क्या हो रहा है?
अब तक निर्गमन की शुरुआत उत्पत्ति की शुरुआत से मेल खाती आई है। आदम और हव्वा की सन्तान के द्वारा परमेश्वर पृथ्वी को अपने राज्य के वारिसों से भर रहा है, ताकि वे उसकी ओर से शासन करें (उत्पत्ति 1:28; निर्गमन 1:1-7)। परन्तु जैसा अदन में हुआ था, वैसे ही ये चुने हुए शासक एक प्रतिद्वंद्वी राज्य के अधीन किए जा रहे हैं, जिसका अगुवा एक सर्प-समान व्यक्ति, फ़िरौन है। परन्तु इन वारिसों के विरुद्ध फ़िरौन के विजय-अभियान की हत्यारी बाढ़ में से परमेश्वर ने एक चुने हुए पुत्र, मूसा को निकाल लिया है (निर्गमन 2:10)। पूरी उत्पत्ति में परमेश्वर बार-बार याकूब जैसे छोटे पुत्रों को अपने राज्य के वारिस होने के लिए चुनता है (उत्पत्ति 25:23)। यद्यपि याकूब अपने भाई से छोटा था, फिर भी उसे पहलौठे का पद दिया गया, और वह अपने परिवार इस्राएल के द्वारा परमेश्वर का राज्य लानेवाला था (उत्पत्ति 28:13-14)। फिर भी पूरी उत्पत्ति में विद्रोही पुत्रों ने, जिन्हें पहलौठे की सेवा करनी चाहिए थी, उसके बजाय उनका विरोध करने के लिए बाबेल के गुम्मट और मिस्र के साम्राज्य जैसे प्रतिद्वंद्वी राज्य खड़े किए। अब निर्गमन में मिस्र का प्रतिद्वंद्वी राज्य परमेश्वर के चुने हुए राज्य का विरोध करता है।
परमेश्वर ने मूसा को इसलिए चुना है कि वह उसके पहलौठे इस्राएल को फ़िरौन के प्रतिद्वंद्वी राज्य से छुड़ाए (निर्गमन 4:21-23)। परन्तु मूसा, यद्यपि इस्राएली के रूप में जन्मा था, फ़िरौन के घराने में पला-बढ़ा था। इसके अलावा, उसका अपना पहलौठा पुत्र एक परदेशी है। मूसा के परिवार को मिस्र के प्रतिद्वंद्वी राज्य को त्यागकर परमेश्वर के पहलौठे परिवार इस्राएल में सम्मिलित होना आवश्यक है। यह तब होता है जब मूसा की कहानी चुने हुए पुत्र याकूब की कहानी से मेल खाती है। उत्पत्ति में याकूब अपने ससुर को छोड़कर अपने प्रतिद्वंद्वी भाई एसाव का सामना करने के लिए घर की ओर चल पड़ता है (उत्पत्ति 31:17)। मार्ग में परमेश्वर याकूब का सामना करता है, उसके शरीर पर चिन्ह लगाता है, उसका प्राण बचाता है और उसका नाम इस्राएल रखता है (उत्पत्ति 32:24-30)। अब निर्गमन में मूसा अपने ससुर को छोड़कर फ़िरौन के प्रतिद्वंद्वी राज्य का सामना करने के लिए घर की ओर चल पड़ता है (निर्गमन 4:18-20)। परन्तु मार्ग में परमेश्वर मूसा का सामना करता है और जब उसके पुत्र के शरीर पर खतने का चिन्ह लगाया जाता है तब उसका प्राण बचा लेता है, और इस प्रकार उसका परिवार सच्चे इस्राएली बन जाता है (निर्गमन 4:24-26)। फिर, जैसे बड़े भाई एसाव ने अपने चुने हुए भाई इस्राएल से भेंट करके उसे गले लगाया था, वैसे ही मूसा का बड़ा भाई हारून उससे भेंट करता है और इस्राएल के चुने हुए अगुवे के रूप में उसे गले लगाता है। जब वे फ़िरौन के प्रतिद्वंद्वी राज्य का सामना करते हैं, तब हारून मूसा का प्रवक्ता बनता है (निर्गमन 4:27-31)।
मिस्र का प्रतिद्वंद्वी राज्य परमेश्वर के पहलौठे परिवार इस्राएल पर भारी अत्याचार कर रहा है। मूसा और हारून फ़िरौन से कहते हैं कि वह परमेश्वर की चुनी हुई प्रजा को जाने दे। परन्तु फ़िरौन विद्रोही पुत्र की तरह व्यवहार करते हुए पहलौठे की सेवा करने से इनकार करता है (निर्गमन 5:1-5)। उसके बजाय फ़िरौन परमेश्वर के वारिसों को और भी अधिक दासत्व में डाल देता है, और उनसे अपने प्रतिद्वंद्वी राज्य का निर्माण उसी प्रकार करवाता है जैसे उसके पूर्वजों ने किया था। उत्पत्ति में एक विद्रोही पुत्र एक प्रतिद्वंद्वी राज्य बनाना चाहता है, और ईंटों से बाबेल का गुम्मट खड़ा करता है (उत्पत्ति 10:8-10; 11:1-4)। यह प्रयास व्यर्थ सिद्ध होता है और उसका परिणाम यह होता है कि ये लोग सारी पृथ्वी पर तितर-बितर हो जाते हैं (उत्पत्ति 11:8-9)। इसी प्रकार फ़िरौन अपने इस्राएली दासों को, इन्हें बनाने के लिए आवश्यक सामग्री दिए बिना, यही ईंटें बनाने का व्यर्थ काम सौंपता है (निर्गमन 5:6-11)। इससे लोग सारे मिस्र में तितर-बितर हो जाते हैं और उन पर और भी बड़ा अत्याचार होता है (निर्गमन 5:12-18)।
मूसा उलझन में पड़कर परमेश्वर के पास आता है। यदि परमेश्वर ने मूसा और हारून को इसलिए चुना कि वे अपने इस्राएली भाइयों को मिस्र के अत्याचार से छुड़ाएँ, तो उनके आने से इस्राएल का दुःख केवल बढ़ क्यों गया (निर्गमन 4:22-23)? उत्तर में परमेश्वर मूसा को स्मरण दिलाता है कि वह और उसकी प्रजा परमेश्वर का पहलौठा हैं—वे उसके द्वारा चुने गए हैं और उसी के हैं। इस पहलौठे पुत्र की सेवा करने के बजाय विद्रोही मिस्र ने उन्हें दास बना लिया है। इसलिए परमेश्वर न्याय के बड़े-बड़े कामों के द्वारा फ़िरौन के प्रतिद्वंद्वी राज्य को जीतकर अपने पहलौठे को दासत्व से छुड़ाएगा (निर्गमन 6:1-8)। इसके विपरीत, हारून की वंशावली दिखाती है कि यद्यपि वह बड़ा भाई है, फिर भी उसने उचित रूप से अपने छोटे भाई मूसा की सेवा करना चुना है (निर्गमन 6:13-7:7)। फ़िरौन और मिस्र में दासत्व में पड़े सब लोगों के सामने एक चुनाव है—हारून के समान पहलौठे की सेवा करें और परमेश्वर के परिवार में सम्मिलित हों, या विद्रोह करें और पराजित किए जाएँ।
सुसमाचार कहाँ है?
मिस्र में इस्राएल के समान, हम सब दासत्व में हैं। परमेश्वर के पहलौठे के रूप में आदम और हव्वा को परमेश्वर का उत्तराधिकार और शासन दिया गया था, ताकि वे उसके राज्य को पृथ्वी पर लाएँ। परन्तु उन्हें परमेश्वर के राज्य के एक प्रतिद्वंद्वी, शैतान ने दास बना लिया। तब से सारी मानवजाति पर इसी प्रतिद्वंद्वी राज्य का शासन रहा है, जो हमें दास बनाकर अपने ऐसे साम्राज्य का निर्माण करवाता है जिसका अन्त मृत्यु के सिवा और कुछ नहीं। परन्तु परमेश्वर ने अपनी दासत्व में पड़ी प्रजा को शैतान के व्यर्थता और मृत्यु के राज्य से छुड़ाने के लिए एक पहलौठे पुत्र को चुना है।
यीशु परमेश्वर का पहलौठा पुत्र है, जो न्याय के बड़े-बड़े कामों के साथ शैतान के प्रतिद्वंद्वी राज्य में आया (कुलुस्सियों 1:15-16)। उसने उन लोगों को छुड़ाया जो मृत्यु, रोग और शैतान की दुष्टात्मिक शक्तियों के बन्धन में थे। मूसा और हारून के समान, यीशु के छुटकारे के कामों ने दिखाया कि वही वह चुना हुआ पुत्र था जिसे परमेश्वर ने अपनी प्रजा को छुड़ाने के लिए भेजा था। क्योंकि शैतान का शासन भी बाबेल के गुम्मट और फ़िरौन के ईंटों से बने राज्य के समान ही व्यर्थ सिद्ध होगा और तितर-बितर होने के लिए ठहराया गया है।
क्रूस पर यीशु एक दास के समान मरा, ताकि परमेश्वर के उन चुने हुए पुत्रों को बचाए जो लम्बे समय से शैतान की कब्र के बन्दी थे। न्याय के एक बड़े काम में, यीशु ने मरे हुओं में से जी उठकर शैतान के प्रतिद्वंद्वी राज्य पर विजय पाई। उसने अपनी प्रजा को शैतान और मृत्यु के दासत्व से छुड़ाया (1 पतरस 1:18-20)। अब यीशु ने पहलौठे का उत्तराधिकार पा लिया है। मरे हुओं में से पहलौठा होने के नाते, वह पिता की ओर से सारे संसार पर राजा होकर राज्य करता है (कुलुस्सियों 1:18-20)।
अब हमारे सामने एक चुनाव है। हारून के समान पहलौठे की सेवा करें, या फ़िरौन के समान उसके विरुद्ध विद्रोह करें। जैसे परमेश्वर ने फ़िरौन के प्रतिद्वंद्वी राज्य को जीतने की प्रतिज्ञा की थी, वैसे ही यीशु के विरोधी सब राज्य जीत लिए जाएँगे। मूसा के समान, यद्यपि हम एक प्रतिद्वंद्वी राज्य में पले-बढ़े हैं, फिर भी हम सच्चे इस्राएली बनना चुन सकते हैं (फिलिप्पियों 3:17-21)। परमेश्वर से भेंट के द्वारा हम पर चिन्ह लग सकता है और हम यीशु के संगी वारिस बन सकते हैं। जब हम हारून के समान पहलौठे के विरुद्ध विद्रोह करने के बजाय उसकी सेवा करना चुनते हैं, तब हम यीशु के साथ परमेश्वर के परिवार का भाग बन जाते हैं।
स्वयं देखिए
मैं प्रार्थना करता हूँ कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो अपनी प्रजा को दासत्व से छुड़ाने के लिए एक पहलौठे को चुनता है। और आप यीशु को मरे हुओं में से पहलौठे के रूप में देखें, जिसने शैतान के राज्य पर विजय पाई है और हमें अपने साथ वारिस बनाया है।

