)। यीशु परमेश्वर की युक्तियों और योजनाओं की परिपूर्णता है। जैसे परमेश्वर ने इस्राएल के अगुवों का न्याय करने के लिए एक शक्तिशाली राष्ट्र का उपयोग किया, और एक नए राज्य को जन्म देने के लिए इस्राएल की बँधुआई का उपयोग किया, वैसे ही परमेश्वर रोम के अत्याचार और इस्राएल के धार्मिक तन्त्र के भ्रष्टाचार का उपयोग करके अपने पुत्र को सब जातियों के ऊपर राजा के रूप में मुकुट पहनाता है (प्रेरितों के काम 2:24)। मृत्यु भी राजा यीशु को कोई खतरा नहीं पहुँचा सकती, इसलिए वह पृथ्वी पर अपने लोगों के लिए जो न्याय स्थापित करता है, उसका कभी अन्त नहीं हो सकता।
शुभ सन्देश यह है कि जिस बालक की मीका ने आशा की थी, वह जन्म ले चुका है और संसार की प्रभुता उसके काँधे पर है। यीशु हमारा अद्भुत युक्ति करनेवाला है (यशायाह 9:6)। और उसने केवल एक नया राज्य ही खड़ा नहीं किया, बल्कि नए नागरिक और अगुवे भी खड़े किए हैं। जो कोई यीशु के राजत्व पर भरोसा करता है, वह परमेश्वर के राज्य का वारिस होता है। परमेश्वर की प्रतिज्ञा के अनुसार और उसके आत्मा के द्वारा हम उस पाप से शुद्ध किए गए हैं जिसने इस्राएल के अगुवों को जकड़ रखा था। परमेश्वर की न्याय की अनन्त व्यवस्था हमारे हृदयों पर लिखी गई है (इब्रानियों 10:16)। परमेश्वर के नए लोग और उसके राज्य के सदस्य होने के नाते हमें परमेश्वर के साथ राज्य करने और संसार में न्याय को लौटते हुए देखने का अधिकार दिया गया है।
स्वयं देखिए
पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो हमारे लिए एक राजा भेजकर अन्याय को उखाड़ फेंकता है। और आप यीशु को उस राजा के रूप में देखें जो हमें अपने राज्य में शासन करने और राज्य करने की सामर्थ्य देता है।


