क्या हो रहा है?
प्रेरितों के काम की पुस्तक लूका रचित सुसमाचार का अगला भाग है और दोनों एक ही लेखक ने लिखी हैं। लूका वहीं से आगे बढ़ता है जहाँ उसने छोड़ा था। वह बताता है कि यीशु ने 40 दिन तक अपने चेलों के साथ रहकर परमेश्वर के राज्य की बातें कीं (प्रेरितों के काम 1:3)।
याद रखिए, इस्राएल सदियों से एक बँटा हुआ राज्य था। वे अब भी इस बात की प्रतीक्षा कर रहे थे कि परमेश्वर उनके राज्य के विषय में की गई अपनी प्रतिज्ञाएँ पूरी करे।
राज्य की इन सब बातों को सुनकर चेले पूछते हैं कि क्या इस्राएल अब एक सांसारिक राज्य के रूप में पुनःस्थापित होने वाला है (प्रेरितों के काम 1:6)। परन्तु यीशु उत्तर देता है कि राज्य कब पुनःस्थापित होगा, यह जानना उनका काम नहीं है (प्रेरितों के काम 1:7)। उस पुनःस्थापना के लिए चेलों को यरूशलेम में प्रतीक्षा करनी थी।
पवित्र आत्मा का आना ही वह क्षण होगा। तब चेलों का रूपान्तर होगा और वे इस नए राज्य के लिए यरूशलेम, यहूदिया और सामरिया में, और पृथ्वी की छोर तक यीशु के गवाह बनेंगे (प्रेरितों के काम 1:8)।
यह पद पूरी पुस्तक की विषय-सूची के समान है, जो सुसमाचार के फैलने का क्रम दिखाता है। यह पद यह प्रतिज्ञा भी देता है कि यीशु पवित्र आत्मा को भेजेगा, जो परमेश्वर की उन प्रतिज्ञाओं को पूरा करेगा कि वह अपने राज्य को पुनःस्थापित करेगा और अपने लोगों का उद्धार करेगा।
प्रेरितों के काम अध्याय 2 में पिन्तेकुस्त के दिन ठीक यही होता है। आकाश के नीचे की हर एक जाति से आए यहूदी और यहूदी मत धारण करनेवाले लोग यरूशलेम में इकट्ठे हैं, और वे सब अलग-अलग भाषाएँ बोलते हैं (प्रेरितों के काम 2:5)। यह हमें उत्पत्ति में बताए गए बाबेल के गुम्मट की याद दिलाता है (उत्पत्ति 11:1)। वहाँ सारी जातियाँ अपना ही राज्य बनाने का प्रयास करने के लिए इकट्ठी हुई थीं, परन्तु वे अलग-अलग भाषाओं के साथ सारी पृथ्वी पर तितर-बितर हो गईं (उत्पत्ति 11:9)।
अचानक पवित्र आत्मा प्रेरितों पर आता है और उन्हें सामर्थ्य देता है कि वे चमत्कारिक रूप से एक ही समय में कई भाषाओं में परमेश्वर के बड़े-बड़े कामों की चर्चा करें (प्रेरितों के काम 2:11)। पतरस यीशु को इस्राएल के सच्चे राजा के रूप में प्रचार करता है (प्रेरितों के काम 2:30)। यीशु किसी सांसारिक सिंहासन पर बैठकर किसी सांसारिक राज्य पर राज्य नहीं करता। वह एक नया राज्य लाकर पुराने नियम की सारी प्रतिज्ञाओं को पूरा कर रहा है, और उस राज्य पर अपने स्वर्गीय सिंहासन से राज्य करता है (प्रेरितों के काम 2:33)।
जब भीड़ के लोग यीशु के विषय में यह सुसमाचार सुनते हैं कि वह क्रूस पर मरा और मरे हुओं में से जी उठा है, तो वे जान लेते हैं कि यीशु ही राजा दाऊद का वह प्रतिज्ञा किया हुआ वंशज है, जो परमेश्वर के पुनःस्थापित राज्य का आरम्भ करेगा (प्रेरितों के काम 2:36)। और अब, जब पवित्र आत्मा सामर्थ्य के साथ आ गया है, कोई भी इस बात का इन्कार नहीं कर सकता कि ये वही अन्त के दिन हैं जिनके विषय में सब भविष्यद्वक्ताओं ने कहा था (प्रेरितों के काम 2:17)।
यह समाचार सुनकर हजारों यहूदी मन फिराते हैं, यीशु के नाम से बपतिस्मा लेते हैं, और पवित्र आत्मा का दान भी पाते हैं (प्रेरितों के काम 2:38)।
सुसमाचार कहाँ है?
यीशु की मृत्यु, पुनरुत्थान और स्वर्गारोहण ने एक ऐसी क्रान्ति का आरम्भ किया, जो सब जातियों, सब सरकारों और सत्ता के अन्य सब रूपों पर छाती जा रही है (प्रेरितों के काम 2:34)।
यह शुभ समाचार है, क्योंकि इस्राएल के समान हम भी एक बँटे हुए राज्य में रहते हैं। हमारे संसार के राज्य ने स्वयं को परमेश्वर के राज्य के विरोध में खड़ा कर लिया है। परन्तु यदि हम पृथ्वी के राज्य के प्रति अपनी निष्ठा त्याग दें और राजा यीशु के प्रति स्वयं को समर्पित कर दें, तो हम परमेश्वर के राज्य में सम्मिलित हो जाएँगे (प्रेरितों के काम 2:21)।
जब हम परमेश्वर के राज्य में सम्मिलित होते हैं, तो दो बातें होती हैं: हमारे पाप क्षमा किए जाते हैं और हम पवित्र आत्मा पाते हैं (प्रेरितों के काम 2:38)। हम परमेश्वर के राज्य की चौकियाँ बन जाते हैं।
बाबेल ने अलगाव और गड़बड़ी के राज्य और सिंहासन उत्पन्न किए। परमेश्वर के राज्य का स्वर्गीय सिंहासन एकता और शान्ति लाता है।
परमेश्वर के राज्य में हमारा नया स्थान अब हमें विवश करता है कि हम सारे संसार में जाएँ और जहाँ फूट थी, वहाँ एकता लाएँ। जो टुकड़े-टुकड़े हो गया था, परमेश्वर का राज्य उसे लेकर एक कर रहा है।
स्वयं देखिए
मेरी प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो अपनी हर प्रतिज्ञा को सच्चाई से पूरा करता है। और आप यीशु को उस अन्तिम प्रतिज्ञा किए हुए राजा के रूप में देखें, जो सब जातियों को अपने राज्य में प्रवेश करने का निमन्त्रण देता है।

