1600 वर्ष पहले मसीहियों ने यीशु के जीवन के अंतिम दिनों को “पवित्र सप्ताह” कहना आरम्भ किया। खजूर का रविवार उस दिन को स्मरण करता है जब यीशु एक प्रतिद्वंद्वी राजा के समान गदहे पर सवार होकर यरूशलेम में आया, ताकि कैसर और उसके रोमी साम्राज्य को चुनौती दे।
हर दूसरे साम्राज्य की तरह रोम भी मृत्यु का भय दिखाकर अपनी प्रजा को वश में रखता था। परन्तु यीशु इसलिए आया कि मरकर—और फिर अपनी कब्र से जी उठकर—सब राजाओं से उनका सबसे प्रिय हथियार छीनकर उन्हें निहत्था कर दे। यूहन्ना के सुसमाचार में यीशु ने अभी-अभी अपना सातवाँ और अंतिम आश्चर्यकर्म किया है। उसने अपने मित्र लाज़र को मरे हुओं में से जिलाया (यूहन्ना 11:43-44)। यह इस बात का अंतिम प्रमाण है कि यीशु का राजत्व मृत्यु को निहत्था करेगा और जीवन देगा। यीशु के सभी आश्चर्यकर्म किसी न किसी रूप में इसी ओर संकेत करते हैं। पानी को दाखरस में बदलना, एक बीमार लड़के को चंगा करना, एक लकवे के मारे हुए को उसके बिछौने से उठाना, और एक लड़के के भोजन से 5,000 से अधिक लोगों को खिलाना—ये सब छोटे पैमाने पर पुनरुत्थान ही हैं। और इस्राएल के लोगों को कुछ-कुछ आभास था कि इन सब का अर्थ क्या है। उनके लिए यीशु वही बहुप्रतीक्षित मसीह था, इस्राएल का प्रतिज्ञा किया हुआ राजा, जो आकर उनकी देह को चंगा करेगा, उनका पेट भरेगा, और रोम के घातक शासन को गिरा देगा। और एक बहुत महत्त्वपूर्ण अर्थ में वे सही थे (यूहन्ना 6:15)।
जब यीशु एक गदहे पर (जो परम्परागत रूप से राजाओं की सवारी था) सवार होकर यरूशलेम में प्रवेश करता है, तो लोग इसे अपने मृत्यु पर जय पानेवाले मसीह के राज्याभिषेक का समारोह समझते हैं। खजूर की डालियाँ लहराते हुए एक भीड़ यीशु के चारों ओर इकट्ठी होती है और भजन संहिता 118 से गाती है: “होशाना! धन्य है वह जो प्रभु के नाम से आता है! धन्य है इस्राएल का राजा!”
यूहन्ना हमें बताता है कि यह सब इसलिए हुआ कि जकर्याह भविष्यद्वक्ता के द्वारा दी गई भविष्यवाणी पूरी हो (जकर्याह 9:9-10)। यीशु जानबूझकर गदहे पर सवार होकर आता है, ताकि उनकी इस आशा को और भड़का दे कि वही वह राजा है जिसकी वे बाट जोह रहे थे। वही वह राजा है जो मृत्यु को हरा सकता है। वह अपने सिंहासन पर किए जानेवाले हर प्रतिद्वंद्वी दावे पर जयवन्त होगा और अपने लोगों का उद्धार करेगा (यूहन्ना 12:15-16)। “होशाना” का यही अर्थ है—“हमें बचा।” यह उन लोगों की पुकार है जो उस राजा की लालसा रखते हैं जिसकी भविष्यवाणी जकर्याह ने की थी।
परन्तु दूसरे राजाओं के विपरीत, यीशु मारने नहीं, बल्कि मरने आया है। जैसे एक बीज को पेड़ बनने से पहले भूमि में गाड़ा जाना आवश्यक है, वैसे ही उसके राज्य के आने से पहले यीशु का गाड़ा जाना आवश्यक है। उसे पहले मरकर ही मृत्यु पर प्रभुता पानी है। जो कोई उसके राज्य में सम्मिलित होना चाहता है, उसे उसकी मृत्यु को स्वीकार करने के लिए तैयार रहना होगा (यूहन्ना 12:24-26)। यीशु के पृथ्वी पर आने का पूरा कारण यह नहीं था कि वह साम्राज्यों को मारकर उन पर विजय पाए, बल्कि यह कि वह उनके प्रभाव के अधीन मरे (यूहन्ना 12:27)। यीशु एक राजा के समान यरूशलेम में प्रवेश करता है, परन्तु ऐसे राजा के समान जो जानता है कि मृत्यु को हराने का एकमात्र मार्ग मरना है।
इसी कारण ये घटनाएँ और शिक्षाएँ सब को, विशेषकर यहूदी धार्मिक अगुवों के वर्ग को, अच्छी नहीं लगतीं। इस धार्मिक अभिजात वर्ग में से बहुतों को विश्वास नहीं था कि इस्राएल का सच्चा राजा दुःख उठा सकता है और मर सकता है। उनकी समझ में मसीह को लड़ना और जीतना चाहिए था। वे ऐसे राजा की कल्पना भी नहीं कर सकते जो मृत्यु को हथियार की तरह न चलाए। और वे यह नहीं समझते कि उनके लिए सबसे बड़ा खतरा रोम नहीं, बल्कि स्वयं मृत्यु है। मृत्यु और दुःख को गले लगानेवाले राजा को स्वीकार करने के लिए तैयार न होने के कारण, वे उसका विरोध करने और उसे ठुकराने पर विवश हो जाते हैं।
खजूर का रविवार शुभ सन्देश है, क्योंकि यीशु घोषणा करता है कि वह अपनी मृत्यु के द्वारा इस संसार के साम्राज्यों को सिंहासन से उतारने और निहत्था करने आया है। हम या तो यीशु के प्रतिद्वंद्वी राजत्व को अपना सकते हैं, या वर्तमान सत्ताधारी शक्तियों के साथ खड़े हो सकते हैं। हम यीशु की आनेवाली मृत्यु को नए जीवन के मार्ग के रूप में स्वीकार कर सकते हैं, या अपने जीवन को वैसा ही बनाए रखने के लिए संघर्ष कर सकते हैं जैसा हम उसे जानते हैं। हम या तो यीशु के राज्य के प्रति निष्ठा की शपथ ले सकते हैं, या धार्मिक अगुवों के वर्ग के साथ मिलकर उसे ठुकरा सकते हैं।
इसलिए मेरी प्रार्थना है कि इस खजूर के रविवार को आप यीशु को उस राजा के रूप में स्वीकार करें जो मरा और जिलाया गया, ताकि यह प्रगट हो कि मृत्यु और उसे हथियार की तरह चलानेवाले साम्राज्य पराजित हो चुके हैं।


