क्या हो रहा है?
यरूशलेम में परमेश्वर का मन्दिर इस बात का दिखाई देनेवाला चिन्ह था कि परमेश्वर ने अपने लोगों के साथ रहने और उनकी रक्षा करने की प्रतिज्ञा की है। परन्तु इस्राएल की पिछली बुराई के कारण परमेश्वर ने बाबेल को भेजकर उस मन्दिर को नष्ट करवा दिया (जकर्याह 1:2, 4)। तब से 70 वर्ष बीत चुके हैं, और जिस पीढ़ी के कारण इस्राएल का पतन हुआ था, वह मिट्टी में मिल चुकी है (जकर्याह 1:5)। फिर भी परमेश्वर की यह प्रतिज्ञा अब भी बनी हुई है कि वह अपने लोगों के साथ रहेगा और उनकी रक्षा करेगा (जकर्याह 1:6)। यदि परमेश्वर के लोग अपनी बुराई और पाप से मन फिराएँ, तो परमेश्वर उनके पास लौट आएगा (जकर्याह 1:3)। और उस मन फिराव के दिखाई देनेवाले प्रमाण के रूप में परमेश्वर के लोगों को मन्दिर का पुनर्निर्माण करना है।
आशा देते हुए परमेश्वर भविष्यद्वक्ता जकर्याह को तीन दर्शन देता है, ताकि उसके लोग पुनर्निर्माण आरम्भ करने के लिए उत्साहित हों। पहले दर्शन में जकर्याह एक स्वर्गदूत के साथ घुड़सवारों के एक दल के पास पहुँचता है, जो अभी-अभी सारी पृथ्वी पर घूमकर लौटे हैं (जकर्याह 1:8-10)। वे बताते हैं कि सारी पृथ्वी पर शान्ति है (जकर्याह 1:11)। स्वर्गदूत परमेश्वर से पूछता है कि यदि ऐसा है, तो पिछले 70 वर्षों से उसके लोगों को शान्ति क्यों नहीं मिली (जकर्याह 1:12)? परन्तु परमेश्वर कहता है कि वह समय अब बीत गया है। बाबेल का उसकी क्रूरता के लिए न्याय होगा, और परमेश्वर शीघ्र ही अपने लोगों के बीच उपस्थित होगा। इसकी तैयारी में उन्हें उसके मन्दिर का पुनर्निर्माण आरम्भ कर देना चाहिए (जकर्याह 1:14-17)।
दूसरे दर्शन में जकर्याह चार भयानक सींग देखता है (जकर्याह 1:18-19)। जब वह उनका अर्थ पूछता है, तो उसे बताया जाता है कि ये सींग शत्रु जातियों से आनेवाले खतरे को दर्शाते हैं। फिर जकर्याह चार कारीगरों को उन सींगों की ओर आते देखता है। वे मन्दिर के कारीगर हैं, जिन पर मन्दिर के पुनर्निर्माण की जिम्मेदारी है। स्वर्गदूत समझाता है कि उनके शत्रुओं को तलवारें पीछे नहीं धकेलेंगी, बल्कि मन्दिर की मरम्मत करनेवाले धातु के कारीगरों और शिल्पकारों का कौशल ऐसा करेगा (जकर्याह 1:20-21)।
फिर तीसरे दर्शन में जकर्याह एक जवान पुरुष को यरूशलेम की सीमाएँ नापने के लिए जाते देखता है (जकर्याह 2:1-2)। परन्तु एक स्वर्गदूत उसके काम को रोककर कहता है कि यरूशलेम इतना बड़ा नगर होगा कि उसे सीमाओं या शहरपनाह की आवश्यकता नहीं होगी। इसके बजाय, परमेश्वर आप उस नगर के चारों ओर आग की शहरपनाह के समान होगा (जकर्याह 2:3-5)। परमेश्वर के लोग इस समय जहाँ कहीं भी रहते हों, उन्हें इस नये यरूशलेम में शरण लेनी चाहिए। यदि वे आएँ, तो जकर्याह प्रतिज्ञा करता है कि जो भी शत्रु उन्हें हानि पहुँचाने का प्रयास करेगा, वह नष्ट किया जाएगा (जकर्याह 2:6-9)। यदि परमेश्वर के लोग मन्दिर का पुनर्निर्माण करें, तो परमेश्वर प्रतिज्ञा करता है कि वह आकर अपने लोगों के बीच निवास करेगा और आग की शहरपनाह के समान उनकी रक्षा करेगा (जकर्याह 2:10-11)।
सुसमाचार कहाँ है?
यीशु के दिनों तक मन्दिर का पुनर्निर्माण हो चुका था। परन्तु जकर्याह के द्वारा दी गई प्रतिज्ञाएँ वास्तविकता नहीं बनी थीं। यद्यपि परमेश्वर के लोगों ने परमेश्वर के मन्दिर को फिर से बनाया, फिर भी उन्होंने उस बुराई से मन नहीं फिराया जिसके कारण पहले वह नष्ट हुआ था। इस्राएल के दुखद इतिहास से हम सीखते हैं कि परमेश्वर की उपस्थिति और सुरक्षा न तो भूल करनेवाले मनुष्यों के द्वारा, और न ही पत्थर का मन्दिर बनाकर पक्की की जा सकती है।
इसलिए परमेश्वर यीशु को भेजता है, जो मानव रूप में परमेश्वर की अचूक सुरक्षा और उपस्थिति हैं (इब्रानियों 1:3)। उनके जन्म के समय (ठीक उन घुड़सवारों के समान) स्वर्गदूतों के एक दल ने घोषणा की कि अन्ततः पृथ्वी पर शान्ति आ गई है (लूका 2:14)। और एक दीन कारीगर के पुत्र के रूप में यीशु ही वह व्यक्ति होंगे जो परमेश्वर के मन्दिर का पुनर्निर्माण करेंगे और परमेश्वर के लोगों के शत्रुओं को पीछे धकेलेंगे (कुलुस्सियों 2:15)।
परन्तु परमेश्वर के मन्दिर का पुनर्निर्माण करने के लिए पहले उन्हें उसे ढाना था। जिस बुराई ने पत्थर के मन्दिर को मिट्टी में मिला दिया था, वही बुराई यीशु की देह रूपी मन्दिर पर टूट पड़ी, और वह नष्ट कर दिया गया (यूहन्ना 2:19-21)। परन्तु फिर तीन दिन बाद यीशु मरे हुओं में से जी उठे। परमेश्वर का मन्दिर फिर कभी नष्ट नहीं होगा। और अपने लोगों के लिए परमेश्वर की उपस्थिति और सुरक्षा कभी भी हमारे पक्ष में और हमारे साथ रहने से नहीं चूकेगी (मत्ती 28:20)। यीशु ने अपना आत्मा भी आग के रूप में भेजा, और इस प्रकार जकर्याह के उस दर्शन को पूरा किया जिसमें परमेश्वर की प्रचण्ड रक्षा करनेवाली सामर्थ्य एक अनन्त आग की शहरपनाह के रूप में दिखाई गई थी (प्रेरितों के काम 2:3-4)।
हम जहाँ कहीं भी रहते हों, परमेश्वर की रक्षा करनेवाली उपस्थिति उन सब के साथ है जो भरोसा करते हैं कि यीशु ही उनका एकमात्र मन्दिर हैं। प्रेरित पतरस कहता है कि हम वास्तव में जीवते पत्थर हैं, जो एक सार्वभौमिक और अनन्त मन्दिर बनाने के निरन्तर चल रहे कार्य का भाग हैं (1 पतरस 2:5)। जब हम बाहर जाकर दूसरों को यीशु के विषय में सिखाते हैं, तो हम परमेश्वर की आग रूपी सुरक्षा की सीमाओं को भी बढ़ाते हैं, जो केवल सेनाओं से ही नहीं, बल्कि बुराई, पाप और मृत्यु से भी रक्षा करती है। इसलिए इस आशा के साथ परमेश्वर के पुनर्निर्माण के कार्य में सम्मिलित हो जाइए कि शीघ्र ही सारा संसार परमेश्वर की उपस्थिति और सुरक्षा से भर जाएगा।
स्वयं देखिए
मेरी प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो अपने लोगों के पास लौट आता है। और आप यीशु को उस व्यक्ति के रूप में देखें जिन्होंने अपने आप में परमेश्वर के मन्दिर का पुनर्निर्माण किया है।

