क्या हो रहा है?
यूहन्ना की तीसरी पत्री न तो कलीसियाओं के किसी समूह को लिखी गई है, न ही किसी एक कलीसिया को, बल्कि गयुस को, जिससे यूहन्ना गहरा प्रेम करता है (3 यूहन्ना 1)। गयुस एक विश्वासयोग्य मसीही है, जिसकी पहुनाई सबको मालूम है (3 यूहन्ना 3-5)। यात्रा करनेवाले मिशनरी अक्सर गयुस के घर ठहरते थे और फिर अपनी-अपनी कलीसियाओं में जाकर उसकी उदारता और प्रेम के बारे में बताते थे (3 यूहन्ना 6)। यूहन्ना चाहता है कि गयुस जो कर रहा है, उसे करता रहे। यूहन्ना के लिए मिशनरियों की पहुनाई करना इस बात की कसौटी है कि कोई परमेश्वर के राज्य में सम्मिलित है या नहीं। और गयुस जैसे लोग सहकर्मी हैं—यीशु के मिशन में अनमोल साझेदार (3 यूहन्ना 8)।
परन्तु गयुस के समुदाय में हर कोई उसके समान नम्र और पहुनाई करनेवाला नहीं है। दियुत्रिफेस पहुनाई के लिए यूहन्ना और दूसरे प्रेरितों की पुकार को सुनने से इनकार करता है (3 यूहन्ना 9)। वह उनके अधिकार से चिढ़ता है, उनके चरित्र की निन्दा करता है और उनके मिशनरियों को ग्रहण करने से इनकार करता है (3 यूहन्ना 10क)। इससे भी बुरी बात यह है कि गयुस की कलीसिया में दियुत्रिफेस के पास कुछ हद तक अधिकार भी है। जो लोग यूहन्ना के मिशनरियों की सहायता करना चाहते हैं, उन्हें वह धमकाता भी है और कलीसिया से निकाल भी देता है (3 यूहन्ना 10ख)।
यह जानते हुए कि गयुस उसकी पत्री को अपनी कलीसिया के सब लोगों को पढ़कर सुनाएगा, यूहन्ना उनसे कहता है कि वे गयुस में दिखनेवाली भलाई का अनुकरण करें और दियुत्रिफेस तथा उसके जैसे लोगों की बुराई को ठुकरा दें (3 यूहन्ना 11)। यूहन्ना अपनी तीसरी पत्री को उसी तरह समाप्त करता है जैसे उसने अपनी पिछली पत्री को किया था—इस आशा के साथ कि वह जल्द ही अपने मित्रों से आमने-सामने मिलेगा (3 यूहन्ना 13-14)।
सुसमाचार कहाँ है?
यूहन्ना ने अपनी हर एक पत्री में एक दूसरे से प्रेम करने के बारे में बात की है। यही उन लोगों की पहचान का चिह्न है जो परमेश्वर को जानते हैं (1 यूहन्ना 4:7)। और अपने भाई-बहनों से प्रेम न करना उन लोगों की पहचान का चिह्न है जो परमेश्वर को नहीं जानते (1 यूहन्ना 4:8)। मिशनरियों की पहुनाई करना इस बात की कसौटी है कि कोई परमेश्वर के राज्य में सम्मिलित है या नहीं।
जब यीशु ने पहली बार अपने चेलों को भेजा, तो कोई नगर उनकी जैसी पहुनाई करता था, उसी से यह तय होता था कि उस पर परमेश्वर की शान्ति आएगी या परमेश्वर का न्याय (मत्ती 10:13, 15)। अपने जीवन के अन्तिम दिनों के निकट यीशु ने कहा कि हम “इन छोटे से छोटों” की पहुनाई करते हैं या नहीं, इससे हमारी अनन्त नियति का पता चलता है (मत्ती 25:45-46)। ऐसा इसलिए है क्योंकि पहुनाई केवल दूसरों की सेवा करना नहीं है—बल्कि स्वयं यीशु की सेवा करना है (मत्ती 25:40)। पहुनाई करना या उससे मुँह मोड़ना (विशेषकर उनकी जो यीशु के मार्ग का प्रचार करने के लिए भेजे गए हैं) इस बात को स्वीकार करना या अस्वीकार करना है कि यीशु परमेश्वर की ओर से भेजा गया था।
उचित ही है कि यीशु ने स्वयं अपनी पहुनाई के द्वारा अपने आप को प्रगट किया। उसने एक विवाह में दाखरस दिया (यूहन्ना 2:11)। उसने जंगल में भोज कराया (लूका 9:16)। वह अपनी देह और लहू को खाने के लिए भोजन के रूप में देता है (मत्ती 26:26-28)। और जब उसने अन्ततः अपने चेलों को यह विश्वास दिलाया कि वह मरे हुओं में से जी उठा है, तो यह एक साथ भोजन करते समय हुआ (लूका 24:35)। यीशु अपने लोगों के प्रति उदार है और उनकी पहुनाई करता है। और जब उसके लोग भी उसी प्रकार पहुनाई करते हैं, तो परमेश्वर प्रगट होता है। यीशु अपने आप को प्रगट करता है। और हम यीशु और उसके सुसमाचार के प्रचार में सहकर्मी और परमेश्वर के चुने हुए साझेदार बन जाते हैं।
दियुत्रिफेस की बुराई का अनुकरण न करें। उस न्याय को न्योता न दें जिसके विषय में यीशु चेतावनी देता है। इसके बजाय, अपने भाइयों से प्रेम करें और अपनी बहनों की पहुनाई करें, विशेषकर उनकी जो यीशु के समान सुसमाचार का प्रचार करने के लिए भेजे गए हैं।
स्वयं देखिए
पवित्र आत्मा आपकी आँखें खोले, ताकि आप उस परमेश्वर को देख सकें जो उदार है। और आप यीशु को हमारे पहुनाई करनेवाले मेज़बान के रूप में देखें, जो हमें अपनी उदारता और प्रेम के भोज में आमन्त्रित करता है।


