क्या हो रहा है?
इब्रानियों के पिछले अध्याय में इस्राएल के उन विश्वासयोग्य लोगों की पीढ़ियों का गुणगान किया गया, जिन्होंने दुःख उठाया और अस्थायी पीड़ा से आगे बढ़कर एक स्थायी मीरास की ओर दृष्टि लगाई। इन लोगों ने धीरज के घाव इस बात के प्रमाण के रूप में उठाए कि वे परमेश्वर के परिवार के हैं (इब्रानियों 11:35-38)। अब पत्री के अन्तिम अध्यायों में लेखक अपने सताए गए पाठकों को एक और गहरे सत्य से उत्साहित करता है: दुःख केवल यह नहीं दर्शाता कि वे परमेश्वर के परिवार का हिस्सा हैं—वह उन्हें बदलकर उसकी पवित्र सन्तान बना देता है, जो उसके न हिलनेवाले राज्य की मीरास पाने के लिए तैयार हैं।
लेखक अपने पाठकों से कहता है कि वे कठिनाई को ताड़ना समझकर सह लें, क्योंकि यह उनके स्वर्गीय पिता के प्रेम का कार्य है (इब्रानियों 12:7)। एक पिता की ताड़ना उसकी सन्तान को परिपक्वता और ज़िम्मेदारी के लिए तैयार करती थी। उसी प्रकार परमेश्वर की ताड़ना गलत काम का दण्ड नहीं, बल्कि पवित्रता के लिए प्रशिक्षण है (इब्रानियों 12:8-10)। दुःख का मार्ग पीड़ादायक और कठिन है, परन्तु उसकी मंज़िल इसके योग्य है। धीरज के द्वारा हम परमेश्वर की ऐसी सन्तान बनते हैं जो उसकी पवित्रता और उसकी मीरास में भागी होती है (इब्रानियों 12:11-14)।
इसके बाद लेखक एक गम्भीर चेतावनी के रूप में उत्पत्ति से एसाव की कहानी सुनाता है। जब एसाव भूखा था, तब उसने अपने पहलौठे होने का अधिकार—पहलौठे के रूप में अपनी उचित मीरास—एक कटोरा दाल के बदले बेच दिया (इब्रानियों 12:15-17)। वह अपनी विशाल मीरास पाने के लिए थोड़ी सी भूख भी सहने को तैयार न हुआ। इब्रानियों का लेखक एसाव की कहानी के द्वारा विनती करता है: अस्थायी राहत के लिए अनन्त आनन्द का बलिदान मत कीजिए। जो दुःख और ताड़ना को धीरज से सहते हैं, उनके लिए एक पवित्र मीरास प्रतीक्षा कर रही है।
यह पवित्र मीरास परमेश्वर की उपस्थिति में जीवन है। परन्तु परमेश्वर की उपस्थिति में यह जीवन उस हर बात से उत्तम है जिसका अनुभव लेखक के यहूदी पाठकों ने पहले कभी किया था। इसे प्रमाणित करने के लिए वह निर्गमन से वह घटना सामने लाता है जब परमेश्वर की उपस्थिति सीनै पहाड़ पर उतरी थी। वहाँ इस्राएल को एक भयानक पहाड़ के पास लाया गया था, जो परमेश्वर की आवाज़ से दहल उठा। वहाँ परमेश्वर के लोग उसकी उपस्थिति में भय से थरथराने लगे (इब्रानियों 12:18-21)। परन्तु यीशु के पीछे चलने में धीरज रखनेवालों के लिए परमेश्वर की उपस्थिति की पवित्र मीरास यह नहीं है। हमारी मीरास आनन्दमय आराधना का स्थान है। वह सीनै पहाड़ नहीं, बल्कि सिय्योन पहाड़ है। यह वह स्वर्गीय नगर है जो स्वर्गदूतों और पवित्र लोगों से भरा है, जो यीशु की स्तुति करते और उसकी महिमा का आनन्द लेते हैं (इब्रानियों 12:22-23)। यह एक न हिलनेवाला राज्य है, जो इस संसार के उन अस्थायी आनन्दों के समान नहीं जिनका ढह जाना निश्चित है। सबसे बढ़कर, हमारी पवित्र मीरास स्वयं परमेश्वर है। वही हमारे धीरज का प्रतिफल होगा (इब्रानियों 13:5)।
बुलाहट स्पष्ट है। एक कटोरा दाल के लिए अपनी पवित्र मीरास मत छोड़िए। इसके बजाय, सामर्थ्य के साथ डटे रहिए और उस अनन्त नगर की ओर दौड़ते रहिए, जैसे विश्वास में आपके सब पूर्वजों ने आपसे पहले किया है (इब्रानियों 12:12-13)। दुःख और कठिनाइयाँ हमारी पवित्र मीरास के मार्ग की बाधाएँ नहीं हैं, बल्कि परमेश्वर का वह तरीका हैं जिसके द्वारा वह हमें अपने समान बनाता और हमें हमारी पवित्र मीरास तक पहुँचने के लिए तैयार करता है।
सुसमाचार कहाँ है?
यीशु इस बात का प्रमाण है कि दुःख को धीरज से सहना महिमा और अनन्त मीरास की ओर ले जाता है। एसाव के विपरीत, यीशु ने अस्थायी सुखों के बदले परमेश्वर की प्रतिज्ञा का सौदा करने से इन्कार किया। इसके बजाय, उसने अपने पिता की ताड़ना और अपने जीवन के लिए उसकी योजना को स्वीकार किया। उसने क्रूस का दुःख सहा। फिर भी अब यीशु सब वस्तुओं का वारिस होकर परमेश्वर के दाहिने जा बैठा है (इब्रानियों 12:2-3)। उसका दुःख व्यर्थ नहीं था; उसी ने उसके अति महान किए जाने का मार्ग तैयार किया। उसी प्रकार हमारा दुःख भी व्यर्थ नहीं जाता। यह परमेश्वर की प्रेमपूर्ण ताड़ना है, जो हमें पवित्रता और आनन्द की हमारी मीरास में भागी होने के लिए तैयार करती है।
इस पवित्रता की खोज में इब्रानियों का लेखक हमसे कहता है कि हम “छावनी के बाहर” यीशु के पास जाएँ। यही वह स्थान है जहाँ यीशु ने दुःख उठाया—नगर की शहरपनाह के बाहर, मनुष्यों द्वारा ठुकराया गया परन्तु परमेश्वर द्वारा ग्रहण किया गया (इब्रानियों 13:13)। वहीं, अपने दुःख में, हम यीशु से उसके दुःख में मिलते हैं। क्योंकि केवल हमारे पिता की ताड़ना ही हमें हमारी मीरास के लिए तैयार नहीं करती, बल्कि मुख्य रूप से यीशु का लहू है जो हमें हमारे पापों से शुद्ध करता है और हमें उसके साथ अपनी मीरास में प्रवेश करने के लिए तैयार करता है। इसके अतिरिक्त, जब हम यीशु को नगर की शहरपनाह के बाहर दुःख उठाते देखते हैं, तो हम जान लेते हैं कि हम अपने दुःख में अकेले नहीं हैं। हम सन्तुष्ट रह सकते हैं, यह जानते हुए कि जिसकी हमें सबसे अधिक आवश्यकता और लालसा है, वह हमारे पास है—हमारे साथ परमेश्वर की उपस्थिति (इब्रानियों 13:5,6)।
आश्चर्य की बात है कि यह एक ऐसा विशेषाधिकार है जो पुराने नियम के महायाजकों को कभी प्राप्त न हो सका। वे परमपवित्र स्थान में सेवा करते थे, जो पृथ्वी पर परमेश्वर की उपस्थिति का केन्द्र था। फिर भी, यीशु में हमें उसकी उपस्थिति का और भी घनिष्ठ अनुभव दिया गया है। याजकों को भले ही मन्दिर के स्थानों में बलिदान चढ़ाने और उनमें से खाने की अनुमति रही हो (इब्रानियों 13:10-11), परन्तु अब, यीशु के द्वारा, हम और भी अधिक पवित्र स्थान पर जाते हैं—उसके बलिदान के स्थान पर, जिसमें से खाने का सौभाग्य हमें मिलता है। हम यीशु के साथ ऐसी सहभागिता का अनुभव करते हैं जिसे याजकों ने कभी नहीं जाना। अपने ही दुःख में हमें नगर की शहरपनाह के बाहर यीशु के पास जाने और उसके संग रहने का सौभाग्य मिलता है, और हम अपनी मीरास के लिए धीरज धरते हैं। यीशु हमारी परीक्षाओं में हमसे दूर नहीं है। वह उनमें हमारे साथ है, हमें अपनी पवित्र समानता में ढालता है और हमारी मीरास को निश्चित करता है।
जैसा इब्रानियों का लेखक कहता है, परमेश्वर आकाश और पृथ्वी को हिला रहा है, ताकि जो अस्थायी है वह प्रकट हो जाए और जो अनन्त है वह बना रहे। संसार ढह जाएगा, परन्तु हमारी मीरास सुरक्षित है (इब्रानियों 13:14)। यीशु ने सबसे भयंकर हिलाहट—क्रूस पर मृत्यु—को सह लिया, ताकि वह एक न हिलनेवाला राज्य स्थापित कर सके (इब्रानियों 13:20-21)। और अब वह हमें ऐसे जीवन में बुलाता है जहाँ दुःख पवित्रता की ओर ले जाता है और हमें सदा के लिए परमेश्वर के साथ निवास करने के लिए तैयार करता है।
स्वयं देखिए
मेरी प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो प्रेम से अपनी सन्तानों की ताड़ना करता है। और आप यीशु को उस व्यक्ति के रूप में देखें जिसने आपकी पवित्रता और मीरास को निश्चित करने के लिए दुःख सहा।

