क्या हो रहा है?
नबूकदनेस्सर एक उलझाने वाला और डरावना स्वप्न देखता है। वह एक विशाल वृक्ष देखता है जो सारी पृथ्वी पर छाया करता है, पर एक स्वर्गदूत की आज्ञा से वह काट डाला जाता है (दानिय्येल 4:11, 14)। उसका ठूँठ बन्धनों से जकड़ दिया जाता है, और फिर वह ठूँठ पागल होकर सात काल तक पशु के समान व्यवहार करता है (दानिय्येल 4:15)। फिर वह स्वर्गदूत इस चित्र का अर्थ बताता है: एक वृक्ष जो ठूँठ बना, और ठूँठ जो पशु बना। इसका अर्थ है कि मनुष्यों के राज्यों पर केवल परमेश्वर ही प्रभुता करता है। परमेश्वर ही पृथ्वी के राजाओं को सामर्थ्य देता है। और परमेश्वर ने ठान लिया है कि वह अधिकार घमण्डियों को नहीं, बल्कि दीन लोगों को देगा (दानिय्येल 4:17)।
दानिय्येल नबूकदनेस्सर को चेतावनी देता है कि वह वृक्ष वही है, जिसके काटे जाने का खतरा है (दानिय्येल 4:22)। अपनी शक्ति के कारण वह घमण्डी हो गया है। शीघ्र ही वह मनुष्य कम और पशु अधिक बन जाएगा, और सात वर्ष तक सिंहासन से उतारा हुआ और अपमानित रहेगा (दानिय्येल 4:25)। नबूकदनेस्सर को मन फिराना है, न्याय के काम करने हैं, और यह मानना है कि परमेश्वर ही सारे संसार का एकमात्र परमेश्वर है (दानिय्येल 4:26)।
पर पूरा एक वर्ष बीत जाता है, और नबूकदनेस्सर बदलने के लिए कुछ नहीं करता (दानिय्येल 4:29)। अपने स्वप्न को भूलकर वह अपने महल की छत पर जाता है और डींग मारता है: “क्या यह वही बड़ा बाबेल नहीं है, जिसे मैं ने राजनिवास होने के लिए अपने बड़े सामर्थ्य से और अपने प्रताप की महिमा के लिए बसाया है?” (दानिय्येल 4:30)। उसी क्षण नबूकदनेस्सर पागल हो जाता है और वही पशु बन जाता है जिसकी भविष्यद्वाणी दानिय्येल ने की थी (दानिय्येल 4:31)। वह घास खाता है, उसके बाल पंखों के समान और उसके नाखून पक्षियों के चंगुलों के समान बढ़ जाते हैं (दानिय्येल 4:33)।
पर ठीक जैसा दानिय्येल ने चेताया था, पागलपन के सात कालों के बाद परमेश्वर नबूकदनेस्सर की बुद्धि उसे लौटा देता है (दानिय्येल 4:34)। आखिरकार नबूकदनेस्सर दानिय्येल के परमेश्वर के सामने स्वयं को दीन करता है। परमेश्वर उसे न केवल फिर से उसके सिंहासन पर बैठाता है, बल्कि उसे पहले से भी अधिक सामर्थ्य और महानता देता है (दानिय्येल 4:36)। तब नबूकदनेस्सर अपने राज्य को चेतावनी देता है कि “[परमेश्वर] के सब काम सच्चे और उसके सब व्यवहार न्याय के हैं; और जो लोग घमण्ड से चलते हैं, उन्हें वह नीचा कर सकता है” (दानिय्येल 4:37)।
सुसमाचार कहाँ है?
यहीं नबूकदनेस्सर की कहानी समाप्त होती है। जो राजा अपनी ही प्रशंसा करता था और अपने राज्य पर घमण्ड करता था, वह दीन किया गया है। आखिरकार नबूकदनेस्सर मान लेता है कि केवल एक ही राज्य सदा बना रहेगा—परमेश्वर का राज्य। बाकी हर कहानी में, नबूकदनेस्सर का घमण्ड तब नीचा होता है जब उसे दानिय्येल के परमेश्वर की सर्वोच्चता माननी पड़ती है—और फिर दानिय्येल या उसके मित्रों को ऊँचे पद और अधिकार दिए जाते हैं (दानिय्येल 2:48)। पर यहाँ, स्वयं नबूकदनेस्सर को उसके पागलपन से उठाया जाता है और बाबेल पर उसका सिंहासन और शासन उसे लौटा दिया जाता है (दानिय्येल 4:36)।
सारी बाइबल में दीनता ही परमेश्वर के साथ सम्बन्ध की कुंजी है (नीतिवचन 3:34; याकूब 4:10)। पर नबूकदनेस्सर हमें यह भी दिखाता है कि कोई भी घमण्ड इतना भयानक नहीं कि हमें परमेश्वर का अनुग्रह पाने से वंचित कर दे। यह वही राजा है जिसने परमेश्वर की चेतावनियों को ठुकराया, अपने अहंकार के लिए 90 फुट ऊँची मूरत बनवाई, दूसरों को उस मूरत के आगे झुकने के लिए विवश किया, और जिन्होंने इन्कार किया उन्हें आग में झोंक दिया। फिर भी नबूकदनेस्सर हमें दिखाता है कि जो अपने आप को दीन करते हैं, परमेश्वर उन्हें ऊँचा उठाएगा।
परमेश्वर इस सिद्धान्त के प्रति इतना समर्पित है कि वह स्वयं भी इसी मार्ग पर चलता है। परमेश्वर ने यीशु में होकर अपने आप को दीन किया। उसने स्वर्ग के धन और सामर्थ्य को अपने लोगों के सामने इतराने का कारण नहीं समझा (फिलिप्पियों 2:6)। उसके अपने परिवार की दृष्टि में यीशु भी नबूकदनेस्सर जितना ही पागल था (मरकुस 3:21)। प्रेरित पौलुस उस वृक्ष को, जिसने यीशु को दीन किया, “मूर्खता” कहता है (1 कुरिन्थियों 1:18)। और नबूकदनेस्सर के समान यीशु भी एक पशु के समान बन गया—बलिदान का मेम्ना (1 कुरिन्थियों 5:7)। पर परमेश्वर ने उसे उसके वध किए जाने के बाद ऊँचा उठाया और उसे इतना अधिकार दिया जितने का नबूकदनेस्सर कभी स्वप्न भी नहीं देख सकता था (फिलिप्पियों 2:9-10)। और यीशु के कारण, कोई भी नबूकदनेस्सर और यीशु की कहानी को अपने जीवन में फिर से जी सकता है। जो नबूकदनेस्सर के समान अपने आप को दीन करते हैं, वे यीशु के समान ऊँचे किए जाएँगे (इफिसियों 1:19)।
स्वयं देखिए
पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले कि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो घमण्डियों को नीचा करता है। और आप यीशु को उसके रूप में देखें जो आपको ऊँचा उठाता है।


