क्या हो रहा है?
परमेश्वर ने इस्राएल के लोगों को इसलिए नहीं चुना कि वे भले थे, धर्मी थे या उनमें बहुत विश्वास था (9:4)। उन्हें प्रतिज्ञा का देश उनकी अपनी भलाई के कारण नहीं मिल रहा है। फिर भी परमेश्वर के इस्राएल को कनान में भेजकर वहाँ के निवासियों को निकालने के दो कारण हैं: 1. वहाँ के निवासी दुष्ट हैं, और 2. परमेश्वर ने उनके पूर्वज अब्राहम से प्रतिज्ञा की थी (9:5)। इस्राएल के चुने जाने का कारण परमेश्वर का न्याय और उसकी विश्वासयोग्यता है, न कि उनकी अपनी भलाई।
लोगों को यह समझाने के लिए कि वे वास्तव में कितने पापी हैं, मूसा निर्गमन में से सोने के बछड़े की घटना फिर से सुनाता है (9:16)। उन्होंने एकमात्र सच्चे परमेश्वर की उपस्थिति में ही एक झूठा देवता बना लिया। वे इतने पापी हैं।
और फिर भी परमेश्वर उन्हें प्रतिज्ञा के देश में ले जा रहा है। वह इतना विश्वासयोग्य है।
फिर परमेश्वर लोगों को, उनके इतने पापी होने को ध्यान में रखते हुए, एक काम करने की आज्ञा देता है। वह उनसे कहता है कि अपने हृदय की खलड़ी का खतना करो (10:16)। खतना अब्राहम के साथ परमेश्वर की वाचा का चिन्ह था। किसी पुरुष का खतना होने का अर्थ यह था कि वह उस वंश का भाग है जिसे आशीष देने की प्रतिज्ञा परमेश्वर ने की थी (उत्पत्ति 17:10)।
परन्तु यद्यपि वे शरीर के अनुसार परमेश्वर की वाचा की प्रजा का भाग थे, फिर भी अपने हृदय के अनुसार वे वैसा आचरण नहीं कर रहे थे।
इसलिए परमेश्वर पुरुषों और स्त्रियों दोनों को एक गहरी भिन्नता प्रकट करने के लिए बुलाता है: कि वे अपने हृदय में से हठ को काट डालें और उससे पूरी रीति से प्रेम करके उसकी वाचा की प्रजा के समान आचरण करें (6:5)।
परन्तु कोई अपने हृदय का खतना कैसे करे? मूसा कहता है कि व्यवस्थाविवरण के वचनों पर मनन करने के द्वारा (11:18)। परमेश्वर के उद्धार, परमेश्वर के न्याय और परमेश्वर की आज्ञाओं को स्मरण करने से हृदय में से हठ कट जाना चाहिए।
फिर भी, इस्राएल अपने हृदय का खतना नहीं कर सका। वास्तव में, मिस्र से उनके छुटकारे और प्रतिज्ञा के देश पर उनके अधिकार के समान, यह भी केवल परमेश्वर ही कर सकता है (29:4)।
सुसमाचार कहाँ है?
जैसे इस्राएल के साथ था, वैसे ही यीशु भी हमें इसलिए नहीं बचाता कि हम भले, धर्मी या योग्य हैं। हम भी उन कुड़कुड़ानेवाले, हठीले इस्राएलियों के समान ही हैं। हम परमेश्वर के सामने ही झूठे देवताओं की उपासना करते हैं। हमें बचाया नहीं जाना चाहिए था। फिर भी यीशु हमें बचाता है।
इसके अतिरिक्त, यीशु आत्मा को भेजता है कि वह हमारे भीतर काम करके हमारे हृदय का खतना करे, और वह हमें नए हृदय देता है जो उसकी आज्ञा मानने के योग्य हैं (रोमियों 2:29)। एक मसीही होने के नाते जब भी आप आज्ञा तोड़ने के बजाय आज्ञा मानते हैं, तो वह पवित्र आत्मा का काम है।
जिस प्रकार हम अपनी धार्मिकता के कारण नहीं बचाए गए, उसी प्रकार हम अपनी धार्मिकता के बल पर भले काम भी नहीं करते (गलातियों 3:3)। हमारा आरम्भिक उद्धार और हमारा निरन्तर पवित्रीकरण, दोनों ही अनुग्रह के काम हैं। और अनुग्रह से मिले ये नए हृदय हमें उन सब भले कामों में चलाते हैं जिन्हें परमेश्वर ने हमारे लिए पहले से तैयार किया है (इफिसियों 2:10)।
तो हम इस भीतरी काम में पवित्र आत्मा के साथ कैसे सहभागी हों? हम वही करें जो मूसा ने इस्राएलियों से करने को कहा था: स्मरण करें। अपना मन परमेश्वर के अन्तिम वचन, यीशु पर लगाएँ (कुलुस्सियों 3:2)। इस पर मनन करें कि उसने आपको कैसे बचाया, जबकि आप इसके योग्य नहीं थे। और जब आप ऐसा करेंगे, तो आपका हृदय ढलता जाएगा और ऐसा हृदय बनता जाएगा जो परमेश्वर से पूरी रीति से और सम्पूर्ण रूप से प्रेम करता है (2 कुरिन्थियों 3:18)।
स्वयं देखिए
मेरी प्रार्थना है कि पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो अयोग्यों को बचाता है और उन्हें करने के लिए भले काम देता है। और आप यीशु को उसी के रूप में देखें जो हमें हर भले काम के योग्य नए हृदय देता है।

