क्या हो रहा है?
पूरी प्रेरितों के काम की पुस्तक में विरोध बार-बार सामने आता है। यहूदी, स्थानीय शासन के अधिकारी, दूसरे धर्मों के लोग और आम लोग, सब सुसमाचार का विरोध करते हैं (प्रेरितों के काम 17:5, 8, 32; 16:19)। पर सबसे बड़ी परीक्षा अभी पौलुस के सामने है। वह सीधे विरोध के केंद्र यरूशलेम में और फिर रोम जाना चाहता है (प्रेरितों के काम 19:21)।
पर रोम और यरूशलेम के बाहरी विरोध का सामना करने से पहले, पौलुस को स्वयं यीशु के आन्दोलन के भीतर के विरोध का सामना करना है (प्रेरितों के काम 18:22-23)।
एक के बाद एक आनेवाली दो घटनाओं में हम अपुल्लोस नामक एक व्यक्ति और ऐसे 12 चेलों के बारे में पढ़ते हैं जो केवल यूहन्ना बपतिस्मा देनेवाले का बपतिस्मा ही जानते थे (प्रेरितों के काम 18:24-25; 19:3)। यूहन्ना का बपतिस्मा तैयारी और प्रतीक्षा का बपतिस्मा था (प्रेरितों के काम 19:4), पर अब यीशु के लाए हुए राज्य में वह प्रतीक्षा पूरी हो चुकी है। और जैसे-जैसे राज्य फैलता है, विरोध भी पीछे-पीछे आता है।
इफिसुस, जो जादू-टोने और मूर्तिपूजा में डूबा हुआ नगर था, वहाँ तीन महीने तक उपदेश देने के बाद पौलुस यहूदियों से हटकर सब प्रकार के लोगों की ओर ध्यान देता है (प्रेरितों के काम 19:9)। परमेश्वर पौलुस के द्वारा ऐसे अनोखे सामर्थ्य के काम करता है जो इफिसियों के जीने का ढंग ही उलट देते हैं (प्रेरितों के काम 19:11)। वे मूर्तियों की पूजा करना छोड़ देते हैं, जादू-टोना करना बंद कर देते हैं, और जादू की अपनी कीमती पुस्तकें सबके सामने जला देते हैं (प्रेरितों के काम 19:19)।
इससे भारी बलवा हो जाता है, जिसे वे लोग भड़काते हैं जिनका मूर्तियाँ बनाने का कारोबार पौलुस के उपदेश के कारण घाटे में जा रहा था (प्रेरितों के काम 19:26-27)। एक बड़ी भीड़ पौलुस के साथियों को पकड़कर रंगशाला में घसीट ले जाती है और लगातार दो घंटे तक अपनी देवी अरतिमिस की जयजयकार करती रहती है (प्रेरितों के काम 19:34)।
सुसमाचार के विरुद्ध विरोध अपनी चरम सीमा पर उस विदाई-भाषण में पहुँचता है जो पौलुस इफिसुस की कलीसिया के प्राचीनों को देता है (प्रेरितों के काम 20:17)। इस भाषण में पौलुस कहता है कि वह यरूशलेम जा रहा है, और पवित्र आत्मा ने उसे लगभग निश्चित रूप से बता दिया है कि वहाँ पहुँचते ही वह बन्दी बनाया जाएगा और सताया जाएगा (प्रेरितों के काम 20:23)। फिर भी पौलुस हियाव के साथ जाता है।
इसमें सुसमाचार कहाँ है?
यीशु प्रतिज्ञा करता है कि उसकी कलीसिया सताई जाएगी, क्योंकि उसे भी सताया गया (यूहन्ना 15:20)। पौलुस कहता है कि यीशु के दुःखों में सहभागी होना शुभ समाचार है, क्योंकि यह इस बात की पुष्टि करता है कि आप उसके पुनरुत्थान में भी सहभागी होंगे (फिलिप्पियों 3:10)।
यीशु यह भी कहता है कि उसका राज्य राई के उस सबसे छोटे दाने के समान है, जो बोए जाने पर बारी के सब पौधों से बड़ा हो जाता है (मत्ती 13:32)। जब पौलुस और उसका छोटा-सा आन्दोलन एक नगर के बाद दूसरे नगर में सताया जाता है, तब भी हमें लगातार यह समाचार मिलता है कि कलीसिया बढ़ रही है (प्रेरितों के काम 19:20)। सताव इस बात का पक्का प्रमाण बन जाता है कि परमेश्वर उनके साथ है; यही वह मार्ग है जिससे परमेश्वर कलीसिया को बढ़ाता है।
इससे हमें अचम्भा नहीं होना चाहिए। यह विचार कि अत्याचार से बढ़ोतरी होती है, सुसमाचार के केंद्र में ही पाया जाता है। यीशु पर यहाँ तक अत्याचार किया गया कि वह मर गया। पर जब उसकी देह का बीज भूमि में बोया गया, तो वह जी उठा, ताकि मृत्यु से उद्धार पाए हुए लोगों की बड़ी फसल उत्पन्न करे (यूहन्ना 12:24)।
अन्ततः, इस खंड का शुभ समाचार यह है कि न तो कोई धार्मिक आपसी झगड़ा या विरोध, न कोई सामाजिक अधिकार या आन्दोलन, न कोई दुष्टात्मिक शक्ति या गढ़, उस राज्य के मार्ग में खड़ा हो सकता है जिसे यीशु बना रहा है। यीशु की मृत्यु और पुनरुत्थान यह प्रमाणित करते हैं कि चाहे हम किसी भी प्रकार का दुःख उठा रहे हों, परमेश्वर उसमें से भलाई उत्पन्न कर रहा है और कर सकता है।
स्वयं देखिए
मेरी प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जिसे कितना भी विरोध पराजित नहीं कर सकता। और आप यीशु को उस जन के रूप में देखें जो अपनी मृत्यु और पुनरुत्थान के द्वारा सताव को विजय में बदल देता है।

