क्या हो रहा है?
दानिय्येल ने अभी-अभी नबूकदनेस्सर का वह स्वप्न प्रकट किया है जिसमें एक उल्कापिंड एक विशाल मूरत को चूर-चूर कर देता है (दानिय्येल 2:31, 34)। और दानिय्येल चेतावनी देता है कि इस स्वप्न का अर्थ यह है कि परमेश्वर का राज्य आकर बाकी सब राज्यों को चूर-चूर कर देगा (दानिय्येल 2:44)। परन्तु नबूकदनेस्सर इस चेतावनी को अनसुना कर देता है और अपनी ही 90 फुट ऊँची एक मूरत (या प्रतिरूप) बनवाता है। वह आज्ञा देता है कि उसके सब अधिकारी झुककर उसकी मूरत को दण्डवत् करें (दानिय्येल 3:1, 5)। जो कोई ऐसा न करे, वह उसके भट्ठे में जला दिया जाएगा (दानिय्येल 3:6)। नबूकदनेस्सर दानिय्येल की चेतावनी का आशय पूरी तरह चूक गया है। उसकी मूरत स्वप्न के परिणाम को स्वीकार करने से उसका इनकार है, और अपनी आराधना की उसकी माँग परमेश्वर को सीधी चुनौती है।
परन्तु दानिय्येल के मित्र और बँधुआई के साथी, शद्रक, मेशक और अबेदनगो, नबूकदनेस्सर के आगे झुकने से इनकार करते हैं। इस समय तक वे बाबेल में ऊँचे पदों पर पहुँच चुके हैं, और कुछ मूल बाबेली लोग उनसे जलते हैं। राजा के घमण्ड का लाभ उठाकर वे उसे बताते हैं कि ये तीन यहूदी उसकी उपासना करने से इनकार करते हैं (दानिय्येल 3:12)। नबूकदनेस्सर क्रोध से भर जाता है और शद्रक, मेशक और अबेदनगो के सामने अन्तिम शर्त रखते हुए कहता है: “... यदि तुम उसको दण्डवत् न करो तो इसी घड़ी धधकते हुए भट्ठे के बीच में डाले जाओगे; फिर ऐसा कौन देवता है जो तुम को मेरे हाथ से छुड़ा सके?” (दानिय्येल 3:15)।
अपने परमेश्वर की बचाने की सामर्थ्य पर भरोसा रखते हुए, वे घोषणा करते हैं कि नबूकदनेस्सर के आगे झुककर जीवित रहने से अच्छा वे उस पर भरोसा रखकर मर जाना पसन्द करेंगे (दानिय्येल 3:17-18)। क्रोध में आकर नबूकदनेस्सर अपने भट्ठे को और भी अधिक धधकाता है और उन्हें उसमें फिंकवा देता है (दानिय्येल 3:19-20)। परन्तु “देवताओं के पुत्र के समान” कोई आग में उनके साथ टहलता है और उनकी रक्षा करता है (दानिय्येल 3:25)। आग के बीच में परमेश्वर का एक “प्रतिरूप” नबूकदनेस्सर से युद्ध कर रहा है। और परमेश्वर के प्रति विश्वासयोग्य वे पुरुष उस प्रतिरूप के द्वारा बचाए जाते हैं, और लपटें उन्हें झुलसा भी नहीं पातीं (दानिय्येल 3:27)।
इसके उत्तर में राजा उन्हें आग से निकालता है, उनके परमेश्वर को धन्य कहता है, और उसकी मूरत के आगे न झुकने के उनके निर्णय को उचित ठहराता है (दानिय्येल 3:28)। फिर वह उनके विरुद्ध षड्यन्त्र रचनेवालों की योजनाओं के विपरीत उन्हें और भी ऊँचे पद पर बढ़ाता है। वह धमकी देता है कि जो कोई शद्रक, मेशक और अबेदनगो के परमेश्वर के विरुद्ध कुछ कहेगा, वह मार डाला जाएगा (दानिय्येल 3:29-30)।
सुसमाचार कहाँ है?
दानिय्येल 3 दो प्रतिरूपों के बीच का युद्ध है: नबूकदनेस्सर का प्रतिरूप और परमेश्वर का प्रतिरूप। नबूकदनेस्सर की मूरत को दस अलग-अलग बार “मूरत” (प्रतिरूप) कहा गया है (दानिय्येल 3:1, 2, 3, 5, 7, 10, 12, 14, 15, 18)। उस समय राजा अपने प्रतिरूपों के द्वारा अपने इलाके पर अधिकार की छाप लगाते थे। जैसे-जैसे साम्राज्य बढ़ते गए, राजा जीते हुए नगरों में और विवादित सीमाओं के छोर पर अपनी मूरतें खड़ी करवाते थे। जब भी कोई उस मूरत को देखता, वह जान लेता था कि उस देश पर किसका अधिकार है। नबूकदनेस्सर की सोने की मूरत अब तक बनी सबसे बड़ी मूरत थी। उसे इस बात का अन्तिम फैसला होना था कि संसार पर किसका राज्य है। परन्तु नबूकदनेस्सर की लपटों और क्रोध के बीच परमेश्वर के एक पुत्र का प्रतिरूप यह प्रमाणित करता है कि नबूकदनेस्सर की मूरत से भी अधिक सामर्थी एक प्रतिरूप है। कौन जीवित रहेगा और कौन मरेगा, यह राजा नबूकदनेस्सर तय नहीं करता, परमेश्वर करता है। और परमेश्वर के प्रतिरूप ने बाबेल की सत्ता, घमण्ड और प्रकोप के ठीक बीचों-बीच अपने अधिकार की छाप लगा दी।
इब्रानियों की पुस्तक में हमें बताया गया है कि परमेश्वर का वह प्रतिरूप, जो मृत्यु की आग से बचाता है, यीशु है। यीशु “परमेश्वर की महिमा का प्रकाश, और उसके तत्व का हूबहू [प्रतिरूप] है, और सब वस्तुओं को अपनी सामर्थ्य के वचन से संभालता है” (इब्रानियों 1:3)। परमेश्वर का सच्चा प्रतिरूप यीशु है। और नबूकदनेस्सर के विपरीत, वह धधकते भट्ठों की धमकी देकर हमसे झुकने की माँग नहीं करता। इसके बजाय, वह अपने ऊपर भरोसा रखनेवाले सब लोगों को छुड़ाने के लिए स्वयं धधकते भट्ठे में प्रवेश करता है। इसलिए यीशु के आगे झुकिए, जो एकमात्र प्रतिरूप है जो हमें आग से बचा सकता है।
स्वयं देखिए
पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो हर प्रतिरूप से अधिक सामर्थी है। और आप यीशु को परमेश्वर के एकमात्र प्रतिरूप के रूप में देखें, जो छुड़ाता और उद्धार करता है।


