क्या हो रहा है?
दुल्हन अपने बिछौने पर है, और शायद किसी स्वप्न से जाग रही है। वह उस ओर देखती है जहाँ उसके प्रियतम को सोना चाहिए था, पर पाती है कि वह वहाँ नहीं है (श्रेष्ठगीत 3:1)।
वह तुरन्त बिछौने से उछलकर उठती है, घर से बाहर दौड़ पड़ती है, और नगर की सड़कों पर व्याकुल होकर उसे ढूँढ़ने लगती है (श्रेष्ठगीत 3:2)। पर दो बार हम यह निराश कर देनेवाली पंक्ति सुनते हैं, “मैंने उसे ढूँढ़ा, पर न पाया।”
वह पहरुओं के पास जाती है, जो नगर के रखवाले हैं और जिनका काम यह देखना है कि कौन सड़कों पर घूम रहा है और कौन भीतर-बाहर आ-जा रहा है (श्रेष्ठगीत 3:3)। पर वे उसकी कोई सहायता नहीं कर पाते। वह उन्हें पीछे छोड़कर आगे बढ़ती है और अन्त में अपने दूल्हे को पा लेती है (श्रेष्ठगीत 3:4क)। वह उसे पकड़ लेती है और तब तक नहीं छोड़ती जब तक वे दोनों फिर से एक साथ बिछौने पर नहीं आ जाते (श्रेष्ठगीत 3:4ख)।
जैसा गीत में पहले भी हुआ था, प्रेम की चरम घड़ी में दुल्हन अपनी अविवाहित सहेलियों की ओर मुड़ती है और उन्हें चेतावनी देती है कि जब तक उनका भी विवाह न हो जाए, वे स्वयं को शारीरिक घनिष्ठता के हवाले न करें (श्रेष्ठगीत 3:5)।
और इसके बाद जो गीत हम सुनते हैं, वह दुल्हन के विवाह के विषय में है (श्रेष्ठगीत 3:11)।
विवाह के जुलूस में आते हुए अपने पति की तुलना वह इस्राएल के सबसे महान राजा सुलैमान की सबसे भव्य सेना से करती है (श्रेष्ठगीत 3:7)। दूल्हा उस सुलैमान के समान है जो सबसे बहुमूल्य सामग्री से बनी पालकी में सवार होकर आता है (श्रेष्ठगीत 3:9-10)।
फिर, मानो ये उसकी विवाह-प्रतिज्ञाएँ हों, दूल्हा अपनी दुल्हन की सुन्दरता का भाव-विभोर होकर बखान करता है (श्रेष्ठगीत 4:1क)। वह सिर से पाँव तक उसकी सुन्दरता की प्रशंसा करता है (श्रेष्ठगीत 4:1ख)। अन्त में वह कहता है कि वह पूरी तरह सुन्दर है और उसमें एक भी दोष नहीं (श्रेष्ठगीत 4:7)।
गीत अपने चरम पर तब पहुँचता है जब पति और पत्नी दोनों एक-दूसरे को अपने विवाह को पूर्ण करने के लिए आमंत्रित करते हैं (श्रेष्ठगीत 4:16)।
सुसमाचार कहाँ है?
रात के समय अपने अनुपस्थित पति के लिए दुल्हन की व्याकुल खोज इस बात का चित्र है कि जब हमारे सबसे प्रिय जन हमसे दूर होते हैं, तो हमारा मन कैसा अनुभव करता है। हम उन्हें ढूँढ़ निकालने और फिर से उनके साथ होने के लिए कुछ भी कर गुज़रेंगे।
कुछ आश्चर्य की बात है कि यरूशलेम में भीड़ से अपनी पहचान और अपने अधिकार के विषय में बात करते हुए यीशु मानो दुल्हन के ही शब्द दोहराता है। वह कहता है, “तुम मुझे ढूँढ़ोगे, परन्तु नहीं पाओगे” (यूहन्ना 7:34)। वह इस बारे में बात कर रहा है कि अपने पुनरुत्थान के बाद वह वापस स्वर्ग पर चढ़ जाएगा और उसके चेले उसकी कमी महसूस करेंगे (यूहन्ना 7:33)।
सड़कों पर भटकती उस दुल्हन के समान, हम भी यीशु के लौटने की लालसा और प्रतीक्षा कर रहे हैं (मत्ती 25:6)।
परन्तु यीशु हमारे लिए वह करता है जो दुल्हन के पति ने नहीं किया। वह हमें पवित्र आत्मा में परमेश्वर की उपस्थिति देता है (यूहन्ना 16:7)। जैसे दुल्हन दूल्हे को थामे रहती है, वैसे ही पवित्र आत्मा हमें तब तक थामे रहता है जब तक वह हमें घर पहुँचाकर हमारे दूल्हे यीशु के साथ नहीं कर देता (इफिसियों 1:13-14)।
यीशु सुलैमान या किसी भी राजा से कहीं अधिक महिमा के साथ लौटेगा (मत्ती 12:42)।
उसका लौटना विवाह के दिन के समान होगा (प्रकाशितवाक्य 21:2)। वह दूल्हा होगा और हम दुल्हन होंगे (प्रकाशितवाक्य 19:7)। यीशु हमें सिर से पाँव तक, हृदय और प्राण तक देखेगा, और हममें कोई दोष न पाएगा (प्रकाशितवाक्य 19:8)। हम अपने बनाए हुए विवाह-वस्त्र में नहीं, बल्कि स्वयं यीशु की सुन्दरता और भलाई से सजे होंगे, जिसने क्रूस पर अपनी मृत्यु के द्वारा हमारे निष्कलंक वस्त्र का मूल्य चुकाया (इफिसियों 5:25-26)।
स्वयं देखिए
मेरी प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो अपनी खोजती हुई दुल्हन के पास आता है; और आप यीशु को उस आनेवाले दूल्हे के रूप में देखें जिसने हमें पूरी तरह सुन्दर बना दिया है।

