मसीह की देह का अंग होने का क्या अर्थ है?मसीह की देह का अंग होने का क्या अर्थ है?

मसीह की देह का अंग होने का क्या अर्थ है?

मसीह की देह एक-दूसरे से जुड़ी हुई सम्पूर्णता है।

कुरिन्थुस की समस्याएँ

यदि आप कुछ समय से मसीहियों के बीच रहे हैं, तो आपने “मसीह की देह” या “मेरी देह एक मन्दिर है” जैसे वाक्यांश सुने होंगे। आम तौर पर मसीही इन वाक्यांशों का उपयोग प्रभु भोज की बात करते समय, या यह समझाते समय करते हैं कि हमें कुछ प्रकार के पापों में भाग क्यों नहीं लेना चाहिए। परन्तु प्रेरित पौलुस ने इन दोनों वाक्यांशों का उपयोग एक ऐसी कलीसिया को एक करने के लिए किया था जो गहराई से बँटी हुई थी और टूटने के कगार पर थी।

कुरिन्थुस की कलीसिया बड़ी अव्यवस्था में है। वे प्रभु भोज के समय मतवाले हो रहे हैं (1 कुरिन्थियों 11)। अपनी सौतेली माँ के साथ सम्बन्ध रखनेवाले एक व्यक्ति को वे मसीही उदारता के उदाहरण के रूप में गर्व से दिखाते फिरते हैं (1 कुरिन्थियों 5:1-5)। वे छोटी-छोटी बातों पर एक-दूसरे पर मुकदमे कर रहे हैं (1 कुरिन्थियों 6)। वे अन्य भाषाओं में बोलकर अपनी आत्मिकता साबित करने की धुन में लगे हैं (1 कुरिन्थियों 14)। और सबसे महत्त्वपूर्ण बात यह है कि वे इस बात का इन्कार करते हैं कि परमेश्वर उनकी देहों को जी उठाएगा (1 कुरिन्थियों 15)।

पुनरुत्थान का यह इन्कार ही सम्भवतः कुरिन्थुस में हो रही हर गलत बात की जड़ है। क्योंकि वे विश्वास नहीं करते कि मरने के बाद परमेश्वर उनकी देहों को फिर से बहाल करेगा, इसलिए उनके लिए इस बात का कोई महत्त्व नहीं कि वे अभी अपनी देह के साथ क्या करते हैं। वे जिसके साथ चाहें सो सकते हैं। वे जितनी चाहें उतनी शराब पी सकते हैं। उनके अनुसार सच्ची आत्मिकता दूसरों की सहायता करने या उन्हें प्रोत्साहित करने में नहीं, बल्कि ऐसे निजी आत्मिक अनुभवों में है जिनमें वे ऐसी अन्य भाषाएँ बोलते हैं जिन्हें कोई नहीं समझता। 

मसीह की देह एक संयुक्त सम्पूर्णता है

इसलिए पौलुस इस बँटी हुई कलीसिया से कहता है कि उनकी देह उनकी समझ से कहीं अधिक महत्त्वपूर्ण है। जैसे यीशु की देह मरी और जी उठी, वैसे ही उनकी देह भी जी उठेगी। पौलुस कहता है कि उनकी देहें रहस्यमय रीति से यीशु की देह के साथ जुड़ी हुई हैं। यह एकता इतनी वास्तविक है कि जब वे वेश्याओं के साथ सम्बन्ध बनाते हैं (जो स्पष्ट रूप से कुरिन्थुस की एक और आम समस्या थी), तो वे असल में यीशु को भी उस व्यक्ति के साथ जोड़ रहे होते हैं (1 कुरिन्थियों 6:12-17)। पौलुस कहता है कि कुरिन्थियों को यह बात याद रखनी चाहिए कि यीशु के कारण वे सदा के लिए देह में जीवित रहेंगे, और इसलिए यह बहुत मायने रखता है कि वे अभी अपनी देह का उपयोग कैसे करते हैं। वास्तव में, पौलुस कहता है कि उनकी देह पवित्र आत्मा का मन्दिर है (1 कुरिन्थियों 6:19)। उनकी आत्मिकता उनकी देह से घनिष्ठ रूप से जुड़ी हुई है, और इस सम्बन्ध को कम आँकना एक बहुत बड़ी भूल है। 

आगे 1 कुरिन्थियों में पौलुस “देह” के इस रूपक को विस्तार देकर कुरिन्थुस की कलीसिया के सभी सदस्यों पर लागू करता है। स्पष्ट है कि कुरिन्थुस में कुछ लोग बार-बार घमण्ड करते थे कि उनके आत्मिक वरदान उन्हें कलीसिया का अधिक महत्त्वपूर्ण अंग बनाते हैं। परन्तु पौलुस की दृष्टि में इस बात का कोई अर्थ नहीं है। वह कहता है कि जब वे एक साथ इकट्ठे होते हैं तो वे मिलकर एक देह, अर्थात् मसीह की देह बनते हैं (1 कुरिन्थियों 12:12-31)। जैसे एक सामान्य मानव देह में होता है, वैसे ही मसीह की देह भी एक-दूसरे से जुड़ी हुई सम्पूर्णता है। हर अंग को दूसरे की आवश्यकता है। और कोई भी अंग दूसरे से अधिक आवश्यक नहीं है। वह कुरिन्थियों से कहता है कि उन्हें याद रखना चाहिए कि वे एक देह के समान हैं। अपने ही आत्मिक वरदानों पर ध्यान लगाने के बजाय, उन्हें एक-दूसरे की सहायता करने और एक-दूसरे को प्रोत्साहित करने को प्राथमिकता देनी चाहिए। स्वयं को ऊँचा उठाने के बजाय, उन्हें देह के हर अंग के साथ उस आदर, सम्मान और देखभाल से व्यवहार करना चाहिए जिसकी उसे आवश्यकता है।

कुरिन्थुस की अव्यवस्थित और बँटी हुई कलीसिया को देह के महत्त्व की याद दिलाने की आवश्यकता थी, और हमें भी है। अभी, इसी समय, हमारी देह पवित्र आत्मा का मन्दिर है। हम रहस्यमय और गहरी रीति से यीशु के साथ जुड़े हुए हैं। हम में से हर एक की देह सदा जीवित रहेगी, और जो कुछ हम अभी करते हैं उसके अनन्त और आत्मिक परिणाम होते हैं। साथ ही, हम एक बड़ी देह के सदस्य या अंग हैं, अर्थात् यीशु की देह, जो कलीसिया है। और हमें अपने आत्मिक वरदानों का उपयोग अपने आस-पास के लोगों को प्रोत्साहित करने और उनकी उन्नति करने के लिए करना चाहिए।

निःशुल्क वीडियो, सीधे आपके इनबॉक्स में।