क्या हो रहा है?
नीतिवचन की पुस्तक इस्राएल के राजा के नेतृत्व और बुद्धि के बारे में बहुत कुछ कहती है (नीतिवचन 29:4)। पर सुलैमान की बुद्धि हम सब पर समान रूप से लागू होती है, चाहे हम किसी सरकार की अगुवाई करें, किसी परिवार की, या रात की पाली की। वह हमें याद दिलाता है कि अगुवों को विशेष रूप से नम्रता और बुद्धि दोनों की आवश्यकता होती है (नीतिवचन 8:15-17)। सबसे ऊपरी मंज़िल पर कोने वाले दफ़्तर में बैठना, अपने बच्चों से चार फुट ऊँचा होना, या “सुपरवाइज़र” का पद धारण करना अगुवों को धोखे में डाल सकता है कि वे स्वयं को उससे अधिक समझने लगें जितना उन्हें समझना चाहिए।
अगुवों को याद रखना चाहिए कि वे अब भी परमेश्वर के अधीन हैं और उसके प्रति उत्तरदायी हैं। परमेश्वर पल भर में उनकी दशा बदल सकता है (नीतिवचन 21:1)। अच्छे अगुवे मुख्य रूप से लाभ, राजनीतिक शक्ति, व्यावहारिकता या “क्योंकि मेरे माता-पिता भी यही करते थे” से प्रेरित नहीं होते। वे परमेश्वर की बुद्धि से शासन करते हैं (नीतिवचन 8:15-16)। किसी और तरीके से शासन करना विनाश, गृहयुद्ध, संस्थाओं में अविश्वास और बिखरे हुए पारिवारिक ढाँचों को न्योता देना है (नीतिवचन 28:2)।
बुद्धिमानी से अगुवाई करना केवल नम्रता और बुद्धि के सिद्धांतों के प्रति समर्पण नहीं है। इसका अर्थ है स्वयं को और अपनी देखरेख में रहनेवालों को परमेश्वर से प्रेम करने और उसकी आज्ञाओं को मानने की ओर ले चलना। और अधिक स्पष्ट कहें तो, इसका अर्थ है कंगालों की चिन्ता करना और न्याय के पक्ष में आवाज़ उठाना (नीतिवचन 29:14, 31:8-9)। बुद्धि की खोज के साथ-साथ, नीतिवचन अगुवों पर कंगालों की रक्षा करने और न्याय करने का एक भारी और अनोखा दायित्व डालता है (नीतिवचन 20:26, 29:14)।
सुसमाचार कहाँ है?
सुलैमान के पिता दाऊद से परमेश्वर ने प्रतिज्ञा की थी कि उसके पुत्रों में से एक ऐसे राज्य की अगुवाई करेगा जो सदा तक बना रहेगा (2 शमूएल 7:12-13)। दाऊद को आशा थी कि वह सुलैमान होगा, पर वह नहीं था। सुलैमान को आशा थी कि वह उसका पुत्र होगा, पर वह भी नहीं था। यद्यपि सुलैमान उस राजा की पहचान नहीं जानता था, फिर भी वह जानता था कि सदा तक राज्य करनेवाला राजा किस प्रकार का होगा। नीतिवचन 29:14 कहता है, “जो राजा कंगालों का न्याय सच्चाई से करता है, उसकी गद्दी सदैव स्थिर रहती है।” नीतिवचन 29:4 भविष्यद्वाणी करता है कि “राजा न्याय से देश को स्थिर करता है।”
जिस पुत्र की प्रतिज्ञा परमेश्वर ने दाऊद से की थी, वह यीशु है। वह दाऊद का वंशज भी था और उसी प्रकार का राजा भी जैसा सुलैमान चाहता था कि उसका पुत्र बने। यीशु अपनी सेवकाई का आरम्भ यह घोषणा करते हुए करता है, “प्रभु का आत्मा मुझ पर है, इसलिए कि उसने कंगालों को सुसमाचार सुनाने के लिये मेरा अभिषेक किया है... और कुचले हुओं को छुड़ाऊँ, और प्रभु के प्रसन्न रहने के वर्ष का प्रचार करूँ” (लूका 4:18-19)। यीशु ही नीतिवचन का बुद्धिमान राजा और अगुवा है।
यदि आप कंगाल हैं, सताए गए हैं, या अपने राज्य या देश के द्वारा हाशिए पर धकेल दिए गए हैं, तो यह आपके लिए शुभ समाचार है। यीशु आपका राजा है और वह आपकी ओर से भ्रष्टता और बुराई के विरुद्ध युद्ध करने जा रहा है (नीतिवचन 20:8)। वह मृत्यु की बुरी सड़न से भी लड़ता है (प्रेरितों के काम 13:34-35)।
दाऊद और सुलैमान के विपरीत, जो सड़ गए और मिट्टी में मिल गए, यीशु अब भी बिना सड़े और बिना गले अपने सिंहासन पर राज्य करता है (प्रेरितों के काम 13:36)।
और यह हम में से उन लोगों के लिए भी शुभ समाचार है जो अगुवे हैं, क्योंकि अन्ततः किसी भी कमरे में सबसे सामर्थी व्यक्ति हम कभी नहीं होते, यीशु होता है (नीतिवचन 25:2-3)। जब हम यीशु की सामर्थ्य पर भरोसा करते हैं, तो यह न केवल हमें नेतृत्व के बोझ और भारीपन से मुक्त करता है, बल्कि हमें अपने विशेषाधिकारों, शक्तियों, अधिकारों और मुनाफ़े का बलिदान करने का साहस भी देता है। जब हम यीशु के समान बलिदानी भाव से अगुवाई करते हैं, तो हम निश्चिन्त हो सकते हैं कि हमारे परिवार, दफ़्तर और विवाह परमेश्वर के निरन्तर बढ़ते हुए राज्य में सम्मिलित होंगे और उसकी कभी न समाप्त होनेवाली दया का अनुभव करेंगे।
स्वयं देखिए
पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो सब राजाओं पर शासन करता है। और आप यीशु को देखें, जो सिंहासन पर विराजमान होकर सताए हुओं को न्याय और अगुवाई करनेवालों को अनुग्रह प्रदान करता है।

